29 मई तक मुंबई पुलिस की हिरासत में रहेंगे मयप्पन कर्नाटक में एस आर पाटिल मंत्रीपरिषद में हुए शामिल यरवदा जेल में कैदी संख्या 16656 बने हैं संजय दत्त पाकिस्तान में स्कूल बस में आग, 17 बच्चों की मौत कश्मीर में LOC के नजदीक गोलीबारी, ब्रिगेडियर घायल दिल्ली में गर्मी से राहत नहीं, तपिश से लोग बेहाल शुक्र, बृहस्पति और बुध करेंगे अनोखा खगोलीय मिलन शुक्र, बृहस्पति और बुध करेंगे अनोखा खगोलीय मिलन बोस्टन बम धमाके पर गीत लिखने वाले रैपर को जेल काबुल में तालिबान का हमला, पांच आतंकियों की मौत
पीड़िता की हालत गंभीर, नया साल नहीं मनाएगी कांग्रेस
सिंगापुर/नई दिल्ली, एजेंसी
First Published:28-12-12 09:01 PM
Last Updated:29-12-12 08:15 AM
सिंगापुर स्थित माउंट एलिजाबेथ अस्पताल के चिकित्सक शुक्रवार को भी गैंगरेप की शिकार 23 वर्षीय युवती की जिंदगी बचाने के लिए जूझते रहे। उन्होंने कहा कि पीड़िता जीवन के लिए संघर्ष कर रही है। उसके फेफड़े और पेट में संक्रमण के अलावा मस्तिष्क में गंभीर चोट है।
इस बीच कांग्रेस ने कहा कि वह राजधानी में हुई इस जघन्य घटना के शोक में नया साल नहीं मनाएगी। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने का आश्वासन देते हुए कहा कि पीड़िता के दुख के चलते उनकी पार्टी इस साल नव वर्ष का जश्न नहीं मनाएगी।
प्रधानमंत्री व सोनिया ने 16 दिसम्बर को गैंगरेप और प्रताड़ना की शिकार बनी प्रशिक्षु फिजियोथेरेपिस्ट पर शुक्रवार को पहली बार सार्वजनिक बयान दिया। प्रधानमंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा कि मेरा आश्वासन है कि हमारी सरकार दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पीड़िता को सबसे अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
पीड़िता के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए सोनिया ने कहा कि इस दुष्कृत्य के लिए जिम्मेदार लोगों को जल्द से जल्द दंडित किया जाएगा। सोनिया ने इस घटना के बाद पहली बार अपने सार्वजनिक बयान में कहा कि हमारी कामना है कि वह स्वस्थ होकर लौटे। इस कृत्य के जिम्मेदार लोगों को जल्द से जल्द दंडित किया जाएगा।
सोनिया ने कहा कि 28 दिसम्बर का दिन नए साल के नजदीक है। आमतौर पर हम इस वक्त एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं कर रहे हैं क्योंकि हम जिंदगी की जंग लड़ रही उस युवती पर हुए क्रूर हमले से दुखी हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस घटना पर पूरे देश के साथ हमें भी आक्रोश है।
दूसरी ओर सिंगापुर के अस्पताल में पीड़िता की हालत अब भी बेहद नाजुक बनी हुई है। समाचार पत्र 'स्ट्रेट्स टाइम्स' ने अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी केल्विन लोह के हवाले से बताया कि पूर्व में दिल का दौरा पड़ने के अलावा लड़की के फेफड़े और पेट में संक्रमण है। इसके साथ-साथ उसके मस्तिष्क में भी गंभीर चोट है।
उन्होंने कहा कि मरीज इस वक्त मुश्किलों से जूझ रही है और जीवन के लिए संघर्ष कर रही है। लोह ने बताया कि चिकित्सकों की टीम गुरुवार को लड़की के यहां पहुंचने के बाद से उसके इलाज में लगी हुई है। चिकित्सक अगले कुछ दिनों में लड़की की हालत स्थिर करने के लिए हर सम्भव प्रयास कर रहे हैं।
ज्ञात हो कि 23 वर्षीय पीड़िता के साथ 16 दिसम्बर को दिल्ली में चलती बस में छह व्यक्तियों ने मिलकर गैंगरेप किया था और उसकी बुरी तरह पिटाई की थी। इस समय वह आंत, पेट और अन्य अंगों में लगे गंभीर जख्मों से जूझ रही है। उसे बुधवार रात इलाज के लिए दिल्ली से सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ हॉस्पिटल ले जाया गया।
इस घटना के विरोध में देशभर में विद्यार्थी और अन्य लोग सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं और अपराधियों को मौत की सजा देने की मांग पर अड़े हुए हैं। सभी छह आरोपी इस वक्त पुलिस गिरफ्त में हैं।
04

टिप्पणियाँ
स्थानीय ख़बरें
एन सी आर
पंजाब
उत्तराखंड
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
लाइवहिन्दुस्तान पर अन्य ख़बरें
आज का मौसम राशिफल



ई-मेल
