फोटो गैलरी

Hindi Newsसवा सौ नीतीश समर्थक विधायक दिल्ली पहुंचे

सवा सौ नीतीश समर्थक विधायक दिल्ली पहुंचे

राज्यापाल से मुलाकात के 24 घंटे से अधिक बीत जाने के बाद भी कोई संदेश नहीं मिलने के बाद जदयू, राजद और कांग्रेस के करीब सवा सौ विधायक मंगलवार को दिल्ली कूच कर गए। मंगलवार की शाम दो जत्थों में ये विधायक...

सवा सौ नीतीश समर्थक विधायक दिल्ली पहुंचे
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 10 Feb 2015 09:43 PM
ऐप पर पढ़ें

राज्यापाल से मुलाकात के 24 घंटे से अधिक बीत जाने के बाद भी कोई संदेश नहीं मिलने के बाद जदयू, राजद और कांग्रेस के करीब सवा सौ विधायक मंगलवार को दिल्ली कूच कर गए। मंगलवार की शाम दो जत्थों में ये विधायक अलग-अलग विमान से दिल्ली गए। शाम को ही ये सभी दिल्ली पहुंच गए।

बुधवार को शाम सात बजे सभी विधायक राष्ट्रपति के समक्ष बहुमत का प्रदर्शन करेंगे। राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत महागठबंधन के शीर्ष नेताओं को बुधवार को मिलने का समय दिया है। नीतीश कुमार ने कहा कि शाम में हमारी मुलाकात संभावित है।

मंगलवार की शाम महागठबंधन के विधायकों का पहला जत्था जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह के नेतृत्व में शाम पांच बजे तो दूसरा नीतीश कुमार के नेतृत्व में शाम साढ़े सात बजे रवाना हुआ। इस जत्थे में विजय कुमार चौधरी, सदानंद सिंह, जय कुमार सिंह, ललन सिंह, श्रवण कुमार, श्याम रजक, अनंत सिंह, भाई वीरेन्द्र, अजीत शर्मा, लेसी सिंह, रामधनी सिंह, आफाक आलम, दुलालचंद गोस्वामी, रामानंद यादव सहित अन्य नेता शामिल हैं।

दिल्ली रवाना होने से पहले नीतीश कुमार ने कहा कि 24 घंटे से अधिक का समय हो गया पर राज्यपाल ने निर्णय नहीं दिया। हम बाध्य होकर राष्ट्रपति से मिलने दिल्ली जा रहे हैं। बहुमत के साक्ष्यों को हमने हर तरह से प्रस्तुत किया। विधायक ने परेड किया। संविधान और संविधानिक मृल्यों की रक्षा होनी चाहिए। किसी सूरत में सरकार बनाने के लिए गलत तौर-तरीकों को अख्तियार करने का समय नहीं मिलना चाहिए। विलंब से माहौल बिगड़ता है। इसकी इजाजत नहीं दी जानी चाहिए। हम राष्ट्रपति को बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति से अवगत कराएंगे तथा हस्तक्षेप का आग्रह करेंगे।

दिल्ली जाने वाले सभी विधायकों ने कहा कि हम दिल्ली इसलिए जा रहे हैं कि राज्यपाल से अब तक न्याय नहीं मिला है। बहमुत हमारे पास है और अल्पमत की सरकार काम कर रही है। जदयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने कहा कि राज्यपाल सरकार बनाने के लिए समय नहीं दे रहे हैं। इस कारण असंतोष बढम् रहा है। पूर्व मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने कहा कि राज्यपाल अनिश्चितकालीन तक के लिए निर्णय स्थगित नहीं रख सकते हैं। यह तो तात्कालिक मामला है और इस पर तत्काल निर्णय होना चाहिए। राष्ट्रपति सर्वोच्च संस्था हैं। इसलिए हम उनके पास जा रहे हैं। 

आधा दर्जन विधायक बुधवार को जाएंगे दिल्ली
राजद विधायक दल के नेता अब्दुलवारी सिद्दीकी, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, जदयू विधायक कौशल यादव, पूर्णिमा यादव, गिरधारी यादव और जनार्दन मांझी निजी और पारिवारिक कारणों से मंगलवार की शाम दिल्ली नहीं गए। ये छह विधायक बुधवार की पहली फ्लाइट से दिल्ली रवाना होंगे। कांग्रेस के एक विधायक सपत्नीक ट्रेन से दिल्ली गए हैं। दिल्ली जाने वालों में कई विधान पार्षद भी शामिल थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें