किसानों को मदद देगी राज्य सरकारः नीतीश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को हुए ओलापात से फसलों की क्षति एवं वज्रपात से हुई मृत्यु को गंभीरता से लेते हुए आज मुख्यमंत्री सचिवालय संवाद में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने...
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को हुए ओलापात से फसलों की क्षति एवं वज्रपात से हुई मृत्यु को गंभीरता से लेते हुए आज मुख्यमंत्री सचिवालय संवाद में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि ओलापात से हुए फसल नुकसान के लिए किसानों को सहायता दी जाए।
बैठक में संबंधित विभागों के प्राथमिक मूल्यांकन पर विमर्श किया गया। कृषि उत्पादन आयुक्त विजय प्रकाश एवं प्रधान सचिव आपदा प्रबंधन व्यासजी ने मुख्यमंत्री को बताया कि शीतलहर से मसूर की फसल और ओलापात से गेहूं एवं अन्य फसलों की व्यापक क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि किसानवार विस्तृत क्षति का आकलन करें।
यह भी निर्देश दिया कि एक अप्रैल को मुख्य सचिव के स्तर पर सभी डीएम के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर जिलावार विभिन्न फसलों की किसानवार क्षति का आकलन प्राप्त किया जाए ताकि उनको सहायता देने में तेजी आए।
प्राकृतिक आपदा से विभिन्न जिलों में 20 लोगों की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग से 1.5 लाख एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से 50 हजार अर्थात कुल 2 लाख रुपये प्रति मृतक के परिवारों को मुआवजा दिया जाय।
बैठक में कृषि मंत्री विजय कुमार चौधरी, आपदा प्रबंधन मंत्री लेशी सिंह, मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह, कृषि उत्पादन आयुक्त विजय प्रकाश, प्रधान सचिव आपदा प्रबंधन व्यास जी, प्रधान सचिव कृषि सुधीर कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव धर्मेन्दर सिंह गंगवार, मुख्यमंत्री के सचिव चंचल कुमार, और अतीश चन्द्रा, निदेशक कृषि धर्मेन्दर सिंह सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।