बारिश ने उत्तर भारत को दी गर्मी से राहत
उत्तर भारत सहित देश के विभिन्न हिस्से शुक्रवार को दूसरे दिन भी मानसून से पहले की बारिश में भीगे और तपती गर्मी से राहत मिली। राजस्थान के अधिकतर जगहों पर हवा के झोंके चले और गरज के साथ बारिश हुई। कोटा...
उत्तर भारत सहित देश के विभिन्न हिस्से शुक्रवार को दूसरे दिन भी मानसून से पहले की बारिश में भीगे और तपती गर्मी से राहत मिली।
राजस्थान के अधिकतर जगहों पर हवा के झोंके चले और गरज के साथ बारिश हुई। कोटा सबसे ज्यादा गर्म रहा। वहां का तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चित्तौड़गढ़ 42 डिग्री, पिलानी 41.7 डिग्री, चुरू 41.6 डिग्री और जयपुर में तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में मानसून से पहले की यह गतिविधियां जारी रहेंगी।
उत्तराखंड में बारिश के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। पूरे राज्य में बारिश और तेज गति से हवा चली जिससे कई जगहों पर भूस्खलन हुआ।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रात में हुई बारिश ने दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत दी। यहां का अधिकतम तापामन कल के 41.4 डिग्री के मुकाबले 36.5 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि हवा में 73 प्रतिशत तक की आद्रता से लोग पसीने से परेशान रहे।
मौसम विभाग ने राजधानी में 30 जून को मानसून आने की संभावना जताई है। इसमें तीन दिनों का अन्तर आ सकता है। पंजाब और हरियाणा में भी पारा नीचे लुढ़का लेकिन उत्तर प्रदेश में वाराणसी को छोड़कर गर्मी का तांडव जारी रहा। वाराणसी में 3 मिलीमीटर बरसात हुई।