शुक्रवार, 24 मई, 2013 | 18:00 | IST
  RSS |    Site Image Loading Image Loading
 
प्रिचार्ड ने दिलाया था भारत को पहला ओलंपिक पदक
नई दिल्ली, एजेंसी
First Published:18-06-12 04:23 PM
 ई-मेल Image Loadingप्रिंट  टिप्पणियॉ: (0) अ+ अ-
ओलंपिक खेलों में भारत के लिये पहला व्यक्तिगत पदक किसने जीता था? यदि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) की मानें तो इसका जवाब नार्मन प्रिचार्ड होगा, लेकिन अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक संघों के महासंघ (आईएएएफ) ने 2004 में इस एथलीट को ब्रिटेन का करार दे दिया था।

यही वजह है कि पहलवान कसाबा जाधव को भारत की तरफ से ओलंपिक में पहला व्यक्तिगत पदक विजेता माना जाता है। जाधव ने 1952 में हेलंसिकी ओलंपिक में कुश्ती में कांस्य पदक जीता था।

उन्हें बाकायदा भारत ने आधिकारिक तौर पर ओलंपिक में खेलने के लिये भेजा था, जबकि प्रिचार्ड को पेरिस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिये नहीं भेजा गया था।

आईओसी ने अपने रिकार्ड में हालांकि प्रिचार्ड को भारत का बताया है। प्रिचार्ड ने पेरिस में एथलेटिक्स में दो रजत पदक जीते थे और आईओसी रिकार्ड के हिसाब से ये दोनों ही भारत के नाम पर दर्ज हैं।

आईएएएफ ने 2004 में एथेंस ओलंपिक के दौरान ओलंपिक हिस्ट्री पुस्तिका प्रकाशित की थी जिसमें कहा गया था कि प्रिचार्ड ने ग्रेट ब्रिटेन और आयरलैंड का प्रतिनधित्व किया था।

बहरहाल आईओसी इसे नहीं मानती है और उसके रिकार्ड में प्रिचार्ड के पुरुषों की 200 मीटर और 200 मीटर बाधा दौड़ में जीते गये रजत पदक भारत के नाम पर ही दर्ज हैं।

प्रिचार्ड का मामला हालांकि बड़ा रोचक है। उनका जन्म 23 जून 1877 को कोलकाता के अलीपुर में हुआ था। माना जाता है कि उनके माता पिता अंग्रेज थे।

प्रिचार्ड ने 1894 से 1900 तक लगातार सात साल तक बंगाल प्रांत की 100 गज की फर्राटा दौड़ जीती थी। इसके अलावा उन्होंने 440 गज और 120 गज की बाधा दौड़ में भी जीत दर्ज की थी।

प्रिचार्ड 1900 में घूमने के लिये इंग्लैंड दौरे पर गये और वहां लंदन एथलेटिक क्लब के सदस्य बन गये। उन्होंने वहां 440 गज बाधा दौड़, 100 गज और 200 गज की बाधा दौड़ जीती थी। इसके बाद उन्होंने बंगाल प्रेसीडेन्सी एसी की तरफ से ब्रिटिश एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग लिया था।

इस चैंपियनशिप के विजेता को पेरिस ओलंपिक में भाग लेने के लिये चुना जाना था। प्रिचार्ड उप विजेता रहे लेकिन उन्होंने पेरिस ओलंपिक खेलों में भाग लिया था।

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने तब उनकी राष्ट्रीयता भारतीय दर्ज की और इस तरह से उनके दो पदक भारत के नाम पर दर्ज हो गये।

प्रिचार्ड ने पांच स्पर्धाओं, 60 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर, 110 मीटर बाधा दौड़ और 200 मीटर बाधा दौड़ में भाग लिया था। उन्होंने 200 मीटर फर्राटा दौड़ में रजत पदक जीता। वह दोनों बाधा दौड़ के फाइनल में पहुंचे लेकिन 110 मीटर में उन्हें पांचवां स्थान मिला जबकि 200 मीटर बाधा दौड़ में वह रजत पदक जीतने में सफल रहे थे।

इस तरह से प्रिचार्ड ओलंपिक में पदक जीतने वाले ना सिर्फ पहले भारतीय बल्कि पहले एशियाई भी बने थे।

प्रिचार्ड 1900 से 1902 तक भारतीय फुटबाल संघ के भी सचिव रहे तथा बाद में उन्होंने हालीवुड की कुछ फिल्मों में अभिनय भी किया था। उनका 31 अक्टूबर 1929 को लास एंजिल्स में निधन हुआ था।

 
 Image Loadingई-मेल Image Loadingप्रिंट  टिप्पणियॉ: (0) अ+ अ- share  स्टोरी का मूल्याकंन
 
 
टिप्पणियाँ
 

लाइवहिन्दुस्तान पर अन्य ख़बरें

आज का मौसम राशिफल
अपना शहर चुने  
बादलसूर्यादय
सूर्यास्त
नमी
 : 7:14 AM
 : 17:48 PM
 : 70% %
अधिकतम
तापमान
21.9°
.
|
न्यूनतम
तापमान
8.5°