फोटो गैलरी

Hindi Newsचुनाव: उम्मीदवारों के नाम में सिंह की प्रमुखता

चुनाव: उम्मीदवारों के नाम में सिंह की प्रमुखता

लोकसभा चुनावों में भाग्य आजमा रहे उम्मीदवारों के नामों में सबसे ज्यादा जिस शब्द का इस्तेमाल देखा गया है, वह है सिंह। यह शब्द बड़ी राष्ट्रीय और क्षेत्रीय पार्टियों द्वारा उतारे गए कम से कम 218...

चुनाव: उम्मीदवारों के नाम में सिंह की प्रमुखता
एजेंसीTue, 15 Apr 2014 02:43 PM
ऐप पर पढ़ें

लोकसभा चुनावों में भाग्य आजमा रहे उम्मीदवारों के नामों में सबसे ज्यादा जिस शब्द का इस्तेमाल देखा गया है, वह है सिंह। यह शब्द बड़ी राष्ट्रीय और क्षेत्रीय पार्टियों द्वारा उतारे गए कम से कम 218 उम्मीदवारों के नाम का हिस्सा है।
    
बड़ी पार्टियों में, कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी ने लगभग 50 ऐसे उम्मीदवार उतारे हैं, जिनके नाम में सिंह आता है। वहीं मायावती के नेतत्व वाली बसपा ने भी 30 से ज्यादा ऐसे उम्मीदवार उतारे हैं, जिनके नामों में सिंह आता है।
    
इसके अलावा समाजवादी पार्टी ने सिंह नाम वाले 15 से ज्यादा उम्मीदवार उतारे हैं। राष्ट्रीय जनता दल, माकपा, भाकपा और राकांपा ने भी सिंह के नाम वाले 5-10 उम्मीदवार उतारे हैं।
    
मध्यनाम, उपनाम और मुख्य नाम के रूप में इस्तेमाल होने वाले शब्द कुमार का इस्तेमाल भी कई उम्मीदवारों के नामों में है। आप के उम्मीदवारों की सूची में शामिल नामों में कम से कम 42 बार कुमार शब्द का इस्तेमाल है जबकि कांग्रेस की सूची में इस शब्द से जुड़े 23 नाम और भाजपा की सूची में इस शब्द से जुड़े 15 नाम हैं।
    
अन्य उपनामों की बात करें तो यादव उपनाम काफी देखा गया है। इसके अलावा कुछ उम्मीदवारों के अंतिम नामों में खान और अली भी हैं। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों में बड़े दलों के उम्मीदवारों के नामों में अजय, संजय, अशोक, सलीम और अब्दुल आम तौर पर देखे गए हैं।
    
सिंह और कुमार शब्द 15वीं लोकसभा के सांसदों के नामों में भी आम थे। इसके अलावा लोकसभा के कई ऐसे सदस्य हैं, जिनके नामों में यादव और राम लगा है।
   
वर्तमान लोकसभा के 72 सदस्यों के नाम में सिंह और 41 सदस्यों के नाम में कुमार है। इसके अलावा 25 सदस्यों के नाम में राम और कम से कम 12 सदस्यों के नाम में यादव जुड़ा है।
   
बड़ी पार्टियों द्वारा जारी उम्मीदवारों की सूची के आकलन में पाया गया है कि बहुत से नेताओं के नाम के आगे डॉक्टर शब्द लगा है। भाजपा ने ऐसे 30 उम्मीदवार इन चुनावों में उतारे हैं। जबकि कांग्रेस के उम्मीदवारों में ऐसे 25 से ज्यादा और आप के उम्मीदवारों में ऐसे 40 से ज्यादा नाम हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें