फोटो गैलरी

Hindi Newsकहीं बाढ़ तो कहीं सूखे का संकट

कहीं बाढ़ तो कहीं सूखे का संकट

देश के कई हिस्से, सूखे और बाढ़ दोनों तरह के संकटों से समान रूप से जूझ रहे हैं। बिहार और उत्तर प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में सूखे की आशंका थी लेकिन अब इन राज्यों में बाढ़ का खतरा भी मंडराने लगा है।...

कहीं बाढ़ तो कहीं सूखे का संकट
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 23 Jul 2014 12:20 PM
ऐप पर पढ़ें

देश के कई हिस्से, सूखे और बाढ़ दोनों तरह के संकटों से समान रूप से जूझ रहे हैं। बिहार और उत्तर प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में सूखे की आशंका थी लेकिन अब इन राज्यों में बाढ़ का खतरा भी मंडराने लगा है। बिहार में एक तरफ 25 जिले सूखे की चपेट में हैं तो दूसरी ओर सारण, गोपालगंज और बगहा में नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। इससे हजारों एकड़ फसलों को नुकसान पहुंचा है। साफ है कि सूखा हो या बाढ़ दोनों हालातों में नुकसान किसानों को ही उठाना पड़ता है।

उत्तर प्रदेश

बाढ़ का संकट और गहराया 
लखनऊ। अभी दस दिन पहले यूपी में सूखे की आशंका जाहिर की जा रही थी। लेकिन अब बाढ़ का डर पैदा हो गया है। सिंचाई विभाग के अनुसार शारदा नदी पलियाकलां लखीमपुर खीरी और शारदानगर में खतरे के निशान को पार कर गई हैं। बाराबंकी के एल्गिनिब्रज और अयोध्या में घाघरा नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। गंगा नदी बुलंदशहर के नरौरा, रामगंगा मुरादाबाद और घाघरा बलिया के तुतीपार में खतरे के निशान के करीब बह रही हैं।

अनुमान है कि 23 जुलाई को सुबह आठ बजे तक घाघरा नदी बाराबंकी में एल्गिनब्रिज, अयोध्या और बलिया में तुतीपार में खतरे का निशान पार कर जाएंगी। नेपाल द्वारा पानी छोड़े जाने पर लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा, बस्ती, सीतापुर में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण पश्चिमी यूपी के बिजनौर, मुरादाबाद, बुलंदशहर में बाढ़ का खतरा बढ़ रहा है।

बिहार
25 जिले सूखे की चपेट में आए
पटना। कमजोर मानसून के कारण बिहार में सूखे की स्थिति बन गई है। 25 जिलों में बारिश सामान्य से 19 फीसदी कम हुई है। इस सीजन में पहली बार राज्य में बारिश की स्थिति सामान्य से इतनी नीचे पहुंची है। कमजोर मानसून ने किसानों के लिए चेतावनी की घंटी बजा दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को राज्य में नौ मिलीमीटर बारिश होनी थी, लेकिन यह 3.4 मिमी ही रही। बिहार में सामान्य बारिश अब तक 417.4 मिमी होनी चाहिए थी, जबकि यह आंकड़ा महज 339.1 मिमी पर सिमट गया है। यानी सामान्य से 19 फीसदी कम बरसात से बिहार जूझ रहा है।

फसल बर्बाद : बिहार के 25 जिलों में जहां सूखे की स्थिति है वहीं सरयू नदी में जलस्तर बढ़ने से सारण के कई गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है जबकि नेपाल में हुई भारी बारिश और बराज से पानी छोड़ने के गोपालगंज के 10 गांव बाढ़ से घिर गए हैं। इससे हजारों एकड़ गन्ने और मक्के की फसल बर्बाद हो गई।

अभी क्या स्थिति है
केदारनाथ हाईवे : केदारनाथ हाईवे मंगलवार को खुला रहा। यात्रा अभी रुकी है, जिस कारण कोई भी तीर्थयात्री रुद्रप्रयाग से तिलवाड़ की ओर नहीं गया।

बदरीनाथ हाईवे: बदरीनाथ हाईवे मंगलवार दोपहर में बेनाकुली और लामबगड़ में ठीक करके शुरू कर दिया गया। बुधवार से हाईवे पर यात्रा शुरू हो जाएगी। 

गंगोत्री हाईवे: तीन दिन से बंद गंगोत्री हाईवे सुक्की के पास मंगलवार सुबह 10 बजे हल्के वाहनों के लिए खुल गया है। 

यमुनोत्री हाईवे: चटक धूप खिलने के बाद मंगलवार को सुरक्षित आवाजाही शुरू हो गई है। वाडिया को छोड़कर अन्य स्थानों पर कोई खतरा नहीं है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें