फोटो गैलरी

Hindi News13 साल पुराने प्रेमी ने आगरा ले जाकर प्रेमिका को मार डाला

13 साल पुराने प्रेमी ने आगरा ले जाकर प्रेमिका को मार डाला

फरीदाबाद से अगवा हुई एक महिला की आगरा में गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद आरोपी ने उसके शव को टनल में छिपा दिया। दिल्ली पुलिस ने अपहरण एवं हत्या की इस गुत्थी को सुलझाते हुए महिला के...

13 साल पुराने प्रेमी ने आगरा ले जाकर प्रेमिका को मार डाला
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 14 Apr 2017 01:10 AM
ऐप पर पढ़ें

फरीदाबाद से अगवा हुई एक महिला की आगरा में गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद आरोपी ने उसके शव को टनल में छिपा दिया। दिल्ली पुलिस ने अपहरण एवं हत्या की इस गुत्थी को सुलझाते हुए महिला के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। 13 साल से चल रहे प्रेम प्रसंग के बाद अब आरोपी धर्मेंद्र को लग रहा था कि महिला के किसी अन्य शख्स से भी संबंध हैं। इसलिए उसने महिला की हत्या कर दी।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त चिन्मय बिस्वाल के अनुसार दक्षिण जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि फरीदाबाद से लापता हुई एक महिला की हत्या कर दी गई है। उस महिला का मायके महरौली इलाके में है। यह भी पता चला कि उस महिला के महरौली में रहने वाले एक युवक से काफी समय से अवैध संबंध थे। इस सूचना पर स्पेशल स्टॉफ की टीम ने मामले की जांच शुरु की।

पुलिस ने लापता हुई महिला रुपा (बदला हुआ नाम) की कॉल डिटेल्स खंगाली तो पता पता चला कि महरौली निवासी धर्मेंद्र से उसकी काफी बातचीत होती थी। बीते आठ अप्रैल को भी आखिरी बार उसकी धर्मेंद्र से ही बात हुई थी। इस जानकारी पर पुलिस टीम ने बीते गुरुवार को उसे साकेत इलाके से पकड़ लिया। सख्ती से पूछताछ किए जाने पर उसने रुपया की हत्या करने का गुनाह कबूल कर लिया।

पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद इसकी जानकारी आगरा एवं फरीदाबाद पुलिस को दे दी है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी से फरीदाबाद में दर्ज अपहरण एवं आगरा में दर्ज हत्या के मामले को सुलझाने का दावा किया है।

महिला उससे दूरियां बनाने लगी थी

धर्मेंद्र ने पुलिस को बताया कि रुपा से उसके 13 साल पहले से संबंध थे। दोनों की शादी अलग-अलग जगहों पर होने के बावजूद उनके बीच अवैध संबंध जारी थे। लेकिन अब धर्मेंद्र को शक होने लगा था कि रुपा उससे दूरियां बना रही हैं। इतना ही नहीं उसे लगता था कि किसी अन्य शख्स से भी उसके संबंध हैं। इसी बात से गुस्सा होकर उसने रुपा की हत्या के लिए साजिश रची।

आगरा ले जाकर की हत्या

बीते आठ अप्रैल को वह उसे घुमाने के बहाने कार में आगरा ले गया। रास्ते में दोनों ने जमकर शराब पी। उसे जब लगा कि रुपा काफी नशे में हो गई है तो उसने आगरा स्थित एक टनल में गाड़ी को लघुशंका के बहाने रोका। महिला जब कार से उतरी तो उसने चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद धर्मेंद्र ने उसके शव और चाकू को वहां फेंक दिया और कार में सवार होकर वापस दिल्ली आ गया।

शव मिलने की हुई पुष्टि

इस जानकारी पर पुलिस टीम ने आगरा जाकर जानकारी जुटाई। पता चला कि वहां बीते 9 अप्रैल को सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक महिला का शव मिला था। गला रेतकर उसकी हत्या की गई थी। हालांकि पुलिस इस शव की शिनाख्त नहीं कर पा रही थी। महिला के परिवार ने इस शव की शिनाख्त कर ली है। बीते दस अप्रैल को महिला के पति ने उसके लापता होने की शिकायत भी फरीदाबाद सेक्टर-7 थाने में दर्ज करा रखी थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें