फोटो गैलरी

Hindi Newsनेताजी जान लें कौन सा रंग रहेगा मुफीद

नेताजी जान लें कौन सा रंग रहेगा मुफीद

चुनावी बेला की निर्णायक घड़ी है और प्रत्याशी के नाम पर मुहर लगने से पहले नेताजी की धुकधुकी बढ़ी हुई है। नेताजी एक-एक कदम फूंक-फूंक कर रखना चाहते हैं। अहम मौके पर कोई भी गलती भारी न पड़ जाए। इसका खास...

नेताजी जान लें कौन सा रंग रहेगा मुफीद
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 11 Jan 2017 06:50 PM
ऐप पर पढ़ें

चुनावी बेला की निर्णायक घड़ी है और प्रत्याशी के नाम पर मुहर लगने से पहले नेताजी की धुकधुकी बढ़ी हुई है। नेताजी एक-एक कदम फूंक-फूंक कर रखना चाहते हैं। अहम मौके पर कोई भी गलती भारी न पड़ जाए। इसका खास ध्यान रखा जा रहा है। खासकर पहनावे में नेताजी को खास रंग की तलाश है ताकि विरोधियों के मुकाबले उनकी किस्मत बुलंद रहे।

कौन सा रंग कब पहनना है। जेब में किस रंग का कपड़ा रखना है। किस रंग से नेताजी की कुंडली मिसफिट है और किस रंग से उनकी राशि के सूत्र जुड़ते हैं। इस पर नेताजी सातों दिन और चौबीसों घंटे ज्योतिषियों से परामर्श कर रहे हैं। राशि के अनुसार कौन सा रंग किस दिन विरोधियों पर भारी पड़ेगा। इसके लिए न सिर्फ अपनी कुंडली खंगाली है। बल्कि संभावित दावेदारों की कुंडली भी पंडित जी को समझने के लिए भेज दी है। ज्योतिषाचार्यों के साथ उठते-बैठते नेताजी को अपनी कुंडली भी करीब से बांचने का मौका मिल गया है। ज्योतिषाचार्य डा.सुशांत राज के अनुसार उनके पास दो दर्जन ऐसी जन्मपत्रियां आई हैं। जो किसी न किसी विधानसभा क्षेत्र में भाग्य की आजमाइश कर रहे हैं। अधिकांश लोग अपने पहनावे और रंग को लेकर खासे फिक्रमंद हैं।

राशि ये तो रंग ये-

मेष-लाल, नारंगी व पीला रंग अधिक शुभ, शुभ कार्य के लिए बड़ों का आर्शीवाद लें। अक्षम लोगों की सहायता करें। पूर्व दिशा से चलना शुरू करें।

वृषभ-शनि की ढैय्या का प्रभाव। शनि की पूजा करें, काला कपड़ा दान करें। क्रीम, सफेद व आसमानी रंग का इस्तेमाल करें। गाय की सेवा करें, उन्हें बृहस्पतिवार को पीली दाल गुड खिलाएं।

मिथुन-गहरे हरे रंग का कपड़ा पहने। बच्चों को स्टेशनरी का दान करें। जीवन में अनुशासन को अहमियत दें।

कर्क-नारंगी, सफेद, क्रीम का प्रयोग करें। अमावस्या से ही दूध, दही, आटा, चावल(सफेद वस्तु)का दान करें।

सिंह-शनि की ढैय्या समाप्ति पर है। विशेष पूजा का आयोजन करें। शनि मंदिर में दान करें। लाल रंग का इस्तेमाल करें।

कन्या-तांबे के सिक्के को जल में बहाएं। स्लेटी रंग का कपड़ा पहने। गाय को हरा चारा खिलाएं।

तुला-साढ़े साती खत्म हो रही है। सूर्य कमजोर है। लाल वस्तु का दान करें। निर्धन कन्या की मदद करें। लाल, हरा नीला रंग पहने।

वृश्चिक-शनि की साढ़े साति है। पीला, गुलाबी रंग का कपड़ा पहने। वाहन सावधानी से चलाएं। स्वास्थ्य का ख्याल रहें। हनुमान को चूड़ा चढ़ाएं।

धनु-शनि की ढैय्या है। हल्का पीला, क्रीम रंग का कपड़ा पहने। लाल वस्तु का दान करें। निर्धन कन्या को कपड़ों का दान करें।

मकर-26 जनवरी से साढ़े साति शुरु है। गरीबों को कम्बल व काली वस्तुओं का दान करें। विशेष तौर पर काला, नीला, बैंगनी रंग पहने।

कुंभ-कोई भी अधिक गहरे रंग का कपड़ा पहने। काला तिल, सरसों का तेल जलाकर पीपल के पेड़ में शनि की पूजा करें।

मीन-गुरु की दृष्टि है। कृपा पाने के लिए पीला वस्त्र धारण करें। राहुकाल का समय देखकर बच्चों को स्टेशनरी का दान करें।

राशि के अनुसार कपड़ा पहनने का सुझाव दे रहे ज्योतिष

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें