फोटो गैलरी

Hindi Newsउत्तराखंड में कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष के सामने ये हैं पांच चुनौतियां

उत्तराखंड में कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष के सामने ये हैं पांच चुनौतियां

उत्तराखंड कांग्रेस के चौथे कप्तान चकराता विधायक प्रीतम सिंह को विरासत में कांटों का ताज मिला है। उनके सामने कई चुनौतियां हैं। विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद संगठन स्तर पर यह बदलाव किया गया...

उत्तराखंड में कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष के सामने ये हैं पांच चुनौतियां
लाइव हिन्दुस्तान टीम,देहरादूनFri, 05 May 2017 02:03 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तराखंड कांग्रेस के चौथे कप्तान चकराता विधायक प्रीतम सिंह को विरासत में कांटों का ताज मिला है। उनके सामने कई चुनौतियां हैं। विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद संगठन स्तर पर यह बदलाव किया गया है। चुनाव में हार के बाद से किशोर उपाध्याय के बदले जाने की चर्चाएं तेज थी।

नवनियुक्त कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि मैं कांग्रेस का छोटा सा समर्पित सिपाही हूं। सभी कांग्रेसजन मिलजुल कर पार्टी को मजबूत कर आगे ले जाने के लिए काम करेंगे। बता दें कि चकराता विधायक और पूर्व काबीना मंत्री प्रीतम सिंह कांग्रेस के नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। वहीं मंगलौर के विधायक काजी मोहम्मद निजामुद्दीन को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। कांग्रेस हाईकमान ने गुरुवार को प्रीतम के नाम का ऐलान किया था। यूपी और उत्तराखंड में पांच बार के विधायक प्रीतम राज्य में कांग्रेस की दोनों सरकारों में काबीना मंत्री भी रहें हैं। प्रीतम सिंह राज्य में कांग्रेस के चौथे प्रदेश अध्यक्ष हैं।

ये रहेंगी पांच चुनौतियां

  • विधानसभा चुनाव में हार की वजह से पार्टी के टूटे मनोबल को वापस लाना।
  • बगावत की वजह से पैदा हुई प्रभावी नेताओं की कमी को दूर करना।
  • वर्ष 2018 में निकाय चुनाव में पार्टी को मजबूती से उभाकर आगे लाना होगा।
  • वर्ष 2019 में पंचायत और लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को देनी है बड़ी परीक्षा।
  • विधानसभा में धमक बरकरार रखना। महज 11 विधायकों के साथ पार्टी की आवाज विधानसभा में भी कमजोर हो चुकी है।

प्रीतम का प्रदेश अध्यक्ष बनना तय था

प्रीतम को कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनना ही था। जातीय समीकरण के लिहाज से नेता प्रतिपक्ष के रूप में कुमाऊं की ब्राह्मण नेता इंदिरा हृदयेश के चयन के साथ तय हो गया था कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में गढ़वाल के किसी ठाकुर नेता का नंबर आएगा। आपके प्रिय अखबार ‘हिन्दुस्तान ने इंदिरा के नेता प्रतिपक्ष बनने के दिन ही साफ संकेत दे दिए थे कि प्रीतम अगले प्रदेश अध्यक्ष होंगे। दरअसल, गढ़वाल से ठाकुर नेताओं में प्रीतम सिंह के साथ यमुनोत्री विधायक केदार सिंह और केदारनाथ विधायक मनोज रावत थे। बाकी सारे नेता चुनाव हार गए थे। इनमें प्रीतम सबसे आगे थे।

हाईकमान की पसंद और रावत को भी राहत

जातीय समीकरण पर खरे उतरने के साथ ही प्रीतम सिंह कांग्रेस हाईकमान की भी पसंद हैं। सूत्रों के अनुसार वर्ष 2013 में अध्यक्ष के चयन की कवायद में भी कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रीतम को अध्यक्ष पद की पेशकश की थी, पर प्रीतम के मंत्री पद के साथ इस जिम्मेदारी को देने की गुजारिश पर उनका नाम पीछे हो गया। दूसरी तरफ, प्रीतम की ताजपोशी से पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को भी राहत मिली है।

राजनीतिक सफरनामा

पूर्व मंत्री स्वर्गीय गुलाब सिंह के पुत्र प्रीतम सिंह सबसे पहले वर्ष 1993 में चकराता विधानसभा सीट से विधायक चुने गए। उत्तराखंड गठन के बाद से वो लगातार चकराता सीट से विधायक हैं। वर्ष 2002 की एनडी तिवारी सरकार और वर्ष 2012 की विजय बहुगुणा और हरीश रावत सरकार में भी वो काबीना मंत्री रहे। प्रदेश और केंद्रीय संगठन में भी प्रीतम सिंह कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं।

पिता से मिली राजनीतिक विरासत

प्रीतम सिंह को राजनीति विरासत में मिली है। प्रीतम सिंह के पिता स्वर्गीय गुलाब सिंह चकराता से आठ बार विधायक का चुनाव जीते हैं। एक बार स्वर्गीय गुलाब सिंह चकराता से निर्विरोध विधायक चुने गये। यूपी विधानसभा में तब निर्विरोध विधायक चुने जाने का उनका एक रिकार्ड है। यूपी सरकार में स्वर्गीय गुलाब सिंह मंत्री रहे हैं और जौनसार बावर को जनजाति क्षेत्र घोषित कराने सहित कई महत्वपूर्ण कार्य किये। 1989 में गुलाब सिंह ने अंतिम चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। उसके बाद गुलाब सिंह ने अपनी राजनीतिक विरासत प्रीतम सिंह को सौंपी। जिसे प्रीतम सिंह न सिर्फ बरकरार रखे हुए हैं, बल्कि उसे आगे बढ़ा रहे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें