तीन साल के भीतर हर घर में जलेगा गैस चूल्हा: धमेंद्र प्रधान
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धमेंद्र प्रधान ने कहा कि देश के 40 प्रतिशत घरों में आज भी लकड़ी या उपलों को जलाकर खाना बनाया जाता है। हर वर्ष धुएं से होने वाली बीमारियों के कारण पांच हजार महिलाओं की मौत...
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धमेंद्र प्रधान ने कहा कि देश के 40 प्रतिशत घरों में आज भी लकड़ी या उपलों को जलाकर खाना बनाया जाता है। हर वर्ष धुएं से होने वाली बीमारियों के कारण पांच हजार महिलाओं की मौत हो जाती है। आने वाले तीन वर्षों में हर घर की रसोई में गैस का चूल्हा पहुंचाना केंद्र सरकार का लक्ष्य है।
केंद्रीय मंत्री ने शनिवार को डोईवाला के नूनावाला में प्रधानमंत्री उज्जवला गैस योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि खाना बनाते हुए निकलने वाले धुएं से महिलाओं के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। खाना बनाने के दौरान एक घंटे में उत्पन्न होने वाले धुएं से 400 सिगरेट के बराबर का नुकसान होता है।
देशभर में अगले तीन सालों में साढ़े आठ हजार करोड़ की लागत से पांच करोड़ परिवारों को रसोई गैस उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य है। पिछले एक साल में डेढ़ करोड़ परिवारों को रसोई गैस उपलब्ध कराई जा चुकी है। उन्होंने उत्तराखंड में पिछले चार महीने के भीतर 60 हजार परिवारों को रसोई गैस उपलब्ध कराने का दावा किया।