फोटो गैलरी

Hindi Newsक्रिकेट के नायाब रत्न सचिन को भारत रत्न

क्रिकेट के नायाब रत्न सचिन को भारत रत्न

क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर और विख्यात वैज्ञानिक प्रोफेसर सीएनआर राव को भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित करने का शनिवार को सरकार ने फैसला किया। सचिन ने आज ही अंतरराष्ट्रीय...

क्रिकेट के नायाब रत्न सचिन को भारत रत्न
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 17 Nov 2013 11:43 AM
ऐप पर पढ़ें

क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर और विख्यात वैज्ञानिक प्रोफेसर सीएनआर राव को भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित करने का शनिवार को सरकार ने फैसला किया। सचिन ने आज ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया है।

देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पदम विभूषण से पहले से ही सम्मानित चालीस वर्षीय तेंदुलकर और नवासी वर्षीय राव अब तक भारत रत्न पा चुके 41 विशिष्ट लोगों की जमात में शामिल हो गए हैं। 1954 में गठित भारत का यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान विशिष्ट सेवा की मान्यता के तौर पर दिया जाता है।

सचिन ने आज ही 24 साल के अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जीवन को अलविदा कहा है। क्रिकेट के अधिकतर रिकार्ड अपने नाम करने वाले सचिन ने 24 साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का भी रिकार्ड बनाया है। इस महान क्रिकेटर के अपना अंतिम और 200वां टेस्ट क्रिकेट मैच खेलने के कुछ ही देर बाद राष्ट्रपति भवन की ओर से उन्हें भारत रत्न देने की घोषणा हुई।

सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया कि खेल की दुनिया में तेंदुलकर भारत के सच्चे राजूदत हैं और क्रिकेट में उनकी उपलब्धियां का कोई सानी नहीं है। उनके द्वारा दर्शाई गई खेल भावना अनुकरणीय है। इसमें कहा गया, उन्हें मिले कई सम्मान एक खिलाड़ी के रूप में उनकी असाधारण प्रतिभा के गवाह हैं। इसमें कहा गया कि तेंदुलकर ने 16 साल की आयु से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना शुरू किया और उसके बाद 24 साल तक पूरी दुनिया में मैच खेले और देश का नाम रौशन किया।

प्रो चिंतामणि नागेसा रामचन्द्र राव सालिड स्टेट एंड मटीरीअल रसायनशास्त्र क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वैज्ञानिक हैं। उनके 1400 अनुसंधान पत्र और 45 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। सी वी रमण और पूर्व राष्ट्रपति ए पी जे अब्दुल कलाम के बाद भारत रत्न से सम्मानित होने वाले वह देश के तीसरे वैज्ञानिक हैं। विश्व की सभी बड़ी वैज्ञानिक अकादमियों में प्रो राव के योगदान को मान्यता दी गई है। ऐसी अकादमियों ने उन्हें अपनी सदस्यता और फेलोशिप आदि देकर सम्मानित किया है। उन्हें कई विशिष्ट राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से भी नवाजा गया है। इस समय वह भारत के प्रधानमंत्री की वैज्ञानिक सलाहकार परिषद के प्रमुख हैं।
   
उधर, तेंदुलकर को भारत रत्न देने की लंबे समय से मांग हो रही थी और इसके लिए देश के इस सर्वोच्च सम्मान के पात्रता नियमों में पिछले साल परिवर्तन करके उसमें खिलाड़ियों को भी इसका पात्र बनाया गया। तेंदुलकर पहले ऐसे सक्रिय खिलाड़ी हैं जिन्हें पिछले साल राज्यसभा का सदस्य बनाया गया। चार साल पहले हिन्दुस्तानी संगीत के दिग्गज भीमसेन जोशी को भारत रत्न दिए जाने के बाद अब तेंदुलकर और राव को इससे सम्मानित किया गया है।

 

सबसे युवा भारत रत्न

तेंदुलकर भारत रत्न पाने वाले देश के सबसे युवा और पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी को सबसे कम आयु में भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।

देश में अब तक 43 भारत रत्न विजेताओं में सचिन महाराष्ट्र से यह सम्मान पाने वाले नौवें व्यक्ति हैं। इसके साथ ही सचिन देश के राष्ट्रपतियों, प्रधानमंत्रियों, नोबेल पुरस्कार विजेताओं, वैज्ञानिकों एवं कलाकारों के उस विशिष्ट मंडल में शामिल हो गए, जिन्हें अब तक इस सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।

राजीव गांधी को मरणोपरांत 47 वर्ष की अवस्था में भारत रत्न प्रदान किया गया, जबकि सचिन को यह सम्मान 40 वर्ष की आयु में ही मिल गया।

महाराष्ट्र से अब तक भारतीय संविधान के जनक बी. आर. अम्बेडकर, विनोबा भावे, मोरारजी देसाई, पांडुरंग वामन काणे, धोंडो केशव कर्वे, लता मंगेशकर. जे. आर. डी. टाटा और भीमसेन जोशी को भारत रत्न से सम्मानित किया जा चुका है। ये सभी या तो महाराष्ट्र में जन्मे या उन्होंने महाराष्ट्र को अपनी कर्मस्थली बना लिया। इसी क्रम में अब सचिन का नाम भी जुड़ गया है।

सचिन को मिले अन्य सम्मान
- अर्जुन पुरस्कार (1994)
- राजीव गांधी खेल रत्न (1997-98)
- पद्मश्री (1999)
- महाराष्ट्र भूषण अवार्ड (2001)
- पद्म विभूषण (2008) 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें