फोटो गैलरी

Hindi Newsहैप्पी बर्थडे धौनी: जब साक्षी को देखते ही दिल दे बैठे थे माही

हैप्पी बर्थडे धौनी: जब साक्षी को देखते ही दिल दे बैठे थे माही

भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तान माने जाने वाले महेंद्र सिंह धौनी आज अपना 34वां जन्मदिन मना रहे हैं। धौनी की अगुवाई में भारतीय टीम ने 2007 में ट्वेंटी20 विश्व चैम्पियनशिप, 2011 में वनडे विश्व कप और...

हैप्पी बर्थडे धौनी: जब साक्षी को देखते ही दिल दे बैठे थे माही
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 07 Jul 2015 10:29 AM
ऐप पर पढ़ें

भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तान माने जाने वाले महेंद्र सिंह धौनी आज अपना 34वां जन्मदिन मना रहे हैं। धौनी की अगुवाई में भारतीय टीम ने 2007 में ट्वेंटी20 विश्व चैम्पियनशिप, 2011 में वनडे विश्व कप और 2013 में चैम्पियंस ट्रॉफी अपने नाम की।

धौनी ने 2004-05 में बांग्लादेश के खिलाफ अपने करियर का आगाज किया था, लेकिन यह बहुत ही खराब शुरुआत रही थी, क्योंकि झारखंड का यह खिलाड़ी शून्य पर रन आउट हो गया था। लेकिन इसके बाद उनके करियर का ग्राफ सिर्फ ऊपर ही चढ़ा है और वह इस समय देश के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक हैं।

यह जन्मदिन उनके लिए बहुत खास है, क्योंकि इस बार उनके साथ उनकी बेटी जीवा भी हैं। खुशी की बात यह भी है कि इस जन्मदिन पर वे अपने घर रांची में परिवार के साथ हैं। उनकी पत्नी साक्षी धौनी ने अपनी खुशी जाहिर करने के लिए जुलाई महीने की पहली तारीख को ही ट्वीट कर दिया था। महेंद्र सिंह धौनी भारतीय क्रिकेट के ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने टीम में जीत के लिए जूझने का जज्बा पैदा किया।

कुछ सालों पहले महज 300 रुपये के लिए काम करने वाले धौनी पर आज करोड़ों की बरसात होती है। हर बड़ा ब्रांड उनके लिए लाइन लगाए खड़ा रहता है, लेकिन आसमान की इस ऊंचाई पर पहुंचने के लिए धौनी को काफी मशक्कत करनी पड़ी। एक छोटे शहर की गलियों में क्रिकेट खेलने वाले धौनी कैसे आज इस मुकाम पर पहुंचे इसकी कहानी बेहद दिलचस्प है।

महेंद्र सिंह धौनी का पहला प्यार फुटबॉल रहा है। वे अपने स्कूल की टीम में गोलकीपर थे। फुटबॉल से उनका प्रेम रह रहकर ज़ाहिर होता रहा है। इंडियन सुपर लीग में वे उन्होंने चेन्यैन एफ़सी टीम के मालिक भी हैं। फुटबॉल के बाद उन्हें बैडमिंटन भी खूब पसंद था।

महेंद्र सिंह धौनी मोटरबाइक्स के ख़ासे दीवाने हैं। उनके पास एक से बढ़कर एक करीब दो दर्जन आधुनिकतम मोटर बाइक मौजूद हैं। महेंद्र सिंह धौनी को कारों का भी बड़ा शौक है। उनके पास हमर जैसी कई महंगी कारें मौजूद हैं। एमएस धौनी को बतौर क्रिकेटर पहली नौकरी भारतीय रेलवे में टिकट कलेक्टर के तौर पर मिली। इसके बाद वे एयर इंडिया की नौकरी करने लगे। इसके बाद वे एन श्रीनिवासन की कंपनी इंडिया सीमेंट्स में अधिकारी बन गए।

महेंद्र सिंह धौनी के पसंदीदा अभिनेता अमिताभ बच्चन हैं। वे उनकी एक्टिंग के प्रशंसक रहे हैं और उनकी लगभग सभी हिट फिल्में देखीं हैं, वहीं उन्हें लता मंगेशसकर के गाने बहुत पसंद है। महेंद्र सिंह धौनी का जन्म वर्ष 1981 में सात जुलाई को हुआ था। विशेष बात यह है कि उनकी जन्मतिथि तो सात है ही, जुलाई का महीना भी वर्ष का सातवां महीना है। वहीं उनकी जर्सी का नंबर भी सात ही है।

धौनी ने अपनी कप्‍तानी में क्रिकेट के हर फॉर्मेट में अपना लोहा मनवाया है। बात चाहे टी-20 की हो या फिर वनडे या फिर टेस्‍ट क्रिकेट, उनकी जैसी कामयाबी कम ही क्रिकेटरों को नसीब होती है। धौनी जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली बार मैदान में उतरे थे, तो लोग उनकी हेयर स्टाइल के दिवाने हो गए थे। इस हेयर स्टाइल को धौनी ने फिल्म अभिनेता जॉन अब्राहम को देखकर अपनाया था। आपको बता दें कि जब धौनी पहली बार टीम इंडिया के साथ पाकिस्तान के दौरे पर गए थे, तब पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ ने उनके बालों की तारीफ की थी।

धौनी का हमेशा से एक सपना रहा है वो भारतीय सेना में शामिल हों। इस इच्छा को कई बार वो जाहिर कर चुके हैं। उनका ये सपना साल 2011 में पूरा हो गया जब महेंद्र सिंह धौनी भारतीय सेना में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल बनाया गया। एक दौर ऐसा आया जब धौनी दुनिया के सबसे अधिक कमाने वाले क्रिकेटर बन गए। पिछले कुछ सालों से उनकी औसत आमदनी 150 से 190 करोड़ सालान रही है और वो अपने राज्य झारखंड में सबसे ज़्यादा टैक्स देने वाले शख्स बन गए। वो हर साल 10 करोड़ से ज्यादा टैक्स देते हैं।

अब बात करते हैं कि धौनी और उनकी पत्नी साक्षी जोशी की पहली मुलाकात और शादी के बार में। महेंद्र सिंह धौनी और साक्षी की मुलाकात कोलकाता हुई थी। धौनी वहां भारत और पाकिस्तान के बीच टेस्ट मैच में हिस्सा लेने के लिए गए हुए थे। टीम इंडिया वहां पर होटल ताज में ठहरी हुई थी। साक्षी रावत उसी होटल में इंटर्नशिप कर रही थीं।

इस दौरान धौनी की मुलाकात साक्षी से हुई। पहली ही मुलाकात में ही धौनी का दिल साक्षी पर आ गया। दोनों ने एक-दूसरे के फोन नंबर लिए और बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। 4 जुलाई, 2010 को देहरादून में धौनी ने अपनी मंगेतर साक्षी रावत के साथ शादी रचाई। धौनी को एक बेटी है, जिसका नाम जीवा है।

धौनी और साक्षी दोनों ही बचपन के मित्र हैं। दोनों रांची के डीएवी श्यामली में पढ़ते थे। दोनों के पिता एक ही कंपनी में काम किया करते थे। बाद में साक्षी का परिवार पिता के रिटायरमेंट के बाद देहरादून में बस गया था। सालों बाद जब फिल्मी स्टाइल में दोनों बचपन के दोस्त कोलकाता में मिले, तो धौनी का पता नहीं था कि साक्षी वही लड़की है जो उनकी बचपन की स्कूली दोस्त रही है। बाद में इस बात का खुलासा हुआ। आईसीसी प्लेयर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड दो बार जीतने वाले धौनी इकलौते खिलाड़ी हैं।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें