फोटो गैलरी

Hindi Newsमुंबई ने दिल्ली पर पांच विकेट से जीत दर्ज की

मुंबई ने दिल्ली पर पांच विकेट से जीत दर्ज की

अंबाती रायुडू (नाबाद 49) और कप्तान रोहित शर्मा (46) की पारियां युवराज सिंह के अर्धशतक पर भारी पड़ी और इनके दम पर मुंबई इंडियंस ने आईपीएल के मुकाबले में दिल्ली डेयरडेविल्स को पांच विकेट से हरा...

मुंबई ने दिल्ली पर पांच विकेट से जीत दर्ज की
एजेंसीWed, 06 May 2015 01:03 AM
ऐप पर पढ़ें

अंबाती रायुडू (नाबाद 49) और कप्तान रोहित शर्मा (46) की पारियां युवराज सिंह के अर्धशतक पर भारी पड़ी और इनके दम पर मुंबई इंडियंस ने आईपीएल के मुकाबले में दिल्ली डेयरडेविल्स को पांच विकेट से हरा दिया।
 
दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 152 रन बनाए जिसमें युवराज ने 44 गेंद में 57 रन की पारी खेली। जवाब में मुंबई ने जीत का लक्ष्य तीन गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया। रोहित ने 37 गेंद में दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 46 रन बनाये जबकि रायुडू ने 40 गेंद में चार चौकों और एक छक्के के साथ 49 रन जोड़े।
 
कीरोन पोलार्ड (14 गेंद में 26 रन) ने इमरान ताहिर को छक्का लगाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। इस जीत के बाद मुंबई दस मैचों में दस अंक लेकर चौथे स्थान पर पहुंच गई है जबकि दिल्ली 10 मैचों में आठ अंक के साथ छठे स्थान पर खिसक गई।
 
मुंबई की शुरुआत काफी खराब रही थी जब पहली ही गेंद पर जहीर खान ने लैंडल सिमंस को पगबाधा आउट कर दिया। दूसरे ओवर में पंडया भी अपना विकेट गंवा बैठे जबकि पार्थिव पटेल और हरभजन सिंह भी ज्यादा देर टिक नहीं पाए। मुंबई का स्कोर छठे ओवर में चार विकेट पर 40 रन था जब बारिश के कारण खेल दो बार रोकना पड़ा।
 
इसके बाद रोहित और रायुडू ने पांचवें विकेट के लिए 60 रन जोड़कर टीम को मैच में लौटाया। इससे पहले फार्म में लौटे युवराज के अर्धशतक की मदद से दिल्ली छह विकेट पर 152 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया।

इस साल आईपीएल खिलाड़ियों की नीलामी में सबसे महंगे 16 करोड़ रूपये में बिके युवराज अब तक किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 54 रन को छोड़कर कोई बड़ी पारी नहीं खेल सके थे। दिल्ली को आज उनसे इस पारी की दरकार थी चूंकि पहले बल्लेबाजी चुनने के बाद उसने सात ओवर और 50 रन के भीतर तीन विकेट गंवा दिये थे। युवराज ने 44 गेंद में दो छक्कों और सात चौकों की मदद से 57 रन बनाये। वह 19वें ओवर में लसिथ मलिंगा की गेंद पर आउट हुए।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें