फोटो गैलरी

Hindi Newsमंडेला के निधन पर शोक में डूबा खेल जगत

मंडेला के निधन पर शोक में डूबा खेल जगत

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) सहित विश्व की अनेक खेल हस्तियों ने रंगभेद विरोधी आंदोलन के महानायक नेल्सन मंडेला के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति आगे...

मंडेला के निधन पर शोक में डूबा खेल जगत
एजेंसीFri, 06 Dec 2013 04:10 PM
ऐप पर पढ़ें

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) सहित विश्व की अनेक खेल हस्तियों ने रंगभेद विरोधी आंदोलन के महानायक नेल्सन मंडेला के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति आगे आने वाली कई पीढ़ियें के लिए प्रेरणा के स्रोत रहेंगे।
    
आईसीसी के अध्यक्ष एलन इस्साक और मुख्यकार्यकारी डेविड रिचर्डसन ने शुक्रवार को यहां जारी बयान में कहा कि मंडेला बहुत बड़े नेता थे जो दुनिया के लोगों में एकजुटता कायम करने के लिए हमेशा याद किये जाएंगे। खेल जगत हमेशा उन्हें याद रखेगा।
    
आईसीसी ने कहा राष्ट्रपति मंडेला एक राजनेता, विश्व नेता और मानवता के लिए प्रेरणा के प्रतीक थे। दक्षिण अफ्रीका के पहले अश्वेत राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला का लंबी बीमारी के कारण आज तड़के जोहानसबर्ग के हाबटन उपनगर में उनके आवास पर निधन हो गया। वह 95 वर्ष के थे।
    
विश्व हेवीवेट चैम्पियन रह चुके महान मुक्केबाज मुहम्मद अली ने कहा कि मंडेला ने दूसरों को क्षमा करने के गुण का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि मंडेला के निधन से विश्व का नुकसान हुआ है।
  
एशेज़ क्रिकेटरों ने अपने हाथों में काली पट्टियां बांध कर मंडेला के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीमों ने शुक्रवार को एडिलेड में दूसरा क्रिकेट टेस्ट शुरू होने से पूर्व दो मिनट का मौन रखा इसी तरह डुनेडिन में न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज की टीमों ने भी इसी तरह अपनी संवेदना प्रकट की।
    
विश्व फुटबॉल संगठन फीफा के अध्यक्ष सैप ब्लाटर ने मंडेला को इस सदी का सबसे बेहतर इंसान बताया है। महान गोल्फ खिलाड़ी टाइगर वुड्स ने कहा कि वे दक्षिण अफ्रीका के रंग भेद विरोधी इस महान नेता से काफी प्रभावित रहे हैं।
    
न्यूजीलैंड के रग्बी खिलाड़ियों ने भी मंडेला के प्रभाव को स्वीकार किया जिनसे प्रेरित होकर दक्षिण अफ्रीका ने 1995 विश्व कप फाइनल में उन्हें हराया था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें