फोटो गैलरी

Hindi NewsRPSvDD: सैमसन के शतक से दिल्ली ने पुणे को रौंदा

RPSvDD: सैमसन के शतक से दिल्ली ने पुणे को रौंदा

संजू सैमसन के करियर के पहले टी20 शतक के बाद कप्तान जहीर खान की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन की बदौलत दिल्ली डेयरडेविल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट को 97 रन से हराकर...

RPSvDD: सैमसन के शतक से दिल्ली ने पुणे को रौंदा
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 11 Apr 2017 11:35 PM
ऐप पर पढ़ें

संजू सैमसन के करियर के पहले टी20 शतक के बाद कप्तान जहीर खान की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन की बदौलत दिल्ली डेयरडेविल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट को 97 रन से हराकर मौजूदा सत्र की पहली और आईपीएल इतिहास की अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।

सैमसन ने आईपीएल 10 के पहले शतक के दौरान 63 गेंद का सामना करते हुए आठ चौकों और पांच छक्कों की मदद से 102 रन बनाए जबकि क्रिस मौरिस ने नौ गेंद में चार चौकों और तीन छक्कों की बदौलत नाबाद 38 रन बनाए जिससे टीम चार विकेट पर 205 रन का अपना तीसरा सवोर्च्च स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

पुणे की टीम इसके जवाब में जहीर (20 रन पर तीन विकेट), अमित मिश्रा (11 रन पर तीन विकेट) और पैट कमिंस (24 रन पर दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के सामने 16.1 ओवर में 108 रन पर ढेर हो गई।

इससे पहले दिल्ली की सबसे बड़ी जीत राजस्थान रायल्स के खिलाफ थी जिसे मार्च 2010 में उसने फिरोजशाह कोटला पर 67 रन से हराया था। पुणे की टीम की भी यह आईपीएल में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार है।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुणे की शुरुआत खराब रही। कार्यवाहक कप्तान अजिंक्य रहाणे 10 रन बनाने के बाद जहीर की गेंद पर सैमसन को कैच दे बैठे। जहीर ने इसके बाद सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (20) को भी मौरिस के हाथों कैच कराया। मौरिस ने छठे ओवर में राहुल त्रिपाठी (10) को पवेलियन भेजकर टीम का स्कोर तीन विकेट पर 49 रन किया। बाएं हाथ के स्पिनर शाहबाज नदीम ने फाफ डु प्लेसिस (8) को विकेटकीपर रिषभ पंत के हाथों कैच कराके पुणे को चौथा झटका दिया जबकि बेन स्टोक्स भी दो रन बनाने के बाद कमिंस की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे।

पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी भी 11 रन बनाने के बाद मिश्रा की गेंद पर डीप मिडविकेट पर करुण नायर को कैच दे बैठे जबकि इस लेग स्पिनर ने अगले ओवर में रजत भाटिया (16) को भी पवेलियन भेजा। दीपक चाहर (14) ने कमिंस पर लगातार दो छक्के मारे लेकिन जहीर ने उन्हें पंत के हाथों कैच करा दिया। पुणे की टीम के 100 रन 14वें ओवर में पूरे हुए। मिश्रा ने इसके बाद एडम जंपा (5) को सैमसन के हाथों कैच कराया जबकि कमिंस ने अशोक डिंडा (7) को मिश्रा के हाथों कैच कराके पुणे की पारी का अंत किया।

इससे पहले सैमसन ने शतकीय पारी खेलने के अलावा सलामी बल्लेबाज सैम बिलिंग्स (24) के साथ दूसरे विकेट के लिए 69, रिषभ पंत (31) के साथ तीसरे विकेट के लिए 51 और कोरी एंडरसन (नाबाद 02) के साथ चौथे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी करके डेयरडेविल्स के बड़े स्कोर का मंच तैयार किया। एंडरसन की चौथी और पांचवें विकेट की साझेदारी में 81 रन बने लेकिन इसमें उनका योगदान सिर्फ दो रन का रहा।

पेट की गड़बड़ी के कारण स्टीव स्मिथ के बाहर होने पर टीम की अगुआई कर रहे रहाणे ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दीपक चाहर ने दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर आदित्य तारे (0) को विकेटकीपर महेंद्र सिंह धौनी के हाथों कैच करा दिया लेकिन इसके बाद कुछ भी पुणे की टीम के पक्ष में नहीं रहा।

विराट का जलवा: IPL के मैदान से अब तक बाहर, फिर भी बने नंबर वन खिलाड़ी

बिलिंग्स और सैमसन ने पारी को संभाला। दोनों ने पावर प्ले में टीम का स्कोर एक विकेट पर 62 रन तक पहुंचाया जो पांच साल में पहले छह ओवर में टीम का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। सैमसन ने शुरू से ही आक्रामक रवैया अपनाया। उन्होंने चाहर पर लगातार दो चौकों से खाता खोलने के बाद आशोक डिंडा पर भी लगातार दो चौके मारे। बिलिंग्स ने भी छठे ओवर में चाहर पर तीन चौके मारे।

दक्षिण अफ्रीका के लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने बिलिंग्स को बोल्ड करके सैमसन के साथ उनकी 69 रन की साझेदारी का अंत किया। बिलिंग्स ने 17 गेंद का सामना करते हुए चार चौके मारे। पिछले मैच में अर्धशतक जड़ने वाले पंत (31) ने सतर्क शुरुआत के बाद रजत भाटिया पर मैच का पहला छक्का जड़ा। उन्होंने भाटिया के इसी ओवर में एक और छक्के के साथ 12वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। सैमसन ने बेन स्टोक्स की गेंद पर एक रन के साथ 41 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

सैमसन ने लेग स्पिनर एडम जंपा पर छक्का मारा लेकिन पंत स्टोक्स की गेंद पर तेज रन लेने की कोशिश में मयंक अग्रवाल के सटीक निशाने का शिकार बने। पंत ने 22 गेंद का सामना करते हुए एक चौका और दो छक्के मारे।

सैमसन ने 18वें ओवर में डिंडा पर दो छक्कों के साथ टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया। उन्होंने जंपा पर छक्के के साथ 62 गेंद में आईपीएल 10 और अपने करियर का पहला टी20 शतक पूरा किया। जंपा की अगली गेंद पर हालांकि वह बोल्ड हो गए। मौरिस ने इसके बाद मोर्चा संभाला। उन्होंने जंपा पर दो चौके और एक छक्का जड़ने के अलावा अंतिम ओवर में स्टोक्स पर दो चौके और दो छक्के मारे। अंतिम चार ओवर में दिल्ली की टीम ने 76 रन जोड़े और 2012 के बाद पहली बार 200 का स्कोर पार करने में सफल रही।

IPL OMG! भाइयों संग सड़क पर खेलते थे क्रिकेट, इन 6 वजहों से छाए राशिद

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें