फोटो गैलरी

Hindi Newsटनकपुर में बाघ ने फिर एक और महिला को बनाया निवाला

टनकपुर में बाघ ने फिर एक और महिला को बनाया निवाला

टनकपुर-चोरगलिया मार्ग के ककराली बीट रेंज में पत्तियां बीनने जंगल गई एक महिला को बाघ ने अपना निवाला बना दिया। रिहायशी इलाके से महज एक किमी दूरी पर जंगल में महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा...

टनकपुर में बाघ ने फिर  एक और महिला को बनाया निवाला
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 25 Apr 2017 05:40 PM
ऐप पर पढ़ें

टनकपुर-चोरगलिया मार्ग के ककराली बीट रेंज में पत्तियां बीनने जंगल गई एक महिला को बाघ ने अपना निवाला बना दिया। रिहायशी इलाके से महज एक किमी दूरी पर जंगल में महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। वन विभाग ने मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। करीब डेढ माह के भीतर टनकपुर में बाघ दो महिलाओं को अपना शिकार बना चुका है। घटना से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। सोमवार शाम ककरालीगेट आमबाग निवासी राधा देवी (46) पत्नी धन सिंह पतेल बीनने के लिए जंगल गई थी। देर रात तक वह घर नहीं लौटीं। इस पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। मंगलवार सुबह उक्त क्षेत्र में मिले खून के निशान की मदद से घटना स्थल पर पहुंचे लोगों को उसका क्षत विक्षप्त शव मिला। खोजबीन में जुटी वन विभाग की टीम के गिरीश चंद्र पांडे, प्रह्लाद सिंह मेवाड़ी, निर्मल चंद्र खुल्बे, कैलाश बिष्ट, महेश अधिकारी, भवान सिंह और योगेश जोशी ने बताया जब वे घटना स्थल के नजदीक पहुंचे तो बाघ पास में ही छुपा था। शोर मचाने पर वह जंगल की ओर भाग गया। उधर, घटना की खबर होते ही लोगों की भीड़ वहां उमड़ना शुरू हो गई।

एसडीएम अनिल चन्याल, एसडीओ चम्पावत एएस दानी, कोतवाल अरुण कुमार वर्मा, वन क्षेत्राधिकारी शारदा रेंज ख्याली राम आर्य आदि मौके पर पहुंच गए। नेपाली कटरा ललचाएगा बाघ को टनकपुर। बाघ के महिला को शिकार बनाए जाने से लोगों में दहशत का माहौल है। हरकत में आए वन विभाग ने घटना स्थल पर तत्काल दो ट्रैपिंग कैमरे स्थापित कर दिए। साथ ही एक पिंजरा भी लगा दिया। पिंजरे में बाघ को ललचाने के लिए नेपाल से कटरा मंगाया गया है। रेंजर ख्याली राम ने बताया कि एक दो दिन तक बाघ की मूवमेंट पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि बाघ घटना स्थल पर दोबारा जरूर आएगा। जैसे ही वह पिंजरे में कैद कटरे पर हमला करने के लिए आगे बढ़ेगा वह खुद पिंजरे में कैद हो जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें