फोटो गैलरी

Hindi Newsसेंसेक्स में दर्ज की गई 324 अंकों की गिरावट

सेंसेक्स में दर्ज की गई 324 अंकों की गिरावट

अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक समीक्षा बैठक से पहले वैश्विक बाजारों के नकारात्मक संकेतों से मंगलवार को बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 324 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 109 टूट गए। सेंसेक्स व...

सेंसेक्स में दर्ज की गई 324 अंकों की गिरावट
एजेंसीTue, 16 Sep 2014 06:12 PM
ऐप पर पढ़ें

अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक समीक्षा बैठक से पहले वैश्विक बाजारों के नकारात्मक संकेतों से मंगलवार को बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 324 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 109 टूट गए। सेंसेक्स व निफ्टी में यह सात सप्ताह की सबसे बड़ी गिरावट है।

फेडरल रिजर्व द्वारा उम्मीद से पहले ब्याज दरें बढ़ाने से पूंजी की निकासी बढ़ेगी जिससे उभरते बाजार प्रभावित हो सकते हैं। एशिया के ज्यादातर बाजारों में गिरावट थी, वहीं यूरोपीय बाजार भी शुरुआती कारोबार में नीचे चल रहे थे। ब्रोकरों ने कहा कि इसके अलावा उपचुनावों में भाजपा को लगे झटके से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।

बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 26,854.90 अंक पर मजबूती के साथ खुलने के बाद 26,861.29 अंक तक ऊपर गया। हालांकि, बाद में बड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का दौर चलने से यह दिन के निचले स्तर 26,464.03 तक गिरने के बाद अंत में 324.05 अंक या 1.21 प्रतिशत के नुकसान से 26,492.51 अंक पर बंद हुआ।

एक अगस्त के बाद यह सेंसेक्स में एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट है। उस दिन सेंसेक्स 414.13 अंक टूटा था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 109.10 अंक या 1.36 प्रतिशत के नुकसान से 8,000 से नीचे यानी 7,932.90 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 7,925.15 से 8,044.90 अंक के दायरे में रहा। निफ्टी में आज की गिरावट 1 अगस्त के बाद सबसे बड़ी है। उस दिन निफ्टी 118.70 अंक टूटा था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें