फोटो गैलरी

Hindi Newstata sons replaced cyrus mistry as chairman ratan tata antrim chairman

TATA : साइरस मिस्त्री को चेयरमैन पद से हटाया, रतन टाटा अंतरिम अध्यक्ष

उद्योग व्यवसाय जगत में अप्रत्याशित घटना के तौर पर देखे जा रहे एक घटनाक्रम में टाटा संस ने साइरस मिस्त्री को अपने चेयरमैन पद से हटा दिया है। उनके स्थान पर पूर्व चेयरमैन रतन टाटा को अंतरिम चेयरमैन...

TATA : साइरस मिस्त्री को चेयरमैन पद से हटाया, रतन टाटा अंतरिम अध्यक्ष
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 24 Oct 2016 07:19 PM
ऐप पर पढ़ें

उद्योग व्यवसाय जगत में अप्रत्याशित घटना के तौर पर देखे जा रहे एक घटनाक्रम में टाटा संस ने साइरस मिस्त्री को अपने चेयरमैन पद से हटा दिया है। उनके स्थान पर पूर्व चेयरमैन रतन टाटा को अंतरिम चेयरमैन नियुक्त किया गया है। टाटा संस ने नए चेयरमैन की खोज के लिए पांच सदस्यों वाली एक समिति का गठन किया है। इसके लिए उसे चार महीने का समय दिया गया है।

मिस्त्री को हटाने का निर्णय यहां टाटा संस के निदेशक मंडल की बैठक के बाद किया गया। अड़तालीस वर्षीय मिस्त्री की जगह 78 वर्षीय रतन टाटा को कंपनी के अंतरिम चेयरमैन पद की जिम्मेदारी दी गई है। मिस्त्री ने चार साल पहले इस विशाल कंपनी समूह के मुखिया का पद रतन टाटा से ही संभाला था। टाटा समूह नमक से लेकर सॉफ्टवेयर और इस्पात से लेकर वाहन विनिर्माण के क्षेत्र में काम करता है। देश-विदेश में फैले इस समूह का एकीकृत कारोबार 100 अरब डॉलर सालाना से ज्यादा है।

कंपनी के एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, टाटा संस ने आज बताया कि उसके निदेशक मंडल ने कंपनी के चेयरमैन साइरस पी मिस्त्री को हटा दिया है। यह निर्णय निदेशक मंडल की आज मुंबई में हुई बैठक में लिया गया। निदेशक मंडल ने रतन टाटा को कंपनी का अंतरिम चेयरमैन नियुक्त किया है।

बयान में कहा गया है कि निदेशक मंडल ने एक चयन समिति का गठन किया है जो चार महीने में कंपनी के कायदे-कानून के अनुसार नए चेयरमैन के चयन का काम संपन्न करेगी। खोज समिति में रतन टाटा के अलावा, टीवीएस समूह के प्रमुख वेणु श्रीनिवासन, बेन कैपिटल प्राइवेट इक्विटी के प्रबंध निदेशक अमित चंद्रा, राजनयिक एवं अमेरिका में भारत के पूर्व राजदूत रोनेन सेन तथा वार्बिक मैन्यूफैक्चरिंग ग्रुप के संस्थापक एवं चेयमैन तथा भारतीय प्रबंध संस्थान खड़गपुर से स्नातक लार्ड कुमार भट्टाचार्य को रखा गया है। भट्टाचार्य को छोड़कर चयन समिति के बाकी सभी सदस्य कंपनी के निदेशक मंडल के भी सदस्य हैं।

 

मिस्त्री को वर्ष 2011 में कंपनी में चेयरमैन रतन टाटा का उत्तराधिकारी चुना गया था और उन्हें पहले डिप्टी चेयरमैन बनाया गया। टाटा संस के चेयरमैन पर दर मिस्त्री का चुनाव पांच सदस्यीय एक समिति ने किया था। मिस्त्री ने रतन टाटा के 75 वर्ष की आयु पूरी करने पर उनकी सेवानिवृत्त के बाद 29 दिसंबर 2012 को चेयरमैन का पद भार संभाला था। मिस्त्री वर्ष 2006 से कंपनी के निदेशक मंडल में शामिल रहे हैं। कंपनी के सबसे बड़े हिस्सेदार शापूरजी पालोनजी ने कंपनी के चेयरमैन पद के लिए उनके नाम की सिफारिश की थी।

टाटा संस ने मिस्त्री को हटाने का कारण नहीं बताया है। उन्होंने बहुत धूमधड़ाके के साथ कंपनी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी पर माना जा रहा है कि घाटे में चल रही कंपनियों को छांटने और केवल लाभ देने वाले उपक्रमों पर ही ध्यान देने के उनके दृष्टिकोण से कंपनी में अप्रसन्नता थी। इनमें यूरोप में घाटे में चल रहे इस्पात करोबार की बिक्री का मामला भी शामिल है।
 
इसके अलावा कंपनी के दूरंसचार क्षेत्र के संयुक्त उद्यम टाटा डोकोमो में जापानी कंपनी से अलग होने के मामले में भी डोकोमो के साथ कंपनी का एक कानूनी विवाद चल रहा है।

बिजनेस वर्ल्ड की बड़ी हस्ती हैं साइरस मिस्त्री, जानिए 10 रोचक बातें

शेयर बाजार के दिग्गज हुए अलर्ट

गौरतलब हो कि कंपनी की ओर मिस्त्री को क्यों हटाया गया इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं आ रही है। बाजार में टाटा समूह के अंदर होने वाले इस बड़े बदलाव को लेकर कोई भनक तक नहीं थी। शेयर बाजार के जानकार बता रहे हैं कि टाटा संस के इस बड़े कदम से निश्चित तौर पर शेयर बाजार पर कल असर दिखाई देगा। बड़े खरीददार अभी से कल को लेकर सजग हो गए हैं।

पिछले हफ्ते भी कमाई कराने में टॉप पर थे मिस्त्री

गौरतलब हो कि टाटा समूह ने सायरस मिस्त्री के चेयरमैन रहते हुए बीते हफ्ते में ही शेयर बाजार में शानदार प्रदर्शन किया था। इस हफ्ते के दौरान कमाई के मामले में मिस्त्री सबसे ऊंचे पायदान पर रहे थे। सर्वाधिक कमाई करने वालों की सूची में सायरस मिस्त्री के बाद गौतम अडाणी, अनिल अग्रवाल, मुकेश अंबानी और आनंद महिंद्रा रहे थे। बताया जा रहा है कि सायरस मिस्त्री 13,200 करोड़ की कमाई के साथ नंबर एक के पायदान पर रहे। बीते हफ्ते के दौरान टीसीएस का शेयर 2.7 फीसदी बढ़ा था। इसकी बाजार हिस्सेदारी भी 12,375 करोड़ रुपए बढ़ गई। टाटा समूह की 10 लिस्टेड कंपनियों में से छह ने पिछले हफ्ते सकारात्मक और 4 ने नकारात्मक रिटर्न दिया था।

जानिए साइरस मिस्त्री और रतन टाटा के बारे में...

साइरस पलोनजी मिस्त्री 

जन्म : 4 जुलाई 1968

पिता : पालोनजी मिस्त्री

माता : पैट्सी पेरिन दुबाश

शिक्षा : मुंबई में कैथेड्रल एवं एंड जॉन कॉनन स्कूल में अध्ययन किया। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में बीएस के साथ इंपीरियल कॉलेज, लंदन से स्नातक की उपाधि और लंदन बिजनेस स्कूल से प्रबंधन में मास्टर डिग्री हासिल की।

टाटा समूह : साइरस 2006 से ही टाटा समूह से जुड़े हैं। 28 दिसंबर 2012 को टाटा समूह के छठे चेयरमैन बने। मिस्त्री शापूरजी पालोनजी एंड कंपनी के प्रबंध निदेशक भी हैं।

रतन नवल टाटा

जन्म : 28 दिसम्बर 1937, मुंबई

पिता : नवल टाटा

माता : सूनू टाटा

शिक्षा : कॉर्नेल विद्यालय और हार्वर्ड विश्वविद्यालय

टाटा समूह : 1961 से 2012 तक टाटा समूह में सक्रिय रहे। 1991 से 2012 तक टाटा समूह के चेयरमैन रहे। वर्ष 1981 में, रतन टाटा इंडस्ट्री्ज और समूह की अन्य होल्डिंग कंपनियों के अध्यक्ष बनाए गए।

1991 में उन्होंने जेआरडी से ग्रुप चेयर मैन का कार्य भार संभाला.

‌पुरस्कार : 2000 में पद्म भूषण, 2008 में पद्म विभूषण

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें