फोटो गैलरी

Hindi Newsauto expo bikes no clutch is turned off then no brakes equipped with technology

ऑटो एक्सपो में बाइक्स: कोई क्लच से होगी चालू, तो कोई ब्रेक तकनीक से लैस

ऑटो एक्सपो में इस बार हीरो स्प्लेंडर ने आईस्मार्ट बाइक पेश की है। इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि जब बाइक ट्रैफिक जाम या रेड लाइट पर रुकेगी तो इंजन खुद-ब-खुद बंद हो जाएगा। यही नहीं बल्कि दोबारा इंजन...

ऑटो एक्सपो में बाइक्स: कोई क्लच से होगी चालू, तो कोई ब्रेक तकनीक से लैस
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 05 Feb 2016 06:43 PM
ऐप पर पढ़ें

ऑटो एक्सपो में इस बार हीरो स्प्लेंडर ने आईस्मार्ट बाइक पेश की है। इसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि जब बाइक ट्रैफिक जाम या रेड लाइट पर रुकेगी तो इंजन खुद-ब-खुद बंद हो जाएगा। यही नहीं बल्कि दोबारा इंजन चालू करने के लिए आपको सिर्फ क्लच दबानी होगी।इसके अलावा सुजुकी, टीवीएस, यामाहा और होंडा समेत कई अन्य कंपनियों ने भी तमाम खूबियों वाली बाइक उतारी हैं। इनमें लांग ड्राइव को आरामदायक बनाने के लिए अच्छी सीटें लगाई गई हैं।
ये बाइक नए रंग-रूप और तकनीक के साथ आई हैं। मध्यम वर्ग की सवारी कही जाने वाली बाइक वक्त के लिहाज से बदल रही हैं। दरअसल, कंपनियां कामकाजी लोगों के साथ-साथ नई पीढ़ी को भी आकर्षित करना चाहती हैं।

यामाहा ने मारी बाजी
वहीं, बाइक को आकर्षक रूप देने में यामाहा ने बाजी मारी है। यामाहा ने एसजेआरआर बाइक को बिल्कुल नए रंग-रूप में पेश किया है। बाइक में लंबी दूरी तय करने के लिए आरामदायक सीट दी है। टीवीएस ने एक बार फिर अपने पुराने और बेहतरीन उत्पाद विक्टर पर दांव खेला है। विक्टर की ताकत बढ़ाई है। कंपनी का यह मॉडल काफी लोकप्रिय हुआ था। यही वजह है कि उसने ईंधन की खपत कम करने के लिए नई तकनीक का सहारा लिया है। सारी कंपनियों ने टायर ट्यूबलैस दिए हैं। इसके अलावा कई स्टाइलिश बाइक भी मैदान में हैं।
 

नए अंदाज में स्प्लेंडर
स्प्लेंडर बिल्कुल नए अंदाज में दिखी है। कंपनी ने परंपरागत रंगों से ऊपर उठकर नया प्रयोग किया है। बाइक में स्मार्ट इग्निशन सिस्टम लगाया गया है। जिसका फायदा ईंधन की खपत कम करने में मिलेगा।
बाइक को किफायती बनाने और तेज रफ्तार देने के लिए वजन घटाया जा रहा है। सही मायने में अपनी श्रेणी में यह सबसे सस्ती और सबसे ज्यादा खूबियों वाली बाइक है। हालांकि, बाइक के लुक में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है लेकिन इसकी खूबियां बढ़ गई हैं।

 

 


 
हीरो स्प्लेंडर के फीचर्स
 इंजन क्षमता  110 सीसी
ताकत             9.1 बीएचपी
औसत             75 किमी/लीटर
अधिकतम गति    90 किमी/घंटा
कीमत                  51,000 रुपए

 

ब्रेक तकनीक के साथ उतरी होंडा शाइन
होंडा शाइन कॉम्बी ब्रेक तकनीक के साथ आई है। अगर बाइक चलाने वाला केवल एक ही ब्रेक लगाएगा तो दोनों ब्रेक खुद लगेंगे। इससे बाइक को नियंत्रित करने में बड़ी मदद मिलती है। बाइक के रंग-रूप में भी बदलाव किए हैं। बड़ी खासियत यह है कि इस कीमत में तकनीकी रूप से यह सबसे ज्यादा भरोसेमंद बाइक है। इसका डिजाइन राइडर को आराम देने के लिए लिहाज से तैयार किया गया है। ईंजन की ताकत बढ़ाने से हीरो आई स्मार्ट के मुकाबले माइलेज थोड़ा कम हो गया।

होंडा शाइन के फीचर्स
 
इंजन             124.7 सीसी
ताकत             10.57 बीएचपी
औसत             65 किमी/लीटर
अधिकतम गति    95 किमी/घंटा
कीमत                  55,000 रुपए

 

सुजुकी ने पेश की स्टाइलिश बाइक

मध्यम दर्जे की बाइक को लेकर भारतीय बाजार में सुजुकी की मौजूदगी अब तक नहीं थी। कंपनी ने पहली बार मध्यम वर्ग को खींचने के लिए यह बाइक पेश की है। देखने में काफी स्टाइलिश है। इसकी यामाहा के साथ प्रतियोगिता है तो चलाने वाले के आराम का भी ख्याल रखा गया है। यह अकेली बाइक है, जिसके प्रोजेक्टर हेड लैंप हैं। इससे लाइट बीम फोकस रहती है। करीब दोगुनी रोशनी होती है। टेलेस्कॉपिक सस्पेंशन सिस्टम है, जिससे उबड़-खाबड़ सड़क पर चलना आसान है।
 
सुजुकी जिग्सर के फीचर्स
 
इंजन क्षमता                         154.9 सीसी
ताकत                       14 बीएचपी
औसत                       43.5 किमी/लीटर
अधिकतम गति              115 किमी/घंटा
कीमत                            76,000 रुपए

पिकअप में शानदार है यामहा की ये बाइक
 
यामाहा ने लंबी दूरी तय करने के लिए इस बाइक को आरामदायक बनाया है। बाइक का सिटिंग एरेंजमेंट बहुत अच्छा है। देश में बढ़ रहे हाईवे और एक्सप्रेस वे को नजर में रखकर यह बाइक बाजार में उतारी है। डिजाइन एयरोडानेमिक है। जिससे बाइक का संतुलन बहुत अच्छा बना रहता है। कम ताकत खर्च करके रफ्तार बढ़ेगी। पिक अप के मामले में यह बाइक सबसे आगे है।
 
यामाहा एसजेडआरआर
 
इंजन क्षमता                   153 सीसी
ताकत                       11.9 बीएचपी
औसत                       55 किमी/लीटर
अधिकतम गति              105 किमी/घंटा
कीमत                            69,000 रुपए

 

टीवीएस ने दोबारा उतारी विक्टर
 
टीवीएस ने करीब पांच साल पहले यह बाइक बंद कर दी थी। इसकी कमी को पूरा करने के लिए जो बाइक कंपनी लेकर आई, वे छाप छोड़ने में नाकामयाब रहीं। लिहाजा, कंपनी ऑटो एक्सपो में विक्टर को दोबारा लेकर आई है। इंजन की ताकत बढा दी गई है। डिजाइन एयरो डाइनेमिक है। पहली विक्टर के मुकाबले नई बाइक ज्यादा आकर्षक दिख रही है। यह दो वेरिएंट में है। डिस्क ब्रेक और सामान्य ब्रेक  प्रणाली के साथ मिलेगी।

 
टीवीएस विक्टर
 
इंजन क्षमता  110 सीसी
ताकत             9.46 बीएचपी
औसत             76 किमी/लीटर
अधिकतम गति    100 किमी/घंटा
कीमत                  52-56 हजार रुपए

 

(विशेषज्ञ की कलम से)
 अवधेश सिसौदिया, मैकेनिकल इंजीनियर
 अवधेश जेके टायर फॉर्मूला स्टूडेंट कार बना चुके हैं। उन्होंने आईआईटी दिल्ली टेकफेस्ट के लिए मल्टी टास्किंग रोबोट बनाया था। वह ऑटो सेक्टर में इलेक्ट्रॉनिक्स, सेंसरबेस टेक्नोलॉजी और ब्रेकिंग सिस्टम पर काम कर रहे हैं। स्टार्टअप के लिए आइडिया पूलिंग ‘एवलांच’ की शुरुआत की।
 

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें