फोटो गैलरी

Hindi Newsसियासी चाल: मोदी की राह पर चलेंगे भाजपाई, मांझी होंगे स्टार प्रचारक

सियासी चाल: मोदी की राह पर चलेंगे भाजपाई, मांझी होंगे स्टार प्रचारक

शहर के चक्कर मैदान में हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिवर्तन रैली ने राजग में उम्मीदें जगा दी है। अब रैली के नफा-नुकसान पर बहस शुरू हो गई है। भाजपा और उसके सहयोगी दलों के नेताओं का आत्मविश्वास बढ़...

सियासी चाल: मोदी की राह पर चलेंगे भाजपाई, मांझी होंगे स्टार प्रचारक
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 30 Jul 2015 11:34 AM
ऐप पर पढ़ें

शहर के चक्कर मैदान में हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिवर्तन रैली ने राजग में उम्मीदें जगा दी है। अब रैली के नफा-नुकसान पर बहस शुरू हो गई है। भाजपा और उसके सहयोगी दलों के नेताओं का आत्मविश्वास बढ़ गया है। दूसरी ओर ऐसा जताया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में राजग के मंचों पर पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी स्टार प्रचारक होंगे। नीतीश सरकार की नाकामियों और लालू यादव शासनकाल के कथित जंगलराज को चुनावी मंचों पर भुनाने की तैयारी हो रही है।

प्रधानमंत्री की रैली से संगठन को ऊर्जा मिलने की बात करते हुए प्रदेश भाजपा प्रवक्ता देवेश कुमार का दावा है कि तिरहुत, सारण व दरभंगा प्रमंडलों के सभी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता रैली से कई चुनावी मुद्दे अपने साथ ले गए हैं। गंगा पर पुल, घर-घर बिजली, अपराध, भ्रष्टाचार, नीतीश सरकार की शराब नीति जैसे मुद्दों को हथियार बनाया जाएगा। परिवर्तन रैली में प्रधानमंत्री और वरिष्ठ राजग नेताओं के भाषण और भाव-भंगिमा से कई संकेत मिले।

खबर है कि जब-जब महागठबंधन के नेता नरेन्द्र मोदी सरकार पर वार करेंगे, यूपीए सरकार की नाकामियों को ढाल बनाया जाएगा। मनमोहन सरकार के 10 साल के शासनकाल में बिहार की उपेक्षा की फेहरिस्त प्रस्तुत की जाएगी। 14 महीने की मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनायी जाएंगी। प्रधानमंत्री से पहले लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान का भाषण कराना भी एक राजनीतिक रणनीति माना जा रहा है। राजग नेताओं का मानना है कि जीतनराम मांझी सभाओं में नीतीश पर हमले बोलकर तालियां बटोरेंगे, लेकिन रामविलास पासवान का ओहदा कायम रखा जाएगा।
नीतीश कुमार और लालू प्रसाद के बीच सीटों के बंटवारे पर राजग की पैनी नजर होगी। इसके अलावा एनडीए विकास का वास्ता देकर केंद्र-राज्य सरकारों में तालमेल के फायदे गिनाएगा।

रेणु देवी होंगी ब्रांड एंबेसडर: राज्य की पूर्व मंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेणु देवी अघोषित ब्रांड एंबेसडर होंगी। उनपर दलित-पिछड़े समाज में यह विश्वास पैदा करने का अहम दायित्व होगा कि भाजपा में ही उनके हित सुरखित रहेंगे। रेणु देवी ने परिवर्तन रैली में ही अपना काम शुरू कर दिया। उन्होंने किसानों को बताया कि नीतीश सरकार को पंचायती राज में आरक्षण लागू करने की ताकत भाजपा ने दी। नए भूमि अधिग्रहण बिल में जमीन की चार गुना कीमत का प्रावधान है।

भीड़ को वोट में बदलना आसान नहीं: रैली के बाद चक्कर मैदान से निकल रही भीड़ की ओर इशारा करते हुए माड़ीपुर चौक पर एक भाजपा कार्यकर्ता ने जो कहा उसका आशय यह है कि इस रैली में दलित-पिछड़े समाज की ही व्यापक भागीदारी है। वहीं खड़े एक दवा व्यवसायी ने सवाल किया, इस भीड़ को वोट कैसे माना जाएगा। लोग वोट डालने नहीं, अपने प्रधानमंत्री को करीब से देखने-सुनने आए हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि भीड़ को वोट में बदलने में कितनी सफलता मिली है।

विधानसभावार क्षेत्र के समीकरण से तय होंगे चेहरे
विधानसभावार सामाजिक-राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए भाजपा, लोजपा, रालोसपा व हम नेताओं में से स्टार प्रचारकों के नाम तय होंगे। संगठन और प्रत्याशी की मांग के अनुसार अमित शाह, राजनाथ सिंह, रामविलास पासवान, जीतनराम मांझी, उपेन्द्र कुशवाहा, रवि शंकर प्रसाद, सुशील कुमार मोदी, राधामोहन सिंह, डॉ. सीपी  ठाकुर, नंदकिशोर यादव, रामकृपाल यादव, गिरिराज सिंह, राजीव प्रताप रूडी, अश्विनी चौबे व गोपाल नारायण सिंह की चुनावी सभाएं तय की जाएंगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें