फोटो गैलरी

Hindi Newsसिविल कोर्ट में अनंत सिंह की हुई पेशी, चेहरे पर गुस्सा पर अंदाज वही

सिविल कोर्ट में अनंत सिंह की हुई पेशी, चेहरे पर गुस्सा पर अंदाज वही

गांधी मैदान स्थित सिविल कोर्ट में गुरुवार की सुबह 11:05 बजे वकील हाथ में फाइल लिए परिसर में दाखिल हो रहे थे। इसी बीच बेउर जेल से चलकर एक कैदी वैन कोर्ट हाजत के पास खड़ी होती है। वैन के चारों ओर...

सिविल कोर्ट में अनंत सिंह की हुई पेशी, चेहरे पर गुस्सा पर अंदाज वही
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 02 Jul 2015 09:04 PM
ऐप पर पढ़ें

गांधी मैदान स्थित सिविल कोर्ट में गुरुवार की सुबह 11:05 बजे वकील हाथ में फाइल लिए परिसर में दाखिल हो रहे थे। इसी बीच बेउर जेल से चलकर एक कैदी वैन कोर्ट हाजत के पास खड़ी होती है। वैन के चारों ओर सुरक्षाकर्मी तैनात हो जाते हैं। वैन के अंदर से चमकती सफेद पैंट-शर्ट, आंख पर काला चश्मा, गले में सोने की चेन, हाथ में सोने की अंगूठी और एक हाथ में पीले-लाल रंग की छींटदार रुमाल लिए मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह उतरते हैं।

वैन से नीचे उतरने के बाद वे चारों तरफ देखते हैं। उसके बाद अपनी मूंछ पर ताव देते हुए आगे बढ़ते हैं। सुरक्षाकर्मी उन्हें चोरों ओर से घेर कर पेशी के लिए ले जाते हैं। कैदी वैन से अनंत सिंह को उतरते देख लोगों की भीड़ जुट जाती है। कोर्ट परिसर में जुटे लोग आपस में बातचीत कर रहे हैं कि विधायक का चेहरा लाल लग रहा है। लगता है वह गुस्से में हैं, लेकिन अंदाज वही पुराना है।

अपने वकील से मिले गले
11:29 बजे पेशी के बाद बाहर निकलने पर सिपाही ने उनके एक हाथ में हथकड़ी लगा दी। परिसर में ही वह अपने वकील से गले मिले। चलते-चलते दोनों के बीच कुछ बातचीत हुई। समर्थकों ने उन्हें रुक कर चाय पीने को कहा, लेकिन विधायक हाथ हिलाकर न का इशारा करते हुए आगे बढ़ गए।

पैर छूने वालों का लगा तांता
विधायक जिस समय कोर्ट में दाखिल हुए थे उस समय भीड़ कम थी। ऐसा लग रहा था कि पुलिस चुपचाप विधायक को पेशी के लिए लेकर पहुंची है। पेशी के बाद उनके बाहर आते ही बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पुलिसकर्मी चारों तरफ से घेरा बनाकर विधायक को कैदी वैन के पास ला रहे थे। इस दौरान कई समर्थक उनके पैर छूकर प्रणाम कर रहे थे। बीच-बीच में अपने समर्थकों को जेल से जल्दी बाहर आने की बात कह रहे थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें