फोटो गैलरी

Hindi Newsसंगीन कांडों के आरोपित बेगूसराय के जिला पार्षद गिरफ्तार

संगीन कांडों के आरोपित बेगूसराय के जिला पार्षद गिरफ्तार

गुप्त सूचना पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर रविवार को हत्या समेत कई संगीन कांडों के आरोपित जिला पार्षद मनोज यादव को हसनपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि उसे कम्युनिष्ट पार्टी के नेता राजेन्द्र...

संगीन कांडों के आरोपित बेगूसराय के जिला पार्षद गिरफ्तार
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 06 Jul 2015 09:57 PM
ऐप पर पढ़ें

गुप्त सूचना पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर रविवार को हत्या समेत कई संगीन कांडों के आरोपित जिला पार्षद मनोज यादव को हसनपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि उसे कम्युनिष्ट पार्टी के नेता राजेन्द्र महतो और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सदस्य दवा व्यवसायी राजेश चौरसिया की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उस पर समस्तीपुर व बेगूसराय जिलों के विभिन्न थानों में कई संगीन मामले दर्ज है।

ये बातें सोमवार को मंझौल एसडीपीओ हरिशंकर कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान एसपी कार्यालय में कहीं। उन्होंने बताया कि उस पर हत्या, रंगदारी, फिरौती के लिए अपहरण, लूट आदि के करीब दर्जनभर संगीन केस दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि एसपी को एक साल से फरार मनोज यादव के हसनपुर बाजार में देखे जाने की सूचना मिली थी।

एसपी ने उसकी गिरफ्तारी के लिए मंझौल एसडीपीओ के नेतृत्व में छौड़ाही ओपी प्रभारी राजरतन, गढ़पुरा थानाध्यक्ष उदय कुमार, खोदावंदपुर थानाध्यक्ष बीरबल राय, दारोगा कमल किशोर सिंह की एक टीम बनाकर कार्रवाई करने का आदेश दिया। समस्तीपुर जिले के हसनपुर के थानाध्यक्ष के सहयोग से टीम ने छापेमारी कर उसे दबोच लिया।

एसडीपीओ ने बताया कि 29 अक्टूबर 2013 को मनोज यादव ने साजिश रचकर छौड़ाही इलाके में राजेश महतो की हत्या कर दी थी। हत्या को हादसे का रूप देने का प्रयास किया था। इधर, मनोज यादव ने पिछले साल 21 जुलाई को अपने भाई के हत्यारों से समझौता नहीं करने के कारण राजेश चौरसिया की हत्या सुपारी किलरों से करवा दी थी।

बदमाशों ने उसे दिनदहाड़े गोलियों से छलनी कर दिया था। राजेश के परिजनों ने मनोज यादव के भय से अज्ञात बदमाशों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। पुलिस अनुसंधान में सुपारी किलरों की गिरफ्तारी के बाद खुलासा हुआ था कि मनोज यादव ने ही राजेश की हत्या का तानाबाना बुना था। उन्होंने बताया कि आरोपित का मुख्य धंधा फिरौती के लिए अपहरण करना है। वह डकैती, लूट, फिरौती के लिए अपहरण समेत चार संगीन केसों में चार्जशीटेड है। उसने वर्ष 2002 में समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र में अपहरण की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में भी वह चार्जशीटेड है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें