फोटो गैलरी

Hindi Newsगोपालगंज में गंडक का कहर, कृषि विज्ञान केन्द्र का टूटा बांध

गोपालगंज में गंडक का कहर, कृषि विज्ञान केन्द्र का टूटा बांध

नेपाल में लगातार बारिश के बाद बाल्मिकी नगर बराज से लगातार पानी छोड़े जाने से गोपालगंज जिले में गंडक नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार की सुबह कुचायकोट प्रखंड के सिपाया में कृषि...

गोपालगंज में गंडक का कहर, कृषि विज्ञान केन्द्र का टूटा बांध
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 28 Jul 2016 01:17 PM
ऐप पर पढ़ें

नेपाल में लगातार बारिश के बाद बाल्मिकी नगर बराज से लगातार पानी छोड़े जाने से गोपालगंज जिले में गंडक नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार की सुबह कुचायकोट प्रखंड के सिपाया में कृषि कृषि विज्ञान केन्द्र का बांध पानी के दबाव से टूट गया। इससे पूरे कृषि विज्ञान केन्द्र और पास में स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। पानी प्रवेश कर जाने से सुबह से ही इस कैंपस में अफरातफरी मच गई। 

पॉलिटेक्निक कॉलेज में भी पानी आ जाने से इसको राहत कैंप के रुप में इस्तेमाल करने की योजना पर भी पानी फिर गया। इसका पानी अभी कैंपस में घुसा है लेकिन जलस्तर बढ़ता जा रहा है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि कमरों में भी पानी घुस जाएगा।

बीज और पौधों का नुकासान 
कृषि विज्ञान केन्द्र में बाढ़ का पानी प्रवेश कर जाने से तैयार बीज और पौधों का नुकसान हुआ है। करीब लाखों रुपए खर्च कर सिपाया कृषि फार्म में तरह- तरह के प्रयोग करने के लिए बीज लगाए गए थे। पानी कैंपस में करीब दो फुट गया है। इसमें सभी बीज और पौधे  डूब गए हैं। 

बांध से तेजी से हो रहा बहाव 
बांध टूट जाने के बाद पानी का बहाव काफी तेजी से हो रहा है। गंडक का पानी अब पॉलिटेक्निक कॉलेज कैंपस और कृषि फार्म में घुसा रहा है। आसपास के लोगों को जैसे ही पता चला कि बांध टूटा है तो बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर पानी के बहाव को देखा और अपने को बचाव को लेकर पलायन करना शुरू कर दिया। 

डीएम का कहना है 
बांध टूटने की सूचना मिली है। अभी अधिकारियों को वहां भेजा गया है। इस बांध को बांधने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, यह भी देखा जा रहा है कि इस पानी में कोई फंसा नहीं रहे। बल्कि, सभी लोगों को आपदा राहत शिविरों में पहुंचा दिया जाए। पानी का डिस्चार्ज कम है। लेकिन, बराबर पानी छोड़े जाने से जलस्तर में कोई कमी नहीं आ पा रही है। प्रशासन अलर्ट है। 
राहुल कुमार, डीएम।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें