फोटो गैलरी

Hindi Newsबिहार: रेल मंत्री का आदेश, आज से ही चलेगी बाढ़ स्पेशल ट्रेन

बिहार: रेल मंत्री का आदेश, आज से ही चलेगी बाढ़ स्पेशल ट्रेन

जमालपुर से साहिबगंज के बीच स्पेशल डीईएमयू ट्रेन चलेगी। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन के पत्र पर संज्ञान लेते हुए रेल मंत्री सुरेश प्रभु तत्काल प्रभाव से बाढ़ पीड़ितों के लिए यह व्यवस्था...

बिहार: रेल मंत्री का आदेश, आज से ही चलेगी बाढ़ स्पेशल ट्रेन
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 30 Aug 2016 08:08 AM
ऐप पर पढ़ें

जमालपुर से साहिबगंज के बीच स्पेशल डीईएमयू ट्रेन चलेगी। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन के पत्र पर संज्ञान लेते हुए रेल मंत्री सुरेश प्रभु तत्काल प्रभाव से बाढ़ पीड़ितों के लिए यह व्यवस्था करने को कहा है। लिहाजा पूर्व रेलवे ने 30 अगस्त से ही बाढ़ स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। एनएच 80 बाधित होने के मद्देनजर बाढ़ पीड़ितों के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग को हिन्दुस्तान ने प्रमुखता उठाया था। 

बाढ़ पीड़ितों के लिए स्पेशल ट्रेन इससे पहले भी चलायी गई थी। लेकिन इस साल बाढ़ की विभीषिका अधिक होने के बाद भी मालदा रेल मंडल प्रशासन ने स्पेशल ट्रेन का प्रस्ताव नहीं दिया था। अलबत्ता डीआरएम ने यह कहकर रेलवे की जिम्मेदारी से मुंह मोड़ लिया था कि बाढ़ राहत कार्य स्टेट इश्यू है। लेकिन भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने हिन्दुस्तान की पहल पर न सिर्फ रेल मंत्री सुरेश प्रभु को भागलपुर और आसपास के जिलों में बाढ़ के कारण आवागमन की समस्याओं के बारे में पत्र से अवगत कराया बल्कि उन्होंने सोमवार को उनसे मिलकर भी स्पेशल ट्रेन की नितांत आवश्यकता बतायी। 

रेल मंत्री ने इसपर संज्ञान लेकर तुरंत पूर्व रेलवे को निर्देश दिया। स्पेशल ट्रेन चलाने की औपचारिक सूचना सोमवार की शाम को चीफ पीआरओ और मालदा के डीआरएम मोहित सिन्हा दोनों ने दी है। हालांकि, पूर्व रेलवे ने अभी इस ट्रेन को 30 अगस्त, 31 अगस्त और 1 सितंबर को चलाने का आदेश दिया है। लेकिन अगर जरूरत पड़ी तो ट्रेन की सेवा को विस्तार भी दिया जा सकता है। 

बाढ़ स्पेशल की यह होगी समय सारिणी 
जमालपुर से सुबह 7.45 में खुलेगी 
भागलपुर पहुंचेगी सुबह 9.30 बजे 
साहिबगंज पहुंचेगी दिन के 12 बजे 

वापसी
साहिबगंज से 12.30 बजे 
भागलपुर पहुंचेगी लगभग 3 बजे 
जमालपुर पहुंचेगी शाम 6.15 बजे   

वनांचल एक्सप्रेस 1 अक्टूबर से नए समय पर चलेगी 
भागलपुर। एक अक्टूबर से वनांचल एक्सप्रेस (वाया सैंथिया) नए समय सारिणी पर चलेगी। अब यह ट्रेन भागलपुर से 3.40 की जगह 7.05 में खुलेगी और रांची सुबह 5.15 की जगह 8.40 बजे पहुंचेगी। रांची से वनांचलन एक्सप्रेस दिन में 2.45 की जगह शाम के 7.15 बजे खुलेगी और भागलपुर 5.15 की जगह 10.10 बजे पहुंचेगी। यह जानकारी स्टेशन अधीक्षक ओंकार प्रसाद ने दी है। एक अक्टूबर से कुछ और ट्रेनों की समय सारिणी में बदलाव की संभावना है। हालांकि अभी तक मुख्यालय से सिर्फ वनांचल एक्सप्रेस के बारे में ही जानकारी दी गई है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें