बिहार: पूर्व विधायक रामनारायण राम के निधन पर शोक की लहर
राजपुर विधानसभा (सु.) के पूर्व बीजेपी विधायक रामनारायण राम ने रविवार को बक्सर स्थित आवास पर रात्रि नौ बजे अंतिम सांस ली। बताया जाता है कि वे पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। रामनारायण राम के निधन...
राजपुर विधानसभा (सु.) के पूर्व बीजेपी विधायक रामनारायण राम ने रविवार को बक्सर स्थित आवास पर रात्रि नौ बजे अंतिम सांस ली। बताया जाता है कि वे पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। रामनारायण राम के निधन की खबर मिलते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई।
सत्यदेवगंज रोड स्थित नगर परिषद कार्यालय के पीछे उनके आवास पर देर रात मातमपूर्सी करने वालों का तांता लग गया। अहले सुबह से राजपुर विधानसभा और उनके पैतृक गांव सोनपा से लोगों का आने का सिलसिला शुरू हो गया। रामनारायण राम पेशे से शिक्षक थे। सन् 1977 से राजनीति में सक्रिय हुए। पूर्व विधायक के राजनीतिक सहपाठी रहे बिनोद राय ने बताया कि बीजेपी की टिकट पर वह पहली बार 1980 में चुनाव लड़े, जिसमें महज 600 मतों से हार गए। दूसरी बार 1985 में दोबारा बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़े। उस चुनाव में उन्हें भारी बहुमत से जीत मिली। उनके सभी प्रतिद्वंदी उम्मीदवारों की जमानत जप्त हो गई थी। वहीं 1985 में उन्होंने एक बार फिर जीत कर राजपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किए।
1990 में सीपीआई के उम्मीदवार अर्जुन राम से चुनाव हार गए। भाजपा जेडीयू का गठबंधन होने के बाद उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा। उनके आवास से दिन के करीब ग्यारह बजे शव यात्रा निकली गई। शव यात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। पूर्व विधायक का अंतिम संस्कार चरित्रवन स्थित श्मशान घाट पर किया गया। राजपुर, सोनपा और शहर के लोगों ने घाट पर उन्हें अंतिम विदाई दी।