फोटो गैलरी

Hindi Newsयुवक को घर से बुलाकर मारी गोली

युवक को घर से बुलाकर मारी गोली

अलीगंज दुर्गा स्थान के पास (रोशनचक) में रहनेवाले युवक अजीत साह (35) को अपराधियों ने शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे गोली मारकर घायल कर दिया। उसे दो गोलियां मारी गई हैं। घटना मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र...

युवक को घर से बुलाकर मारी गोली
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 23 May 2015 11:04 AM
ऐप पर पढ़ें

अलीगंज दुर्गा स्थान के पास (रोशनचक) में रहनेवाले युवक अजीत साह (35) को अपराधियों ने शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे गोली मारकर घायल कर दिया। उसे दो गोलियां मारी गई हैं। घटना मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के करेला बगीचे की है। घर से बुलाकर अपराधियों ने पहले शराब पिलाई, फिर गोली मार दी।

घटना के बाद दोस्तों और परिजनों ने उसे मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। देर रात बरारी पुलिस ने बयान दर्ज किया। इसमें चार लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस के अनुसार अजीत साह भी आपराधिक प्रवृत्ति का है। पहले उसके पास चूड़ा मिल था लेकिन फिलहाल वह कुछ नहीं कर रहा था। घटना का कारण आपसी विवाद और रंगदारी नहीं देना बताया जा रहा है।

अजीत साह ने बताया कि महेशपुर का कुंदन यादव और शैलेंद्र यादव उसे घर से बुलाकर ले गया था। सभी बाइक से शाम में करेला बगीचा पहुंचे थे। वहां पर शंभू यादव और मुकेश यादव उर्फ मुक्को यादव पहले से मौजूद था। शंभू यादव से अजीत साह का विवाद चल रहा है। अजीत के अनुसार पहले सबने शराब पी। फिर पहले एक गोली पीछे से मारी और एक गोली आगे से मारी दी। पेट और पंजरे में गोलियां लगी हैं, डॉक्टरों ने उसकी हालत को बेहद गंभीर बताया है। अजीत ने बताया कि शंभू और मुक्को ने उसे गोली मारी है।

चश्मदीद बादल के अनुसार जब वह बगीचे में पहुंचा तो अजीत पेट पकड़कर चिल्ला रहा था। हालांकि बादल और अजीत के बयानों में विरोधाभास है। बादल ने बताया कि अजीत जिन लड़कों (कुंदन और शैलेंद्र) के साथ गया था वे लोग सही नहीं हैं, इसका अंदेशा मुझे पहले से ही था।
इसीलिए शाम में जब उसके साथ अजीत को देखा तो वह पीछे-पीछे लग गया। बबरगंज थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि अजीत को गोली मारी गई है। मामले की जांच की जा रही है। उस पर बबरगंज थाने में दो मामले दर्ज हैं। पुलिस उसकी भी पड़ताल कर रही है। जिन लोगों पर अजीत ने आरोप लगाया है उन पर भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

घटनास्थल को लेकर उभरा मतभेद: युवक को गोली मारे जाने के बाद एक बार फिर घटनास्थल को लेकर पुलिस अधिकारियों में मतभेद सामने आ गया। घटना के बाद मायागंज अस्पताल बबरगंज और बरारी थाने की पुलिस पहुंची। लेकिन घटनास्थल मधुसूदनपुर में था। बबरगंज पुलिस ने मधुसूदनपुर को घटना की सूचना दी तो प्रभारी ने कहा कि उनके यहां कोई घटना नहीं घटी है। इसके बाद बरारी पुलिस को बयान दर्ज करना पड़ा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें