फोटो गैलरी

Hindi Newsपांच राज्यों के चुनाव में कांग्रेस कर रही पुनर्वापसी : सदानंद

पांच राज्यों के चुनाव में कांग्रेस कर रही पुनर्वापसी : सदानंद

कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता सदानंद सिंह ने दावा किया कि पांच राज्यों के चुनाव में मतदान के रुझान के अनुसार कांग्रेस पुनर्वापसी कर रही है। इससे वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तस्वीर साफ हो...

पांच राज्यों के चुनाव में कांग्रेस कर रही पुनर्वापसी : सदानंद
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 16 Feb 2017 06:21 PM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता सदानंद सिंह ने दावा किया कि पांच राज्यों के चुनाव में मतदान के रुझान के अनुसार कांग्रेस पुनर्वापसी कर रही है। इससे वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तस्वीर साफ हो जाएगी।

गुरुवार को जारी बयान में श्री सिंह ने कहा कि पंजाब, गोवा, उत्तराखंड और उत्तरप्रदेश के दो चरणों के मतदान में मतदाताओं का उत्साह कांग्रेस और उसके गठबंधन के पक्ष में जाता है। कहा कि पंजाब में 75 प्रतिशत और गोवा में 83 प्रतिशत मतदान होने का तात्पर्य है कि वहां की जनता ने परिवर्तन के लिए मतदान किया है। वहीं, उत्तराखंड में हुए 68 प्रतिशत मतदान वहां की रावत सरकार में जनता के विश्वास का द्योतक है।

केंद्र छिड़क रहा बिहार के जख्म पर नमक

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं विधान पार्षद रामचंद्र भारती ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बिहार के जख्म पर नमक छिड़क रही है। गुरुवार को जारी बयान में उन्होंने बिहार के बाढ़ पीड़ितों की सहायता में केंद्र द्वारा अपनाए जा रहे उपेक्षापूर्ण रवैया पर आक्रोश जताया। श्री भारती ने कहा कि छह महीनें पूर्व बिहार में बाढ़ के रूप में आयी प्राकृतिक आपदा ने जख्म दिया था। केंद्र सरकार मानवता के नाते उस पर मरहम लगाने की बजाए नमक छिड़क रही है। प्राकृतिक आपदा पर भी केंद्र की भाजपा सरकार राजनीति कर रही है। उन्होंने मांग की केंद्र बिहार के साथ भेदभावपूर्ण रवैया बंद करें अन्यथा बिहार की जनता केन्द्र के खिलाफ सड़क पर उतरेगी।

बिहार का विकास रोकने पर आमदा है केंद्र

राष्ट्रीय सोनिया गांधी ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष सौरव वर्मा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बिहार का विकास रोकने पर आमदा है। गुरुवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष के बजट घोषणा के अनुरुप बिहार को पूरी राशि नहीं दी जा रही है जबकि वर्तमान वित्तीय वर्ष की समाप्ति में मात्र 43 दिन शेष बचे हैं। वहीं, इस वर्ष केंद्रीय बजट में बिहार की अनदेखी कर भाजपा ने अपनी मंशा जगजाहिर कर दी है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें