फोटो गैलरी

Hindi Newsनीतीश ने पेश किया सरकार बनाने का दावा

नीतीश ने पेश किया सरकार बनाने का दावा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को राज्यपाल रामनाथ कोविंद के समक्ष महागठबंधन की सरकार बनाने का दावा पेश किया। श्री कुमार महागठबंधन का नेता चुने जाने के बाद सीधे राजभवन गए। राजद के राट्रीय अध्यक्ष...

नीतीश ने पेश किया सरकार बनाने का दावा
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 14 Nov 2015 07:22 PM
ऐप पर पढ़ें

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को राज्यपाल रामनाथ कोविंद के समक्ष महागठबंधन की सरकार बनाने का दावा पेश किया। श्री कुमार महागठबंधन का नेता चुने जाने के बाद सीधे राजभवन गए। राजद के राट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव समेत महागठबंधन के कई नेता भी उनके साथ थे। नीतीश कुमार व लालू प्रसाद एक ही कार में बैठ कर विधान परिषद से राजभवन के लिए रवाना हुए। वहां श्री कुमार ने सरकार बनाने का दावा पेश किया।

शनिवार को दिन भर राजनीतिक गतिविधियां जारी रही। सबसे पहले सुबह राज्य मंत्रीपरिषद की बैठक हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राजभवन जा कर अपना इस्तीफा सौंपा। साथ ही 15वीं विधानसभा को भंग करने सिफारिश की। इसके बाद, जदयू, राजद व कांग्रेस के विधायक दल की अलग-अलग बैठकें हुई। फिर, तीन बजे महागठबंधन की बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना गया।

महागठबंधन एकजुट होकर सरकार चलाएगा : नीतीश
सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि महागठबंधन के तीनों घटक दलों के शिष्टमंडल ने राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात की। विधानमंडल दल के निर्णय की सूचना राज्यपाल को दी। राज्यपाल ने मुझे सरकार बनाने का औपचारिक रूप से आमंत्रण पत्र दिया।

श्री कुमार ने बताया कि महागठबंधन की बैठक में सभी दल के नेताओं ने कहा कि जिस तरह से चुनाव के दौरान तीनों घटक दलों ने एकजुटता दिखाई है, उसी प्रकार एकजुट होकर सरकार चलाएंगे। न्याय के साथ विकास होगा। राज्य में कानून का राज कायम है और रहेगा। आपस में मिलजुल कर परस्पर सद्भाव के साथ काम करेंगे। सरकार में तीनों दलों के मंत्री शामिल होंगे। जनता की जो अपेक्षाएं हैं, उसे पूरा करेंगे। इसके लिए महागठबंधन का न्यूनतम साझा कार्यक्रम निर्धारित हैं, इसमें मेरे सात निश्चय भी शामिल हैं।

श्री कुमार ने कहा कि बिहार की जनता ने दो तिहाई बहुमत का जनादेश काम करने के लिए दिया है। मैं राज्य की जनता को आश्वस्त करना चाहता हूं कि बिहार विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा। कानून का राज रहेगा। बिना किसी भेदभाव के काम करेंगे। चुनाव के दौरान जो बातें हुईं, उसको लेकर कोई चर्चा नहीं करना चाहूंगा। सभी वगेरं का विकास होगा। किसी वर्ग के साथ भेदभाव की भावना से काम नहीं करेंगे। विपक्ष से भी विकास के लिए सहयोग की अपेक्षा है।

20 को 2 बजे गांधी मैदान में शपथ ग्रहण
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह 20 नवंबर को गांधी मैदान में दो बजे दिन में होगा। शपथ ग्रहण समारोह में औपचारिक रूप से कई व्यक्तियों को निमंत्रण पत्र दिया जाएगा। मंत्रिमंडल में तीनों दलों के नेता शामिल होंगे। मंत्रिमंडल के आकार को लेकर संवैधानिक सीमा पहले से निर्धारित है। एक प्रश्न पर कहा कि मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले सदस्यों को लेकर सबकुछ तय हो चुका है, लेकिन इसकी जानकारी शपथ ग्रहण समारोह के दिन दी जाएगी।

टाईमलाइन
10.00 बजे : पुराना सचिवालय में मंत्रिपरिषद की अंतिम बैठक, विधानसभा भंग करने की सिफारिश
11.00 बजे : मुख्यमंत्री राजभवन गए। राज्यपाल को मंत्रिमंडल समेत मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंपा
11.40 बजे : सात सर्कुलर रोड में जदयू के नवनिर्वाचित विधायक व विधान पार्षदों की बैठक हुई
03.00 बजे : विधान परिषद के एनेक्सी में महागठबंधन के नए विधायकों व विधान पार्षदों की बैठक
05.00 बजे : महागठबंधन नेताओं के साथ नीतीश कुमार राजभवन गए। सरकार बनाने का दावा पेश किया

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें