फोटो गैलरी

Hindi Newsचार दिनों से जारी डॉक्टरों की हड़ताल समाप्त

चार दिनों से जारी डॉक्टरों की हड़ताल समाप्त

सहरसा के दो डॉक्टरों से रंगदारी मांगने के मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और सुरक्षा देने की मांग को लेकर चार दिनों से चल रही डाक्टरों का हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गयी। दोपहर के बाद सभी...

चार दिनों से जारी डॉक्टरों की हड़ताल समाप्त
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 26 Feb 2016 06:23 PM
ऐप पर पढ़ें

सहरसा के दो डॉक्टरों से रंगदारी मांगने के मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और सुरक्षा देने की मांग को लेकर चार दिनों से चल रही डाक्टरों का हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गयी।

दोपहर के बाद सभी डॉक्टर काम पर लौट आए हैं। आईएमए और भासा से जुड़े डॉक्टरों के प्रमंडलीय शिष्टमंडल की डीआईजी चंद्रिका प्रसाद, डीएम विनोद सिंह गुंजियाल व एसपी अश्विनी कुमार से हुई वार्ता के बाद डॉक्टरों ने हड़ताल समाप्त की।

अधिकारियों से वार्ता के बाद रेडक्रॉस भवन में आईएमए, भासा, डेंटल व आयुष डॉक्टरों की हुई बैठक में हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया। आईएमए सचिव डा. गणेश कुमार के हवाले से डीएम को सौंपे ज्ञापन में कहा गया कि प्रमंडलीय शिष्टमंडल की डीआईजी, डीएम व एसपी से हुई सकारात्मक वार्ता के बाद अपराधियों पर कार्रवाई के लिए अधिकारियों द्वारा मांगे गए 10 दिनों के समय पर विचार किया गया।

साथ ही यह निर्णय लिया गया कि जिला प्रशासन को 15 दिनों का समय दिया जाए और हड़ताल समाप्त कर दी जाए। फिर 13 मार्च को प्रमंडल स्तरीय आईएमए की बैठक की जाएगी जिसमें प्रशासन द्वारा की गयी कार्रवाई की समीक्षा  होगी। कार्रवाई नहीं होने पर आगे के आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।

मालूम हो कि शहर के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. आईडी सिंह व डॉ. ब्रजेश सिंह से रंगदारी मांगने के बाद मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर सहरसा के आईएमए और भासा से जुड़े डॉक्टरों ने 22 फरवरी से हड़ताल शुरू की थी। इसके दो दिनों बाद सुपौल और मधेपुरा के डॉक्टर भी हड़ताल में शामिल हो गए थे। सहरसा के डॉक्टर से रंगदारी मांगने के मामले में राज्य आईएमए ने भी डीजीपी से मिल अपराधियों पर कार्रवाई की मांग की थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें