फोटो गैलरी

Hindi Newsनोटबंदी से ममता और मायावती के चेहरे का नूर गायब: अमित शाह

नोटबंदी से ममता और मायावती के चेहरे का नूर गायब: अमित शाह

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि नोटबंदी के बाद से मायावती और ममता बनर्जी के चेहरे का नूर उड़ गया है। समझ नहीं आ रहा है कि इनका क्या लुट गया है। सात नवंबर से पहले तक पूरा विपक्ष मोदी जी...

नोटबंदी से ममता और मायावती के चेहरे का नूर गायब: अमित शाह
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 17 Dec 2016 06:52 PM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि नोटबंदी के बाद से मायावती और ममता बनर्जी के चेहरे का नूर उड़ गया है। समझ नहीं आ रहा है कि इनका क्या लुट गया है। सात नवंबर से पहले तक पूरा विपक्ष मोदी जी से पूछता था कि कालेधन पर क्या कर रहे हो। आठ नवंबर के बाद से विपक्ष ने कहना शुरू कर दिया कि मोदी जी यह क्या कर दिया। वे शनिवार को शाहजहांपुर के मोदी मैदान में परिवर्तन रैली को संबोधित कर रहे थे।

राहुल गांधी पर वार करते हुए उन्होंने कहा, राहुल बाबा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ढाई साल का हिसाब पूछते हैं। अपनी सरकार के दस साल के भ्रष्टाचार का जनता को जवाब दें। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने अंतरिक्ष से लेकर पाताल तक 12 लाख करोड़ के घोटाले किए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि आलू की फैक्ट्री लगाने वाले उत्तर प्रदेश में विकास करने चले हैं। राहुल गांधी को नहीं पता कि आलू जमीन के अंदर पैदा होता है। उसकी फैक्ट्री लगा रहे हैं।

उन्होंने अपने भाषण के दौरान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को घेरा। उनके चाचा शिवपाल सिंह का भी नाम लिया। बोले, सपा और बसपा के बीच में फंसकर यूपी का विकास रुक गया। भाषण के दौरान उन्होंने अखिलेश यादव पर आरोप लगाया कि केंद्र की योजनाओं को यूपी में लागू नहीं किया जा रहा है, क्योंकि अखिलेश यादव नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता से डरते हैं। राजनीतिक लाभ के लिए सपा सरकार केंद्र की योजनाओं को अपने नाम से चला रही है।

परिवर्तन रैली में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णाराज, नेता विधानमंडल दल सुरेश कुमार खन्ना, दिल्ली के सांसद रमेश विधूड़ी, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, रैली संयोजक हर्षवर्धन, विधायक रामसरन, विधायक रोशनलाल वर्मा, जिलाध्यक्ष राकेश मिश्रा आदि लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें