फोटो गैलरी

Hindi Newsभाजपा विधायक की टोल पर गुंडई, कर्मचारियों को पीटा

भाजपा विधायक की टोल पर गुंडई, कर्मचारियों को पीटा

दिल्ली से आ रहे भाजपा विधायक ने अपने समर्थकों के साथ फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा पर गुंडई की। काफिला रोके जाने से नाराज कार्यकर्ताओं ने टोल कर्मचारियों से बदसलूकी की। उनके साथ मारपीट की। इसके बाद...

भाजपा विधायक की टोल पर गुंडई, कर्मचारियों को पीटा
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 20 Apr 2017 02:26 AM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली से आ रहे भाजपा विधायक ने अपने समर्थकों के साथ फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा पर गुंडई की। काफिला रोके जाने से नाराज कार्यकर्ताओं ने टोल कर्मचारियों से बदसलूकी की। उनके साथ मारपीट की। इसके बाद विधायक खुद मैदान में कूद पड़े और टोल कर्मचारियों को पीटा। विधायक ने किसी भी वाहन का टोल टैक्स नहीं देने दिया और पूरे काफिले के साथ धमकी देते हुए वहां से रवाना हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। टोल प्लाजा ने फतेहगंज पश्चिमी थाने में शिकायत भी की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा पर विधायक की गुंडई का वीडियो 2 दिन बाद वायरल हो गया है। वीडियो वायरल होने के साथ ही पार्टी संगठन इस पर पर्दा डालने की कोशिश में जुट गया। टोल ब्रिज पर उत्पात मचाने वाले विधायक सीतापुर के राकेश राठौर बताए जा रहे हैं। सीसीटीवी में जो रिकार्डिंग है, उसमें दिख रहा है कि विधायक अपने काफिले के साथ दिल्ली की तरफ से आ रहे थे। उनके साथ समर्थकों की गाड़ियां भी थीं। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि टोल प्लाजा पर कर्मचारियों ने विधायक और उनके समर्थकों को रोका। उनसे टोल टैक्स मांगा। फुटेज में साफ तौर पर नजर आता है की टोल ब्रिज पर विधायक की गाड़ी गुजरने के बाद उनके साथ चल रहे काफिले के वाहनों को टोल कर्मचारी रुकते हैं।

पहले विधायक के समर्थकों की टोल कर्मचारियों से कहासुनी होती है। इसके बाद टोल का बैरियर पार कर चुकी विधायक की गाड़ी से कुछ लोग उतरते हैं। इसमें केसरिया कुर्ता पहने विधायक भी साथ आते हैं। दोनों तरफ से पहले नोकझोंक होती है और फिर समर्थक टोल कर्मचारियों को पीटना शुरू कर देते हैं। टोल कर्मचारियों के साथ बदसलूकी और मारपीट के बाद विधायक खुद बैरियर पर खड़े होकर जबरन अपने काफिले के वाहनों को बगैर टोल टैक्स दिए निकालते हैं। इसके बाद कर्मचारियों को धमकी देकर वह खुद भी वहां से निकल जाते हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। टोल मैनेजर वैभव शर्मा ने इसकी तहरीर भी थाने में दी है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

सत्ता के दबाव में अफसर

विधायक की गुंडई का वीडियो वायरल होने के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पुलिस साफ तौर पर सत्ता के दबाव में दिख रही है। भाजपा की सरकार बनने के बाद सत्ता पक्ष के विधायक की खुलेआम गुंडई को एसएसपी, एसपी देहात समेत अन्य अफसर दबाने में जुटे हैं। जबकि फुटेज में साफ दिख रहा है कि टोल प्लाजा पर मारपीट, गुंडई हुई है।

पुलिस ने मुकदमा तक नहीं लिखा

घटना की तहरीर थाने में देने के साथ ही आलाधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है। इसके बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं होना पुलिस की मंशा पर सवाल खड़े कर रहा है। अधिकारियों ने मामले की जांच कराना तक उचित नहीं समझा। सरकार के बेहद करीबी माने जाने वाले जिले के आला अफसर ने तो मामला रफादफा करने के लिए दबाव तक बनाना शुरू कर दिया है।

भाजपा के विधायक राकेश राठौर ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की थी। जबरन गाड़ियां वहां से निकाली। टोल टैक्स तक नहीं दिया। इसकी शिकायत फतेहगंज पश्चिमी थाने में की गई है लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।

- वैभव शर्मा, टोल टैक्स मैनेजर

मैं तो दिल्ली गया ही नहीं हूं। कई दिन से लखनऊ में ही हूं। टोल प्लाजा पर किसी से झगड़ा नहीं हुआ। जब वहां गया ही नहीं तो मारपीट की बात ही कैसे सही हो सकती है।

- राकेश राठौर, भाजपा विधायक, सीतापुर

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें