फोटो गैलरी

Hindi Newsस्लाटर पहुंचे डीएम, अव्यवस्थाओं पर खूब फटकारा

स्लाटर पहुंचे डीएम, अव्यवस्थाओं पर खूब फटकारा

शाहजहांपुर के ककरा मोहल्ला स्थित स्लाटर हाउस का शनिवार सुबह डीएम ने निरीक्षण किया। वह सुबह करीब साढ़े आठ बजे स्लाटर हाउस पहुंचे। साथ में कई अफसर थे। नगर पालिका के ईओ मुनेंद्र सिंह राठौर ने स्लाटर हाउस...

स्लाटर पहुंचे डीएम, अव्यवस्थाओं पर खूब फटकारा
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 25 Mar 2017 01:52 PM
ऐप पर पढ़ें

शाहजहांपुर के ककरा मोहल्ला स्थित स्लाटर हाउस का शनिवार सुबह डीएम ने निरीक्षण किया। वह सुबह करीब साढ़े आठ बजे स्लाटर हाउस पहुंचे। साथ में कई अफसर थे। नगर पालिका के ईओ मुनेंद्र सिंह राठौर ने स्लाटर हाउस के बारे में डीएम को जानकारी दी।

डीएम ने निरीक्षण के दौरान स्लाटर हाउस में गंदगी देखी तो ईओ पर बरस पड़े। बोले कि इतनी गंदगी में जानवर काटे जाएंगे तो लोग उसे खाने से बीमार हो जाएंगे। कहा कि जब तक इस स्लाटर हाउस से एक-एक मक्खी न भगा दी जाए, तब तक यहां काम नहीं होने दिया जाएगा। स्लाटर हाउस में हुए गोदाम के निर्माण में डीएम ने अनियमितता देख ईओ से नक्शा मांगा। डीएम ने कहा कि मैं देखना चाहता हूं कि निर्माण की नियम और मानक क्या थे और निर्माण हुआ कैसे है। उन्होंने वहां पड़ी मौरंग को देखा। हाथ में उठाया और कहा कि काली मौरंग में खेल करते हो, मिटटी मिलाते हो। लाल मौरंग का इस्तेमाल क्यों नहीं किया। सबकी जांच कराऊंगा। उन्होंने स्लाटर हाउस के बाथरूम के बारे में पूछा, लेकिन उसमें ताला पड़ा हुआ था, इस पर भी उन्होंने फटकार लगाई। 

स्लाटर हाउस में हो रहे निर्माण के दो पत्थर लगे हुए डीएम ने देखे। एक पत्थर शिलान्यास का था, दूसरा पत्थर लोकार्पण का था। दोनों ही पत्थर एक ही कार्य से संबंधित बताए गए। डीएम ने ईओ से कहा कि काम पूरा नहीं हो सका और लोकार्पण का पत्थर भी लगवा दिया। कहा कि तुम लोग सरकार की छवि खराब कर रहे हो, अपनी कार्यशैली में सुधार लाने के लिए ईओ से डीएम ने कहा।

डीएम स्लाटर हाउस का निरीक्षण कर बाहर निकले तो पास के एक मकान से महिला निकली। वह अपने हाथ में कूड़ा लिए हुए थी। डीएम ने उसे देखा और कूड़ा सड़क पर डालने से रोका। इस पर महिला ने डीएम से कहा कि आज के बाद वह सड़क पर कूड़ा नहीं फेंकेगी। डीएम उससे कुछ और कह पाते कि उसने सड़क किनारे कूड़ा डाल दिया। इस पर डीएम ने उसे खूब समझाया भी।

ककरा मोहल्ले में स्लाटर हाउस के पास में कुछ मकानों का निर्माण कार्य चल रहा था। डीएम ने मकानों को देखा तो उसके नक्शे मांगे। नक्शे तो कोई दे नहीं सका। इस पर ईओ से कहा कि सभी मकानों के नक्शे पास होंगे तो ही बनेंगे, वरना सभी निर्माणाधीन मकानों को जेसीबी मंगवा कर गिरवा दो। कहा कि स्लाटर हाउस के पास वैसे भी आबादी नहीं हो सकती है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें