फोटो गैलरी

Hindi Newsदो भाइयों से नगदी, बाइक व मोबाइल लूटी

दो भाइयों से नगदी, बाइक व मोबाइल लूटी

ससुराल से वापस लौट रहे दो भाईयों से बदमाशों ने सोमवार की रात स्थानीय थाना क्षेत्र के जेपी नगर मार्ग पर नगदी, बाइक व मोबाइल लूट लिया। पीड़ितों की सूचना पर पुलिस जांच में जुट गयी। हालांकि फिलहाल अभी तक...

दो भाइयों से नगदी, बाइक व मोबाइल लूटी
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 25 Apr 2017 05:00 PM
ऐप पर पढ़ें

ससुराल से वापस लौट रहे दो भाईयों से बदमाशों ने सोमवार की रात स्थानीय थाना क्षेत्र के जेपी नगर मार्ग पर नगदी, बाइक व मोबाइल लूट लिया। पीड़ितों की सूचना पर पुलिस जांच में जुट गयी। हालांकि फिलहाल अभी तक इस मामले में किसी प्रकार का सुराग नहीं मिल सका है।

बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र के प्रमोद तिवारी की ससुराल इलाके के देवनंदन पांडेय के टोला (अठगांवा) में है। सोमवार को वह छोटे भाई प्रभात के साथ किसी काम से ससुराल आये थे। रात करीब आठ बजे दोनों भाई घर जाने के लिये मोटरसाइकिल से निकले। बाइक दो दिन पहले ही खरीदी गयी थी। अठगांवा से निकलने के बाद वे चांददियर-जय प्रकाश नगर मार्ग से गुजर रहे थे। इसी बीच सठिया ढाला के पास पहले से मौजूद आधा दर्जन बदमाशों ने दोनों भाईयों को रोक लिया। बदमाश हथियार के बल पर दोनों भाईयों से लूट का प्रयास करने लगे। इसका विरोध करने पर लूटेरों ने कट्टे की मुठिया से 30 वर्षीय प्रमोद के सिर पर प्रहार कर दिया। वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश बाइक के साथ ही उनके पास मौजूद 22 हजार रुपये नगद व दोनों भाईयों का मोबाइल लूटकर फरार हो गये।

घायल भाई को सम्भालने के साथ ही प्रभात ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग पहुंच गये। घटना से पुलिस को अवगत कराया गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर सुराग तलाशने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इस सम्बंध में चौकी प्रभारी चांददियर रामदिनेश तिवारी का कहना है कि जानकारी मिलने के बाद से जांच-पड़ताल की जा रही है।

ताबड़तोड़ हो रही वारदातों से बैरिया में दहशत

बैरिया। हिन्दुस्तान संवाद

केस : एक

13 अप्रैल को मुरलीछपरा के पूर्व ब्लाक प्रमुख अनिरुद्ध यादव के भाई सुनील यादव की बाइक चोरी करने के बाद डिग्गी तोड़कर चार लाख रुपये उच्चकों ने गायब कर दिये। टोलाशिवन राय गांव से गायब हुई बाइक के साथ ही एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि काफी प्रयास के बाद भी रुपयों के बारें में जानकारी नहीं हो सकी।

केस: दो

14 अप्रैल को रेवती थाना क्षेत्र के नारायणगढ़ निवासी आभूषण व्यापारी नितेश वर्मा से बदमाशों ने लूट का प्रयास किया। हालांकि व्यापारी व उसके पिता गीतानंद वर्मा के विरोध के कारण बदमाशों को कामयाबी नहीं मिल सकी। घटना दुर्जनपुर पंचायत भवन के पास उस समय हुई जब वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इस मामले में पुलिस के हाथ अबतक खाली है।

केस: तीन

19 अप्रैल : बैरिया बाजार निवासी बिस्कुट व्यापारी मनोज कुमार से बदमाशों ने हथियार के बल पर 35 हजार रुपये लूट लिये। घटना के समय कारोबारी तगादा कर बाइक से बैरिया लौट रहा था। इसी बीच लालगंज-बैरिया मार्ग पर स्थित चांदपुर गांव के पास बुलेट सवार दो बदमाशों ने हथियार के बल पर रोकने के बाद रूपया लेकर फरार हो गये।

क्षेत्र में कुछ दिनों से हो रही लूट व छिनैती की घटनाओं से लोग दहशत में है। ताबड़तोड़ हो रही वारदातों से व्यापारी वर्ग में खौफ है, तो आम आदमी भी भयभीत है। चालू एक पखवारा के अंदर लूट के प्रयास, चार लाख की उच्चकागिरी और फिर लूट की घटनाओं से लोग सकते में हैं। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद कानून-व्यवस्था सख्त करने का दावा किया जा रहा था। हालांकि द्वाबा में कुछ दिनों के अंदर हुई वारदातों ने सवाल खड़ा कर दिये हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें