बिहार में नहीं चल पाएगा झारखंड वाला मोर्चा
राजद-लोजपा का मोर्चा बिहार विधानसभा के चुनाव में कायम रहेगा। मगर इसमें दो प्रमुख वाम दल शामिल रहेंगे, इस पर संदेह है। भाकपा और माकपा में इस मोर्चे को बिहार चुनाव में जारी रखने के सवाल पर एक राय नहीं...
राजद-लोजपा का मोर्चा बिहार विधानसभा के चुनाव में कायम रहेगा। मगर इसमें दो प्रमुख वाम दल शामिल रहेंगे, इस पर संदेह है। भाकपा और माकपा में इस मोर्चे को बिहार चुनाव में जारी रखने के सवाल पर एक राय नहीं बन पा रही है। अधिक संभावना इस बात की है कि दोनों वाम दल किसी तीसरे से मोर्चाबंदी करें।
झारखंड चुनाव में राजद ने दोनों वाम दलों को दजर्न से अधिक सीटें दे दी थीं। मगर परिणाम आया तो दोनों दलों को घोर निराशा ही हाथ लगी। किसी सीट पर उनकी जीत नहीं हुई। वह भी इस हालत में जबकि कोयला खदान और कल-कारखाने वाले इलाके के मजदूरों के बीच वामदलों की अच्छी पैठ है।
यह अलग बात है कि राजद को भी झारखंड में उम्मीद से काफी कम कामयाबी हासिल हुई है। भाकपा के राज्य सचिव बद्रीनारायण लाल ने कहा कि, झारखंड में हमलोगों ने भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाया था। वह बेअसर रहा। पैसे के खेल में भी हम होड़ नहीं ले सकते थे।
उन्होंने कहा कि परिणाम का विश्लेषण करने के बाद ही मोर्चा के बारे में निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव के समय अलग रणनीति रहेगी। जाहिर है हम नए साथियों की भी पहचान कर रहे हैं।