फोटो गैलरी

Hindi Newsनहीं रहे पॉप के बेताज बादशाह माइकल जैक्सन

नहीं रहे पॉप के बेताज बादशाह माइकल जैक्सन

पॉप संगीत के बेताज बादशाह माइकल जैक्सन का दिल का दौरा पड़ने से गुरुवार को निधन हो गया। वह 50 वर्ष के थे। जैक्सन को दिल का जबरदस्त दौरा पड़ने के बाद लॉस एंजलिस के एक अस्पताल में ले जाया गया जहां उन्हें...

नहीं रहे पॉप के बेताज बादशाह माइकल जैक्सन
एजेंसीFri, 26 Jun 2009 10:47 AM
ऐप पर पढ़ें

पॉप संगीत के बेताज बादशाह माइकल जैक्सन का दिल का दौरा पड़ने से गुरुवार को निधन हो गया। वह 50 वर्ष के थे। जैक्सन को दिल का जबरदस्त दौरा पड़ने के बाद लॉस एंजलिस के एक अस्पताल में ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित किया गया।

लास एंजेलिस के कोरोनल फ्रेड कोरेल ने बताया कि उनके मौत के कारण का अभी पता नहीं लगा है और उनके शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। लॉस एंजेलिस टाइम्स और टीएमजेड एंटरटेनमेंट वेबसाइट ने पहले उनके आकस्मिक निधन की खबर दी थी।

उन्होंने बताया था कि माइकल जैक्सन घर में अस्वस्थ हो गए थे। अर्ध चिकित्साकर्मियों ने घर पहुंचने पर पाया कि वह सांस नहीं ले पा रहे हैं तो उन्होंने अस्पताल में उन्हें पहुंचाया। टीएमजेड ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि जैक्सन को उनके होलंबी हिल्स स्थित आवास में गुरुवार दोपहर दिल का दौरा पड़ा, लेकिन अर्ध चिकित्साकर्मी उन्हें बचा पाने में नाकाम रहे।

वेबसाइट ने कहा कि हमें बताया गया कि जब अर्ध चिकित्साकर्मी जैक्सन के घर पर पहुंचे तो पाया कि उनकी धड़कन नहीं चल रही है। लॉस एंजेलिस टाइम्स ने बताया कि अर्ध चिकित्साकर्मियों ने जैक्सन को यूसीएलए चिकित्सा केंद्र अस्पताल ले जाने से पहले घर पर उनका प्राथमिक उपचार किया था।

अस्पताल में जैक्सन के दाखिल होने के बाद उनके लगभग दो सौ प्रशंसक और रिपोर्टर बाहर उनका हाल चाल जानने के लिए इंतजार कर रहे थे। उनमें से कुछ प्रशंसक रो रहे थे, कुछ एक दूसरे से लिपटे हुए थे तो कुछ एक माइक्रोफोन स्टैन्ड पर उनकी झलक पाने के लिए बाड़ पर चढ़े हुए थे। वहां एक प्रेस कांफ्रेंस होने वाली थी।

जैक्सन की एक प्रशंसक 50 वर्षीय टोन्या ब्लेजर ने कहा कि मुझे लगता है कि वह भगवान के पास चले गए हैं और उन सभी मुसीबतों से छुटकारा पा गए हैं जिनसे वे घिरे हुए थे। उन्होंने कहा कि वह जैक्सन की 40 साल से भी अधिक समय से प्रशंसक हैं जब वे चाइल्ड स्टार थे। उनकी एक अन्य प्रशंसक 42 वर्षीय डान बुर्गीज ने कहा कि मैं ऐसा महसूस कर रही हूं जैसे मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रही हूं। उन्होंने बताया कि जब वह बच्ची थी तभी से उन्होंने अपने शयनकक्ष की दीवार पर माइकल जैक्सन के चित्र लगा रखे हैं।

थ्रिलर और बिली जीन सहित अपने कई सुपर हिट एलबमों से पॉप के बादशाह के नाम से मशहूर माइकल जैक्सन के बिल्कुल नए अंदाज के डांस ने पूरे विश्व में धूम मचा दी थी और दुनिया के अनेक देशों में उनके करोड़ों प्रशंसक मौजूद हैं। माना जाता है कि उनकी लाइफ टाइम रिकार्ड बिक्री लगभग 75 करोड़ डॉलर रही होगी।

जैक्सन का मानना था कि वह दिल से पीटर पैन है। बच्चों के साथ उनकी सोहबत, ऊंचे सुर वाली आवाज और बार-बार प्लास्टिक सर्जरी कराने के कारण उनके आलोचक भी काफी थे और उन्हें वैको जैको का उपनाम दिया गया था। माइकल जैक्सन ने 13 ग्रैमी एवार्ड हासिल किए। वह दुनिया के सर्वकालिक सर्वाधिक सफल कलाकारों में शामिल थे। लेकिन उनका जीवन भी विवादों से खाली नहीं था। उनपर बच्चों से दुराचार के आरोप लगे और 2005 में वह इन मामलों से बरी होने के बाद एकान्त जीवन व्यतीत कर रहे थे। वह 13 जुलाई से लंदन में कंसर्ट की शृंखला शुरू करने वाले थे, जिसका समापन मार्च 2010 में होना था। इसके लिए वह पिछले दो महीने से अभ्यास कर रहे थे। लंदन में उनके 50 कंसर्ट के लिए सभी टिकटों की बिक्री मार्च में कुछ मिनटों के भीतर ही हो गई थी।

29 अगस्त 1958 को इंडियाना के गैरी में जन्मे माइकल जैक्सन अपने माता-पिता के नौ बच्चों में सातवीं संतान थे। पांच जैक्सन बंधुओं जैकी, टिटो, जरमैन, मार्लोन, माइकल ने पहली बार एक साथ एक टैलेन्ट शो में भाग लिया था, उस समय माइकल छह वर्ष के उम्र के थे। इस शो में उन्हें पहला पुरस्कार मिला था, उसके बाद वे सबसे अधिक कमाऊ बैंड बन गए।


पहले उन्होंने अपने बैंड का नाम जैक्सन फाइव और बाद में जैक्सन पांच रखा। जैक्सन का पहला एकल एलबम 1972 में निकला और थ्रिलर 1982 में रिलीज हुआ, जो जबदस्त हिट रहा और 10 चोटी के एकल प्रदर्शनों में उसे सातवां स्थान मिला। इस एलबम की अमेरिका में दो करोड़ 10 लाख कापियां और दुनियाभर में कम से कम दो करोड़ 70 लाख कापियां बिकी।

अगले साल उन्होंने एक एमबीसी स्पेशल के दौरान बिली जीन का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रसिद्ध डांस शैली ‘मूनवाक’ का प्रदर्शन किया। 1994 में जैक्सन ने एलविस प्रिस्ले की एक मात्र पुत्री लीजा मैरी के साथ विवाह किया, लेकिन 1996 में उनका तलाक हो गया। उसी साल जैक्सन ने डैवी रोक के साथ विवाह किया, जिससे उनके दो बच्चे हुए। यह शादी भी 1999 में टूट गई और दोनों कभी एक साथ नहीं रहे।

जैक्सन के तीन बच्चे हैं, जिनके नाम प्रिंस माइकल प्रथम, पेरिस माइकल ऑफ प्रिंस माइकल द्वितीय है। जैक्सन के निधन की खबर सुनते ही न्यूयार्कवासियों और पर्यटकों में शोक की लहर दौड़ गई। जैक्सन के एलबम ‘थ्रिलर’ का संगीत तैयार करने में उनकी मदद करने वाले और उनके ‘ऑफ द वाल’ एलबम के निर्माता क्विन्सी जोन्स ने एमएसएनबीसी से कहा कि मैं इस शोकाकुल करने वाली अप्रत्याशित खबर के पूरी तरह टूट गया हूं।

टाइम्स स्क्वेयर ने न्यूयार्क के ब्रुकलीन के 18 वर्षीय एक छात्र निकोल्स स्मिथ ने कहा कि मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि क्या कहूं। यह दुखद है। यह वास्तव में बहुत दुखद है। मेरी मां उनके प्रशंसक थीं मैं उनका संगीत सुनता था। लोंग आइलैंड की एक अध्यापिका 51 वर्षीय सू शीडर ने कहा कि मैं कुछ कह पाने की स्थिति में नहीं हूं। जब मैंने पहली बार यह सुना तो मुझे लगा कि कोई मुझसे झूठ बोल रहा है। मैं उनकी उस समय से प्रशंसक हूं जब वह छोटे बच्चे थे, बाद मे तो वह लोकप्रियता के शिखर पर पहुंच गए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें