फोटो गैलरी

Hindi Newsवर्धमान बम ब्लास्ट कांड में करणपुरातो से रिजाउल गिरफ्तार

वर्धमान बम ब्लास्ट कांड में करणपुरातो से रिजाउल गिरफ्तार

वर्धमान बम ब्लास्ट के सिलसिले में एनआइए ने करणपुरातो से मो. रिजाउल करीम को गिरफ्तार किया है। एनआइए ने मो. रिजाउल करीम, पिता मंटू शेख उर्फ अब्दुल लतीफ शेख को शनिवार को राजमहल के प्रथम श्रेणी न्यायिक...

वर्धमान बम ब्लास्ट कांड में करणपुरातो से रिजाउल गिरफ्तार
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 10 Jan 2015 06:49 PM
ऐप पर पढ़ें

वर्धमान बम ब्लास्ट के सिलसिले में एनआइए ने करणपुरातो से मो. रिजाउल करीम को गिरफ्तार किया है। एनआइए ने मो. रिजाउल करीम, पिता मंटू शेख उर्फ अब्दुल लतीफ शेख को शनिवार को राजमहल के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी पीके गोस्वामी के न्यायालय में प्रस्तुत किया। एनआइए के डीएसपी आरके सिंह ने न्यायालय को बताया कि वर्धमान ब्लास्ट से संबंधित केस नम्बर आरसी 3/2014 एनआइए/डीएलआइ में उसे गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार मो. रिजाउल करीम को कोलकाता स्थित एनआइए के स्पेशल जज के न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए 13 जनवरी तक न्यायालय ने ट्रांजिट रिमांड पर एनआइए को दे दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार एनआइए ने तालझारी थाना पुलिस के  सहयोग से शुक्रवार की दोपहर को उसे करणपुरातो से नाटकीय ढंग से गिरफ्तार किया था। मो. रिजाउल करणपुरातो में चल रहे रेल दोहरीकरण में बतौर मजदूर पिछले करीब एक महीने से काम कर रहा था। उसके पास से एनआइए को माइक्रोमैक्स कम्पनी का डबल सिम वाला एक मोबाइल भी बरामद हुआ है। एनआइए टीम उसके मोबाइल में लगे एयरसेल कम्पनी के सिम नम्बर को ट्रेस करते हुए करणपुरातो पहुंची थी। वर्धमान ब्लास्ट मामले में एनआइए पिछले करीब डेढ़ महीने से उसपर नजर रख रही थी।

उसकी गिरफ्तारी के लिए एनआइए ने तीन लाख रुपए का ईनाम भी घोषित कर रखा था। एनआइए सूत्रों के अनुसार मो. रेजाउल करीम मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मुर्शीदाबाद जिला के रघुनाथगंज थाना क्षेत्र के खुदारामपुर गांव का रहने वाला है। वह बीते साल काम के सिलसिले में वर्धमान गया था। वहीं उसका परिचय वर्धमान बम ब्लास्ट कांड के एक आरोपी से हुआ था। वह वर्धमान के बादशाही रोड स्थित जिस मकान में रहता था, वर्धमान ब्लास्ट कांड के कई आरोपी वहीं ठहरे थे। एनआइए को उम्मीद है कि उससे पूछताछ में घटना से जुड़े कई अहम राज का खुलासा हो सकता है। एनआइए इसे अपनी बड़ी उपलब्धि मान रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें