फोटो गैलरी

Hindi Newsकरतबों और करामातों के बीच करिश्माई पेशा

करतबों और करामातों के बीच करिश्माई पेशा

आ प हैरी पॉटर की फिल्में पसंद करते हैं। विज्ञान में रुचि रखते हैं और जादूगर बनने के बारे में सोच भी रहे हैं, तो आप गंभीर होकर इस पेशे की ओर अपने कदम बढ़ा सकते हैं। जादूगर यानी मैजिशियन का पेशा आपके...

करतबों और करामातों के बीच करिश्माई पेशा
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 22 Apr 2014 05:16 PM
ऐप पर पढ़ें

आ प हैरी पॉटर की फिल्में पसंद करते हैं। विज्ञान में रुचि रखते हैं और जादूगर बनने के बारे में सोच भी रहे हैं, तो आप गंभीर होकर इस पेशे की ओर अपने कदम बढ़ा सकते हैं। जादूगर यानी मैजिशियन का पेशा आपके लिए विज्ञान आधारित चमत्कारों और हकीकत लगने वाले भ्रमों की अलग सी दुनिया के द्वार खोल सकता है।

कौन हैं जादूगर?

इन्हें आम बोलचाल में कलाकार कहा जा सकता है, जो अपने करतबों से लोगों का मनोरंजन करते हैं। इन करतबों में कई तरह के खेल और नाटक शामिल होते हैं, जिनमें जादूगर अपनी हाथ की सफाई से असंभव से दिखने वाले काम करके दिखाते हैं। आमतौर पर जादूगर अपने अचंभित कर देने वाले करतबों को दिखाने के लिए बक्सों, रंगीन पर्दो, प्ले कार्ड, खरगोश, कबूतर और आभूषणों आदि का इस्तेमाल करते हैं।

क्या है जादू्?

जादू कई प्रकार की कलाओं, विज्ञान और मानव मनोविज्ञान का मिलाजुला रूप है। विज्ञान को जादू का अभिन्न और अनिवार्य हिस्सा माना जा सकता है, क्योंकि जादू के नाम पर लोगों के सामने प्रदर्शित किए जाने वाले करतब फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स के किसी न किसी सिद्धांत पर आधारित होते हैं।

जादूगर अपने करतब दिखाने के लिए कई तरह की विधाओं मसलन संगीत, चेहरे की भावभंगिमाओं, मौखिक संवाद और नृत्य का सहारा लेते हैं। जादू से जुड़ी कुछ आम चीजें हाथों की सफाई, इसके लिए पूरी कुशलता के साथ हाथों को संचालित करने की जरूरत होती है। नजदीकी जादू, ऐसा जादू उन दर्शकों के साथ किया जाता है, जो जादूगर के करीब में खड़े होते हैं। भ्रमित करना, इसके लिए जादूगर कुछ उपकरणों की मदद लेकर अपने करतब को प्रदर्शित करते हैं। गायब करना, असंभव से लगने वाले इस करतब में जादूगर खुद को या किसी वस्तु को दर्शकों के सामने से गायब कर देते हैं। दिमागी जादू, इस तरह के जादू दिखाने वाले जादूगर दर्शकों के दिमाग को पढ़कर उनके बारे में कुछ सटीक भविष्यवाणियां करते हैं। जादूगर बनने के ख्वाहिशमंद लोगों को बतौर जादूगर खुद को प्रदर्शित करने से पहले जादू से जुड़े सभी प्रकार के करतबों को जान लेना चाहिए। अवसर जादूगर भी मनोरंजन उद्योग का एक हिस्सा हैं। इसलिए उन्हें भी पार्टियों, सामाजिक आयोजनों, नाइट क्लबों, रेस्त्रं, थियेटर और अन्य समारोहों में लोगों के मनोरंजन के लिए कार्यक्रम दिखाने के लिए अनुबंधित किया जाता है।

कुछ वर्षो का अनुभव और लोकप्रियता हासिल होने के बाद निजी तौर पर स्टेज शो किए जा सकते हैं। इसके अलावा टेलीविजन के लिए जादू के कार्यक्रम तैयार किए जा सकते हैं। संबंधित संस्थान इंडियन ब्रदरहुड ऑफ मैजिशियन्स, दिल्ली द सरकार मैजिक यूनिवर्सिटी, कोलकाता किस्मत मैजिक इंस्टीटय़ूट, हावड़ा प्रसांति एचआरडी सेंटर, आंध्र प्रदेश जादू महाविद्यालय, ग्वालियर वेतन इस पेश में आने के बाद वेतन का आकार व्यक्ति के हुनर और अनुभव पर निर्भर करता है।

इसी तरह किसी जादूगर को मिलने वाले कार्यक्रमों की संख्या से भी आमदनी तय होती है। फिर भी एक अनुमान के मुताबिक जादूगरों को उनके हर कार्यक्रम के लिए एक हजार रुपये से बीस हजार रुपये तक मिल जाते हैं। यह राशि ज्यादा भी हो सकती है, लेकिन इसका निर्धारण जादूगर की लोकप्रियता से होता है।

शैक्षणिक योग्यता

देश में अब भी शैक्षणिक नियामकों की ओर से जादूगरी की औपचारिक शिक्षा देने के लिए संस्थानों की स्थापना की दिशा में कोई पहल नहीं हुई है। कुछ चर्चित जादूगरों ने जरूर इस कला का प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से कई संस्थान स्थापित किए हैं। यहां से प्रशिक्षण लेकर जादूगरी की कई विधाओं की बारीकियों को सीखा जा सकता है। इसके अलावा जादू के तरीके सीखाने वाली किताबों को पढ़कर और नामी जादूगरों से मार्गदर्शन पाकर भी खुद को इस पेशे के योग्य बनाया जा सकता है। शुरुआती दौर में जादू की नई तरकीबों को सीखने और अपने ढंग से करतबों को तैयार करने के लिए प्रशिक्षण जरूरी होता है। हालांकि बाद के वर्षो में खुद को अच्छे जादूगर के रूप में स्थापित करने के लिए ज्यादा से ज्यादा अभ्यास और नए करतबों को विकसित करने पर ध्यान देने की जरूरत होती है। लोगों के बीच प्रसिद्धि पाने के लिए हर बार कुछ नया और अनूठा करने की जरूरत होती है। इसलिए निरंतर नए करतबों के विकास में जुटे रहना इस पेशे की एक अनिवार्य जरूरत हो जाती है। ------- अश्विनी भावे, कॅरियर काउंसलर

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें