फोटो गैलरी

Hindi Newsलखनऊ में जन्मीं बच्ची नरगिस दुनिया का सात अरबवां बच्चा

लखनऊ में जन्मीं बच्ची नरगिस दुनिया का सात अरबवां बच्चा

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से 35 किमी दूर माल कस्बे में सोमवार सुबह एक बच्ची ने जन्म लिया, जिसे प्रतीक रुप से दुनिया का सात अरबवां बच्चा माना जा रहा है। बच्ची का नाम नरगिस रखा गया...

लखनऊ में जन्मीं बच्ची नरगिस दुनिया का सात अरबवां बच्चा
एजेंसीMon, 31 Oct 2011 06:45 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से 35 किमी दूर माल कस्बे में सोमवार सुबह एक बच्ची ने जन्म लिया, जिसे प्रतीक रुप से दुनिया का सात अरबवां बच्चा माना जा रहा है। बच्ची का नाम नरगिस रखा गया है।     

बच्ची ने कस्बे के सामुदायिक केन्द्र में 23 वर्षीय मां विनीता की गर्भ से जन्म लिया है। हालांकि, बच्ची के पिता 25 वर्षीय अजय सिंह यादव खुद हाईस्कूल अनुत्तीर्ण है, लेकिन नरगिस को उन्होंने डाक्टर बनाने का संकल्प लिया है।
    
विनीता और अजय माल कस्बे से लगे दन्नौर गांव के रहने वाले है और उनकी बेटी नरगिस ने आज सुबह सात बजकर 20 मिनट पर जन्म लिया, जिसे आज ही आधी रात बाद फिलीपीन्स के मनीला के सरकारी अस्पताल में जन्मी डेनिका में कमेको नाम की बच्ची के साथ ही प्रतीक रुप से दुनिया का सात अरबवां बच्चा माना जा रहा है।
    
लंदन स्थित प्लान इंटरनेशनल के भारतीय इकाई प्लान इंडिया की अधिशाषी निदेशक भाग्यश्री डेगी ने बताया कि नरगिस अपनी मां विनीता और पिता अजय की पहली संतान है और उसे प्रतीक रुप से दुनिया का सात अरबवां बच्चा माना जा रहा है।
    
डेगी ने बताया कि नरगिस के जन्म ने उसके पिता अजय को एक नया संकल्प दे दिया है और वह अब लोगों में बालिकाओं के प्रति जागरुकता पैदा करने के काम में लगना चाहता है तथा उसका सपना है कि उसकी बेटी बड़ी होकर डाक्टर बने। उन्होंने बताया कि नरगिस को सात अरबवां बच्चा माना गया है ताकि इसे फोकस में रखकर देश में लड़कियों के प्रति उपेक्षा एवं इसके कारण इनकी भ्रूण हत्या की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लोगों को जागरुक एवं प्रेरित किया जा सके।
    
नरगिस के साथ ही आज ही इस इलाके में जन्मीं छह अन्य बच्चियों के जन्म को प्लान इंडिया ने एक समारोह के रुप में मनाया और उसी मौके पर डाक्टर ने जन्म प्रमाण पत्र दिये। साथ ही घोषणा की गयी कि सात वर्ष तक इन सातों बच्चियों के पालन पोषण की जिम्मेदारी मल्लिका साराभाई, सुनीता नारायण और अनुष्का शंकर जैसी सात प्रतिष्ठित हस्तियों द्वारा किया जायेगा।
    
डेगी ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा कराये गये सर्वेक्षण सात अरबवें बच्चों के उत्तर प्रदेश में पैदा होने की संभावना जताई गयी थी, क्योंकि भारत में हर मिनट पैदा होने वाले 51 बच्चों में से 11 उत्तर प्रदेश में जन्म लेते है। बहरहाल, मीडिया के फोकस और चर्चा में आने से नरगिस के पिता अजय ने कहा कि वह शीघ्र ही आसपास के गांव में भ्रमण करके लोगों में कन्या भ्रूण हत्या के विरोध में जागरुकता पैदा करेगा और उनके जन्म पर भी बेटे के जन्म जैसा जश्न मनाये जाने की जरुरत समझायेंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें