फोटो गैलरी

Hindi Newsसिगरेट छोड़नी है तो करें रोजाना व्यायाम

सिगरेट छोड़नी है तो करें रोजाना व्यायाम

अगर आपको सिगरेट की लत लग गई है तो छोड़ने का एक बेहतर उपाय है। आप व्यायाम करके भी सिगरेट छोड़ सकते हैं। इससे आपका शरीर तो स्वस्थ रहेगा ही, साथ ही आपके सिगरेट से दूर होने की संभावना भी बढ़ जाएगी। अब...

सिगरेट छोड़नी है तो करें रोजाना व्यायाम
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 19 Oct 2011 10:59 AM
ऐप पर पढ़ें

अगर आपको सिगरेट की लत लग गई है तो छोड़ने का एक बेहतर उपाय है। आप व्यायाम करके भी सिगरेट छोड़ सकते हैं। इससे आपका शरीर तो स्वस्थ रहेगा ही, साथ ही आपके सिगरेट से दूर होने की संभावना भी बढ़ जाएगी।

अब तक लोग शरीर को स्वस्थ रखने के लिए ही व्यायाम किया करते थे, लेकिन एक ताजा अध्ययन में पाया गया है कि जो लोग व्यायाम करते हैं, वो अपनी सिगरेट की लत पर आसानी से काबू कर सकते हैं। अमेरिका की ब्राउन यूनिवर्सिटी से संबद्ध मिरियम हॉस्पीटल के अध्ययनों में कहा गया है कि रोजाना हल्का-फुल्का व्यायाम करने से सिगरेट की लत पर काबू पाया जा सकता है। इस रिसर्च में 25 पुरुष और महिला स्मोकर्स को शामिल किया गया था, जिन पर 12 सप्ताह तक रिसर्च चलता रहा। स्मोकर्स में 16 से 75 साल की उम्र के लोगों को शामिल किया गया था।

यह कैसे काम करता है
दरअसल, किसी भी तरह का व्यायाम न्यूरोट्रांसमीटर उत्पन्न करता है। इसके साथ-साथ डोपामाइन नाम का एक फील गुड केमिकल भी उत्पन्न होता है, जिससे  सिगरेट पीने जैसा सकारात्मक मूड तैयार हो जाता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, व्यायाम से आनंद की अनुभूति होती है, जिससे व्यक्ति का मन सिगरेट आदि की ओर कम जाता है। लेकिन विशेषज्ञों का काम यहीं खत्म नहीं हो जाता है, क्योंकि कुछ विश्लेषकों का मानना है कि व्यायाम करके धूम्रपान से दूर रहने का तरीका बहुत दिनों तक टिक नहीं पाता है। फिर भी स्मोकिंग से निजात पाने के लिए जिम जॉइन करना एक स्मार्ट मूव होगा, क्योंकि इससे एक नहीं, बल्कि दो-दो फायदे हैं।
डॉक्टरों का मानना है कि तनाव से छुटकारा पाने और अवसाद को कम करने के लिए व्यायाम एक अच्छी आदत है।

किस तरह का व्यायाम मदद करेगा
व्यायाम से तन और मन दोनों ही प्रफुल्लित रहते हैं। सिगरेट भी यही काम करती है। यही वजह है कि लोग थकने पर और ज्यादा तनाव के वक्त सिगरेट का सहारा लेते हैं। यदि सिगरेट की जगह व्यायाम से काम लिया जाए तो ठीक वैसा ही महसूस होगा।

इसके लिए आप वेट लिफ्टिंग यानी भारोत्तोलन कर सकते हैं। इससे आपकी मांसपेशियां तो मजबूत होंगी ही, साथ में आपका सिगरेट से भी पीछा छूट जाएगा। 

कुछ और उपाय

निकोटिन उत्तेजक और मूड ठीक करने वाले तत्व के रूप में काम करता है। चाय और कॉफी पीकर भी समान प्रभाव प्राप्त किया जा सकता है। सबसे सेहतमंद विकल्प ग्रीन टी है। इसमें प्रचुर मात्र में एंटीऑक्सीडेंट होते हैं।

जैसे ही आपको तनाव महसूस हो या सिगरेट पीने का मन करे, तो अपनी पसंद के फल खाइये। फल तनाव से बेहद राहत पहुंचाते हैं और आपको बेहतर महसूस होगा।

अगर आपको हमेशा जिम में जाना पसंद नहीं है तो खुद को पार्क में या कहीं बाहर किसी ग्राउंड में शारीरिक गतिविधियों में लिप्त करें। जिम के बंद कमरे में वर्कआउट करने से एकरूपता आ जाती है। इसलिए पार्क के खुले वातावरण में व्यायाम करने पर तनाव से जल्दी मुक्ति मिलती है।

धूम्रपान करने वालों को ओरल फिक्सन होता है। एक समय अंतराल पर कुछ खाने को मन होता है या मुंह में कुछ डालने को मन करता है। इसके लिए शुगरफ्री च्वीइंग गम चबाया जा सकता है। इससे राहत मिलेगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें