फोटो गैलरी

Hindi Newsइस बार बिहार बनाएगा दिल्ली में सरकारः मोदी

इस बार बिहार बनाएगा दिल्ली में सरकारः मोदी

गुजरात के मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि बिहार मुसीबतों, संकटों और कष्टों से मुक्ति चाहता है इसलिए यहां के लोगों ने ठान लिया है कि इस बार दिल्ली में...

इस बार बिहार बनाएगा दिल्ली में सरकारः मोदी
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 03 Apr 2014 01:26 AM
ऐप पर पढ़ें

गुजरात के मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि बिहार मुसीबतों, संकटों और कष्टों से मुक्ति चाहता है इसलिए यहां के लोगों ने ठान लिया है कि इस बार दिल्ली में जो सरकार बनेगी वह बिहार बनाएगा।

मोदी बुधवार को यहां नवादा में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। भारत विजय अभियान के तहत बिहार में यह उनकी तीसरी रैली थी। रैली में उन्होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा।

उत्साहित भीड़ से भरे आईटीआई मैदान मोदी ने लोगों से कहा कि आजादी के बाद 60 साल तक शासक चुना गया। देश को शासक नहीं सेवक चाहिए। वह सेवक के रूप में उनकी सेवा करना चाहते हैं। कांग्रेस को 60 साल दिए। मुझे सात माह दीजिए। आपकी आशा-आकांक्षा पूरी करने में कोई कसर नहीं उठा रखूंगा।

तीखी धूप और धूल भरी गर्म हवा के झोंके के बीच मोदी ने अपने भाषण में पहली बार हिन्दू कार्ड खेला। उन्होंने कहा कि द्वारकानगरी गुजरात से आया हूं। यदुवंशियों से सीधा नाता और अपनापन है। यदुवंशी श्रीकृष्ण की पूजा, गौपालन और गौसेवा करते हैं।

मगर यदुवंशियों के सभी नेता उनके साथ मिलकर राजनीतिक करते हैं जो पशुओं का कत्लेआम करते हैं। वे इसमें गर्व महसूस करते हैं। गुजरात हरित और श्वेत क्रांति में अगुआ रहा। मगर दिल्ली की सरकार को इसकी जगह पिंक रिवोल्यूशन में विश्वास है।

उन्होंने कहा कि मुलायम-लालू पिंक रिवलयुशन वालों का समर्थन कर रहे हैं। पशु कटने पर मांस का जो कलर होता है उसे पिंक यानी गुलाबी क्रांति कहते हैं। गांव-गांव में पशुधन काटे जा रहे हैं। उनकी चोरी हो रही है। देश में कई बूचड़खाने खुल गए हैं। किसान और गोपालकों को सब्सिडी भले न मिले लेकिन पशु काटने वालों को सब्सिडी पहले मिल रही है। केन्द्र सरकार को देश की संस्कृति और परम्परा का पता नहीं है।

उन्होंने कहा कि 10 साल से केन्द्र में मैडम सोनिया की सरकार है। मगर लोगों के जीवन में कोई सुधार या बदलाव नहीं आया। ऐसी सरकार को झेलने से अच्छा है कि समय की मांग के अनुसार हिन्दुस्तान को कांग्रेस और यूपीए से मुक्त कर दें। कांग्रेस के घोषणा पत्र को धोखा पत्र बताया और कहा कि वर्ष 2009 में भी कांग्रेस ने 10 करोड़ नौजवानों को रोजगार देने वायदा किया था।

देश में हर क्षेत्र में धोखाधड़ी है। जनता को लूटा जा रहा है। भ्रष्टाचार का बोलबाला है। दिल्ली में बैठे चोर-लुटेरे चोरी का माल विदेशी बैंकों में रख रहे हैं। लेकिन भाजपा की सरकार बनी तो देश से बाहर गया कालाधन वापस आएगा और देश के गरीबों पर खर्च होगा। बिना नाम लिए राहुल गांधी के बारे में कहा कि शहजादे कह रहे थे कि देश के इंफ्रास्ट्रक्चर का पूरा मैप उनके ब्रेन में है। सात साल में अगर वह मैप ही बना सके तो अमल में लाने पर तो 600 साल लगा देंगे।

शहजादे कहते हैं कि उनको चौकीदार नहीं चाहिए। उनके चौकीदार लालू हैं, अशोक चाण हैं। यानी बिल्ली को दूध की रखवाली तो बचेगा क्या। उन्होंने कहा कि बिहार में 300 से अधिक संख्या वाली स्थिर सरकार चाहिए तो बिहार से भाजपा गठबंधन के सभी उम्मीदवारों को जिताकर मेरे पास भेजिए।

उन्होंने लोगों से संकल्प लेने को कहा कि नवादा में अब नो वादा, बल्कि अब तो इरादा होना चाहिए। विधानसभा में विपक्ष के नेता नंदकिशोर यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय और नवादा से पार्टी के उम्मीदवार गिरिराज सिंह ने भी अपने विचार रखे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें