फोटो गैलरी

Hindi Newsश्रीनगर में मौसम की सबसे सर्द रात

श्रीनगर में मौसम की सबसे सर्द रात

जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शुक्रवार को इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द रात रही। शनिवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया...

श्रीनगर में मौसम की सबसे सर्द रात
Sat, 05 Jan 2013 02:57 PM
ऐप पर पढ़ें

जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शुक्रवार को इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द रात रही। शनिवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अगले कुछ दिनों में जम्मू एवं कश्मीर के लगभग सभी क्षेत्रों में रात का पारा और गिरने का अनुमान है।

स्थानीय मौसम कार्यालय के निदेशक सोनम लोटस ने शनिवार को बताया कि श्रीनगर में मौसम की अब तक की सबसे सर्द रात रही। यहां सुबह का तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम शुष्क रहने की वजह से अगली कुछ रातों में पारा और भी गिरने का पूर्वानुमान है।

लद्दाख क्षेत्र के लेह में शनिवार को शून्य से 16.8 डिग्री नीचे तापमान दर्ज किया गया। गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट में शून्य से 9.4 डिग्री सेल्सियस नीचे व पहलगाम पर्यटक रिसॉर्ट में शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया।

जम्मू एवं कश्मीर में मौसम लगातार सर्द बना हुआ है। इन दिनों श्रीनगर की डल झील में भी कई स्थानों पर बर्फ जम गई है। जमी हुई झील में मछुआरों और नौका चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शहर की सड़कों पर सुबह व शाम पाला पड़ने से वे काफी फिसलन भरी हो गई हैं। इस वजह से वाहन चालकों को काफी दिक्कतें हो रही हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें