फोटो गैलरी

Hindi Newsसितंबर: हाईकोर्ट में बम विस्फोट से दहली दिल्ली

सितंबर: हाईकोर्ट में बम विस्फोट से दहली दिल्ली

सितंबर माह में दिल्ली उच्च न्यायालय परिसर में शक्तिशाली बम विस्फोट से राजधानी दहल गई। विस्फोट में 13 लोग मरे और 76 घायल हो...

सितंबर: हाईकोर्ट में बम विस्फोट से दहली दिल्ली
Tue, 27 Dec 2011 11:13 AM
ऐप पर पढ़ें

सितंबर माह में दिल्ली उच्च न्यायालय परिसर में शक्तिशाली बम विस्फोट से राजधानी दहल गई। विस्फोट में 13 लोग मरे और 76 घायल हो गए। सपा से निष्कासित नेता अमर सिंह संसद में नोट के बदले वोट मामले में इसी माह में गिरफ्तार कर तिहाड़ भेजे गए और महाभियोग के बाद न्यायमूर्ति सौमित्र सेन ने इस्तीफा दे दिया। सितंबर 2011 में और क्या क्या हुआ, इसका ब्यौरा कुछ इस प्रकार है।
   
नई दिल्ली: एक सितंबर: प्रवर्तन निदेशालय ने योग गुरू बाबा रामदेव और उनके हरिद्वार स्थित ट्रस्ट के खिलाफ विदेशी मुद्रा विनिमय अधिनियम का मामला दर्ज किया।
   
नई दिल्ली: दो सितंबर: लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार के सचिव ए पी पाठक को, सीबीआई द्वारा आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति रखने के मामले में परिसर की तलाशी के दौरान करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज बरामद होने के बाद पद से हटाया गया।
   
नई दिल्ली: तीन सितंबर: न्यायमूर्ति सौमित्र सेन का इस्तीफा राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के पास पहुंचा।
   
नई दिल्ली: छह सितंबर: सपा से निष्कासित नेता अमर सिंह संसद में नोट के बदले वोट मामले में गिरफ्तार कर तिहाड़ भेजे गए।
   
नई दिल्ली: सात सितंबर: दिल्ली और आसपास के शहरों में भूकंप का मध्यम झटका महसूस किया गया।
नई दिल्ली: दिल्ली उच्च न्यायालय परिसर में शक्तिशाली बम विस्फोट, 13 मरे, 76 घायल।
   
नई दिल्ली: नौ सितंबर: दिल्ली उच्च न्यायालय परिसर में हुए विस्फोट के बाद आए चौथे ईमेल में अगला आतंकी निशाना अहमदाबाद को बनाने की चेतावनी दी गई।
   
देहरादून: 11 सितंबर: सेना के पूर्व जनरल भुवनचंद्र खंडूरी ने उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।
   
नई दिल्ली: 12 सितंबर: उच्चतम न्यायालय ने वर्ष 2002 में गुजरात में हुए दंगों को नियंत्रित करने में मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की कथित निष्क्रियता को लेकर कोई आदेश देने से इंकार किया और विशेष जांच दल की रिपोर्ट के आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई करने का फैसला निचली अदालत पर छोड़ा।
   
चेन्नई: 13 सितंबर: चेन्नई से आ रही एक यात्री ट्रेन अरक्कोणम के समीप पहले से खड़ी ट्रेन से टकराई जिससे उसके पांच डिब्बे पटरी से उतर गए और कम से कम नौ व्यक्ति मारे गए तथा 85 घायल हो गए।
   
जम्मू: 14 सितंबर: दिल्ली उच्च न्यायालय के बाहर हुए बम विस्फोट मामले में जम्मू कश्मीर से भेजे गए जिम्मेदारी लेने वाले ईमेल में कथित भूमिका के आरोप में किश्तवाड़ में दो युवक गिरफ्तार।
   
नई दिल्ली: 15 सितंबर: राजीव गांधी हत्याकांड मामले में मत्युदंड की सजा के खिलाफ याचिका पर सुनवाई मद्रास उच्च न्यायालय के बाहर स्थानांतरित करने की अपील पर उच्चतम न्यायालय ने केंद्र तथा अन्य को नोटिस जारी किए।
   
अहमदाबाद: 17 सितंबर: गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी शांति और सांप्रदायिक सदभाव के लिए तीन दिन के अनशन पर बैठे और वोट बैंक की राजनीति खत्म करने का संकल्प जताया लेकिन गोधरा नरसंहार के बाद हुए दंगों पर सीधे कोई अफसोस नहीं जताया।
   
गंगटोक: 18 सितंबर: सिक्किम, भारत के कई पूवर्ोत्तर भागों और समीपवर्ती नेपाल में 6.8 तीव्रता का भूकंप आया जिससे जान माल का भारी नुकसान हुआ।
   
श्रीनगर: 20 सितंबर: पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती द्वारा नरेंद्र मोदी की तारीफ किए जाने के भाजपा नेता सुषमा स्वराज के दावे से इन दोनो महिला नेताओं तथा जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के बीच विवाद उठा।
नई दिल्ली: लोकपाल संबंधी आंदोलन के दौरान की गई गैर इरादतन टिप्पणियों के लिए स्वामी अग्निवेश ने अन्ना हजारे और उनकी टीम से माफी मांगी।
   
चेन्नई: 21 सितंबर: कुडनकुलम परमाणु संयंत्र के खिलाफ 11 दिवसीय भूख हड़ताल तमिलनाडु सरकार के इस आश्वासन पर समाप्त की गई कि परियोजना पर काम रोकने के लिए एक प्रस्ताव पारित किया जाएगा।
   
नई दिल्ली: 22 सितंबर: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान नवाब मंसूर अली खान पटौदी का निधन।
   
चेन्नई: 23 सितंबर: राष्ट्रीय अवार्ड विजेता मलयालम फिल्म अदमाइन्ते माकन अबू इस साल ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में नामांकित।
   
नई दिल्ली: 26 सितंबर: उच्चतम न्यायालय ने पूर्व आईपीएल आयुक्त ललित मोदी की अपने खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रही, बीसीसीआई द्वारा नियुक्त अनुशासनात्मक समिति के पुनर्गठन की मांग को खारिज करते हुए कहा कि इसका गठन वैध तरीके से हुआ है।
   
नई दिल्ली: 27 सितंबर: पुर्तगाल उच्च न्यायालय ने भारत द्वारा अपराध जगत के सरगना अबू सलेम के खिलाफ ऐसे आरोप लगाए जाने को समझौते का उल्लंघन बताते हुए उसका प्रत्यर्पण रदद किया जिनमें सलेम को मौत की सजा हो सकती है।
   
नई दिल्ली: 28 सितंबर: कारोबारी संपर्क को दोस्ती एवं विश्वास बहाली में उपयोगी मानते हुए भारत और पाकिस्तान ने द्विपक्षीय व्यापार को सामान्य करने और तीन साल में इसे छह अरब डालर से दोगुना करने पर सहमति जताई।
कोलकाता: कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा बनाए गए कानून को बरकरार रखा, जिसके तहत तृणमूल सरकार ने पूर्ववर्ती वाम मोर्चा सरकार द्वारा टाटा मोटर्स को नैनो कार संयंत्र के लिए दी गई जमीन वापस ली है।
   
नई दिल्ली: 29 सितंबर: सीबीआई ने उच्चतम न्यायालय में वर्ष 2008 की टू जी स्पेक्ट्रम का मूल्य तय करने के मुद्दे से जुड़ी फाइल उच्चतम न्यायालय में पेश की, लेकिन उसके कुछ पन्ने नदारद थे।
   
बालेश्वर: 30 सितंबर: शौर्य और पृथ्वी द्वितीय के सफल प्रायोगिक परीक्षण के बाद भारत ने उड़ीसा के तट से सैन्य बलों के प्रायोगिक परीक्षण के तौर पर 2000 किमी की मारक क्षमता वाले परमाणु संपन्न अग्नि द्वितीय का सफल प्रायोगिक परीक्षण किया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें