फोटो गैलरी

Hindi Newsहिलेरी को न्यूयॉर्क के अस्पताल से मिली छुट्टी

हिलेरी को न्यूयॉर्क के अस्पताल से मिली छुट्टी

अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन को न्यूयॉर्क के उस अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जहां उनके मस्तिष्क की एक शिरा में जमे खून के थक्के का इलाज किया जा रहा...

हिलेरी को न्यूयॉर्क के अस्पताल से मिली छुट्टी
Thu, 03 Jan 2013 09:45 AM
ऐप पर पढ़ें

अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन को न्यूयॉर्क के उस अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जहां उनके मस्तिष्क की एक शिरा में जमे खून के थक्के का इलाज किया जा रहा था।
   
65 वर्षीय हिलेरी को कल शाम छुट्टी दी गई। गत सात दिसंबर से हिलेरी अपनी बीमारी की वजह से सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आईं।
   
पिछले माह हिलेरी को पेट में संक्रमण की शिकायत हुई थी। उसी दौरान वह एक बार बेहोश हो कर गिर गई थीं। फिर डॉक्टरों ने उनके मस्तिष्क की एक शिरा में खून का थक्का पाया था। इसके बाद रविवार को हिलेरी को न्यूयॉर्क के एक अस्पताल में भर्ती किया गया था। डॉक्टरों का कहना है कि गिरने के कारण ही उनके मस्तिष्क की शिरा में खून का थक्का जमा। इस थक्के को घुलाने के लिए उन्हें दवाएं दी जा रही हैं।
   
सहायक उप विदेश मंत्री और हिलेरी के प्रवक्ता फिलिप रीनेज ने एक बयान में कहा विदेश मंत्री को शाम को अस्पताल से छुटटी दे दी गई। उनकी मेडिकल टीम ने उन्हें बताया है कि उनकी तबियत में अच्छी तरह सुधार हो रहा है। मेडिकल टीम को विश्वास है कि हिलेरी पूरी तरह ठीक हो जाएंगी।
   
रीनेज के बयान में कहा गया है हिलेरी फिर से काम शुरू करने के लिए उत्सुक हैं और वह समय समय पर अपने कार्यक्रम के बारे में बताती रहेंगी। आने वाले समय में सब साफ हो जाएगा।
   
उन्होंने कहा वह और उनका परिवार न्यूयार्क प्रेस्बाइटेरियन हॉस्पिटल कोलंबिया यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर के डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों की निश्चित रूप से सराहना करेगा जिन्होंने हिलेरी का बहुत ही अच्छा इलाज किया।
   
इससे पहले दोपहर में अमेरिकी मीडिया की खबर में कहा गया था कि हिलेरी को अस्पताल से बाहर जाते और 15 मिनट में ही वापस आते देखा गया। विदेश मंत्रालय के बयान में न तो इस बात का जिक्र है और न ही उसने ऐसे किसी सवाल का जवाब दिया।
   
न्यूयॉर्क डेली की खबर में कहा गया है सात दिसंबर को आखिरी बार सार्वजनिक रूप से नजर आईं हिलेरी को न्यूयार्क प्रेस्बाइटेरियन कोलंबिया हॉस्पिटल से निकलते और 15 मिनट बाद वापस आते देखा गया। वह कल दोपहर बाद अपने पति और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन तथा बेटी चेल्सिया क्लिंटन के साथ जाते दिखी थीं।
   
इससे पहले दिन में, उनके प्रवक्ता ने कहा कि हिलेरी अपने कर्मचारियों से बात कर रही हैं और आवश्यक दस्तावेज ले रही हैं। 31 दिसंबर को मीडिया के लिए जारी बुलेटिन में हिलेरी के डॉक्टरों ने कहा था कि उनके स्वास्थ्य में सुधार है।
   
विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता विक्टोरिया नुलैंड ने संवाददाताओं से कहा उन्होंने शनिवार को सीरिया मामलों के लिए संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत ब्राहिमी से करीब आधा घंटे तक बातचीत की।
   
नुलैंड ने कहा शनिवार को ही हिलेरी ने कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री अल थानी से सीरिया, फलस्तीन प्राधिकरण और अफगानिस्तान के बार में बात की। अल थानी नियमित रूप से हिलेरी से बात करते हैं। उन्होंने कहा अब विदेश मंत्री अपने फोन पर आने वाली कॉल भी रिसीव कर रही हैं।
   
हिलेरी को पिछले सप्ताह लगातार 11 वीं बार दुनिया की सर्वाधिक सराहनीय महिला चुना गया। जल्द ही वह अमेरिकी विदेश मंत्री के पद से हट जाएंगी। इस पद पर वह पिछले चार साल से हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने सीनेट की विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष और सीनेटर जॉन केरी को हिलेरी के उत्तराधिकारी के तौर पर नामांकित किया है।
   
डेमोक्रेट पार्टी और देश भर में अत्यंत लोकप्रिय हिलेरी को वर्ष 2016 में राष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनावों की शीर्ष दावेदार माना जा रहा है।
   
अमेरिकी कानून के अनुसार, यहां राष्ट्रपति चार चार साल के दो कार्यकालों में ही अपनी सेवाएं दे सकते हैं। ओबामा नवंबर 2012 में राष्ट्रपति पद का चुनाव जीतने के बाद 21 जनवरी को अपने दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ लेंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें