ऑक्सफोर्ड शब्दकोश में कीमा-पापड़ शब्द शामिल
दुनियाभर में भारतीय खाने की लोकप्रियता को स्वीकार करते हुए पहली बार ऑक्सफोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी में कीमा और पापड़ जैसे शब्द शामिल किए गए हैं। कोलकाता में सोमवार को ऑक्सफोर्ड एडवांस्ड लर्नर्स डिक्शनरी...
दुनियाभर में भारतीय खाने की लोकप्रियता को स्वीकार करते हुए पहली बार ऑक्सफोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी में कीमा और पापड़ जैसे शब्द शामिल किए गए हैं। कोलकाता में सोमवार को ऑक्सफोर्ड एडवांस्ड लर्नर्स डिक्शनरी का नवां संस्करण जारी किया गया। इसमें भारतीय अंग्रेजी के करीब 240 शब्द मौजूद हैं।
डिक्शनरी में भारतीय रसोई में प्रयोग में आने वाले शब्दों जैसे कीमा, पापड़ और करी पत्ता जैसे बहुत से शब्द मौजूद हैं। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस में ईएलटी डिक्शनरीज और रेफरेंस ग्रामर के प्रमुख पैट्रिक व्हाइट ने कहा, अंग्रेजी एक वैश्विक भाषा है और इसपर दुनियाभर का असर है। भारतीय भोजन पूरी दुनिया में मशहूर हैं। शब्दों के वैश्विक इस्तेमाल को देखते हुए हमने शब्दकोश में नए शब्दों को शामिल किया है। नई भारतीय अंग्रेजी के 60 प्रतिशत से भी ज्यादा शब्द हिंदी से लिए गए हैं।
इनका चयन दुनियाभर के चुनिंदा विशेषज्ञों ने इनके इस्तेमाल को देखते हुए किया है। व्हाइट ने कहा, हम पूरी दुनिया से शब्दों का चुनाव करते हैं और अंत में स्कैनिंग के दौरान सबसे ज्यादा प्रचलित और प्रयोग में आने वाले शब्दों को चुनते हैं। उन्होंने कहा कि सालों से नौ सौ से हजार भारतीय शब्दों को ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी में स्थान दिया गया है, लेकिन इस बार इनकी संख्या सबसे अधिक है।
शब्दकोश के नवें संस्करण में नौ सौ नए शब्द समाहित हैं। इसमें से 20 फीसदी शब्द ऑनलाइन और सोशल मीडिया जगत से लिए गए हैं। ये शब्द ट्रोल, कैटफिश, ट्विटराटी, ट्वीटेबल, ट्वीटहार्ट, अनफ्रेंड, सेल्फी आदि हैं।