फोटो गैलरी

Hindi Newsमनीष सिसोदिया होंगे उप मुख्यमंत्री, नए चेहरे होंगे शामिल..!

मनीष सिसोदिया होंगे उप मुख्यमंत्री, नए चेहरे होंगे शामिल..!

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया दिल्ली सरकार में उप मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं और इसके साथ ही इस बार अरविंद केजरीवाल की सरकार में चार नए चेहरे शामिल किए जाने की भी संभावना है। पार्टी के...

मनीष सिसोदिया होंगे उप मुख्यमंत्री, नए चेहरे होंगे शामिल..!
एजेंसीThu, 12 Feb 2015 11:24 PM
ऐप पर पढ़ें

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया दिल्ली सरकार में उप मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं और इसके साथ ही इस बार अरविंद केजरीवाल की सरकार में चार नए चेहरे शामिल किए जाने की भी संभावना है।

पार्टी के सूत्रों ने बताया कि केजरीवाल के निकट सहयोगी सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के अलावा पूर्ववर्ती आप सरकार में रह चुके सौरभ भारद्वाज, राखी बिड़ला, सोमनाथ भारती और गिरीश सोनी को इस बार कैबिनेट में शामिल किए जाने की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने जीतेंद्र तोमर (त्रिनगर), कपिल मिश्रा (करावल नगर), संदीप कुमार (सुल्तानपुरी माजरा) और आसिम अहमद खान (मटिया महल) को मंत्रिमंडल में शामिल करने का निर्णय लिया है। ये चारों पहली बार विधायक बने हैं। नई सरकार में संभवत: कोई महिला नहीं होगी।

सूत्रों ने बताया कि उपराज्यपाल नजीब जंग को आज सूची भेज दी जाएगी। नया मंत्रिमंडल शनिवार को शपथ ग्रहण करेगा। सिसोदिया पूर्ववर्ती आप सरकार में दूसरे नंबर पर थे और उन्होंने शिक्षा, लोक निर्माण विभाग, शहरी विकास एवं लोकनिर्माण विभाग जैसे अहम विभाग संभाले थे। पूर्ववर्ती आप सरकार में स्वास्थ्य विभाग संभालने वाले और दूसरी बार शाकूर बस्ती से विधायक बने जैन को इस बार भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।

सिसोदिया ने उपमुख्यमंत्री नियुक्त किए जाने के बारे में पूछने पर संवाददाताओं से कहा, पार्टी गहन विचार विमर्श कर रही है। इस बारे में औपचारिक घोषणा होने से पहले बात करना उचित नहीं होगा। सूत्रों ने बताया कि सिसोदिया को उप मुख्यमंत्री बनाए जाने का निर्णय आप की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की कल रात हुई बैठक में लिया गया। यह बैठक केजरीवाल के कौशांबी स्थित आवास पर हुई। उन्होंने बताया कि सिसोदिया को यह जिम्मेदारी इसलिए दी जा रही है ताकि मनोनीत मुख्यमंत्री केजरीवाल पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने पर अपना ध्यान केंद्रित कर सकें।

पार्टी ने रामनिवास गोयल (शाहदरा) को दिल्ली विधानसभा का अध्यक्ष और शालीमार बाग से जीत दर्ज करने वाली बंदना कुमारी को उपाध्यक्ष बनाने का निर्णय लिया गया है। बंदना आप की महिला शाखा का नेतृत्व भी कर रही हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें