फोटो गैलरी

Hindi Newsहिंदी क्षेत्र में हिन्दुस्तान की बादशाहत बरकरार

हिंदी क्षेत्र में हिन्दुस्तान की बादशाहत बरकरार

आईआरएस 2014 ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि हिन्दुस्तान 1.47 करोड़ पाठकों से साथ देश में पाठकों का दूसरा सबसे बड़ा समाचार पत्र है। हिन्दुस्तान बिहार, झारखंड और उत्तराखंड में पहले स्थान पर तथा...

हिंदी क्षेत्र में हिन्दुस्तान की बादशाहत बरकरार
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 30 Mar 2015 01:15 AM
ऐप पर पढ़ें

आईआरएस 2014 ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि हिन्दुस्तान 1.47 करोड़ पाठकों से साथ देश में पाठकों का दूसरा सबसे बड़ा समाचार पत्र है। हिन्दुस्तान बिहार, झारखंड और उत्तराखंड में पहले स्थान पर तथा उत्तर प्रदेश और दिल्ली में मजबूती के साथ दूसरे स्थान पर है। यदि हम पांचों हिन्दी राज्यों को मिलाकर देखें तो हिन्दुस्तान अपनी 1.46 करोड़ की पाठक संख्या के साथ 1.39 करोड़ की पाठक संख्या वाले दैनिक जागरण और 67.3 लाख की पाठक संख्या वाले अमर उजाला से काफी आगे पहले स्थान पर बरकरार है।

बिहार में हिन्दुस्तान की पाठक संख्या दूसरे स्थान पर मौजूद दैनिक जागरण से 13.7 लाख ज्यादा है। झारखंड में हमारे पास दूसरे स्थान पर खडे़ प्रभात खबर से 2.2 लाख ज्यादा पाठक हैं। उत्तराखंड में हिन्दुस्तान ने दूसरे स्थान पर मौजूद दैनिक जागरण से लगभग एक लाख पाठकों की बढ़त बना रखी है। उत्तर प्रदेश में हिन्दुस्तान दूसरे स्थान पर है और इसके पास तीसरे स्थान पर आए अमर उजाला से 12.3 लाख से ज्यादा पाठक हैं।

ये नतीजे उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हिन्दुस्तान के आक्रामक विस्तार और बिहार तथा झारखंड में मजबूत पकड़ का परिणाम हैं। हिन्दुस्तान अखबार एचटी मीडिया लिमिटेड की सब्सिडियरी कंपनी हिन्दुस्तान मीडिया वेंचर्स लिमिटेड द्वारा प्रकाशित किया जाता है। इस समूह के अन्य अखबार हिन्दुस्तान टाइम्स ने दिल्ली में अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी टाइम्स ऑफ इंडिया से अपनी बढ़त को खासा मजबूत किया है और मुंबई में अपनी दूसरे नंबर की पोजीशन को और पुख्ता किया है। वहीं एचटी मीडिया ग्रुप के बिजनेस समाचार पत्र मिंट ने भी भारत के दूसरे सबसे बड़े बिजनेस अखबार के रूप में अपनी पकड़ मजबूत की है। इसकी पाठक संख्या 3 लाख को पार कर गई है।

परिणामों को शहरों के नजरिये से देखा जाए तो यहां पर भी हिन्दुस्तान की मजबूती दिखाई देती है। यह हिन्दी दैनिकों के मुकाबले बिहार में पटना, झारखंड में धनबाद और बोकारो स्टील सिटी तथा उत्तर प्रदेश में आगरा और मुरादाबाद में पहले स्थान पर है। गौरतलब है कि मुरादाबाद शहर में तो इसने इस आईआरएस में 23 प्रतिशत (आईआरएस 2013 की तुलना में) की वृद्धि दर्ज की है जबकि अमर उजाला और दैनिक जागरण की पाठक संख्या इस बाजार में घटी है। इस आईआरएस में हिन्दुस्तान के लिए एक बड़ी जीत बनकर उभरे हैं लखनऊ और कानपुर शहर।

हिन्दुस्तान की दोनों लखनऊ और कानपुर की संयुक्त पाठक संख्या 10.6 प्रतिशत की सबसे तेज (आईआरएस 2013 की तुलना में) गति से बढ़ी है जबकि दैनिक जागरण की वृद्धि दर 2 प्रतिशत रही तो अमर उजाला की 5.9 प्रतिशत। विशेष रूप से कानपुर में हिन्दुस्तान 17 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़ा है और इसकी अमर उजाला की पाठक संख्या से दोगुनी पाठक संख्या हो गई है। साथ ही इसका दैनिक जागरण की पाठक संख्या से अंतर घट कर मात्र 70,000 पाठक से भी कम रह गया है। उत्तर प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों यानी मेरठ, अलीगढ़, वाराणसी, इलाहाबाद तथा गोरखपुर में हिन्दुस्तान शीर्ष 2 हिन्दी दैनिकों में बना हुआ है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें