फोटो गैलरी

Hindi Newsदेवयानी से बदसलूकी...अमेरिकी विदेश मंत्री ने जताया खेद

देवयानी से बदसलूकी...अमेरिकी विदेश मंत्री ने जताया खेद

न्यूयॉर्क में भारतीय राजनयिक देवयानी खोबरागड़े की गिरफ्तारी और कपड़े उतरवाकर तलाशी लिए जाने पर अफसोस जाहिर करने वाले अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी उनकी गिरफ्तारी से अवगत थे।     कथित...

देवयानी से बदसलूकी...अमेरिकी विदेश मंत्री ने जताया खेद
एजेंसीThu, 19 Dec 2013 01:19 PM
ऐप पर पढ़ें

न्यूयॉर्क में भारतीय राजनयिक देवयानी खोबरागड़े की गिरफ्तारी और कपड़े उतरवाकर तलाशी लिए जाने पर अफसोस जाहिर करने वाले अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी उनकी गिरफ्तारी से अवगत थे।
   
कथित वीजा धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार 39 वर्षीय उप महावाणिज्य दूत खोबरागडे की शर्मनाक तरीके से कपड़े उतरवाकर तलाशी ली गयी और डीएनए जांच के लिए उनकी लार का नमूना लिया गया। जेल में उन्हें नशेबाज और खतरनाक अपराधियों वाले प्रकोष्ठ में रखा गया। बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
   
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन से केरी की बातचीत के बारे में सूचित किये जाने के बाद विदेश विभाग की उप प्रवक्ता मैरी हर्फ ने संवाददाताओं को बताया निश्चित तौर पर उन्हें (केरी को) जानकारी थी। इस मामले पर वह नजर रखे हुए हैं।
   
उन्होंने कहा कि जो कुछ भी हुआ, निश्चित रूप से उन्होंने (केरी ने) उस संबंध में अफसोस जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि मेरे विचार से, यह इस तथ्य पर आधारित है कि हमें नहीं लगता कि भारत में कहीं भी अथवा दिल्ली में सरकार की तरफ से हमें अपने काम से रोकने के कदम उठाने चाहिए और हमारे काम पर रोक लगाई जानी चाहिए। कुछ चीजों पर बातचीत हुयी है।
   
दोनों के बीच हुई बातचीत के बारे में हर्फ ने कहा किसचमुच में यह पूरी स्थिति, ईमानदारी पर और इस पर केंद्रित रही कि कैसे हम आगे बढें। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सरकार में जिम्मेदारी वाले पदों के सभी अधिकारियों की तरह केरी अमेरिकी कानून लागू करने और पीड़ितों को बचाने की महत्ता को बहुत गहराई से समझते है और उम्मीद करते हैं कि अमेरिका में हर कोई कानून का पालन करेगा।
   
केरी के अलावा राजनीतिक मामलों के उप विदेश मंत्री विंडी शेरमन ने भारतीय राजनयिक की गिरफ्तारी के बाद के घटनाक्रम पर भारतीय विदेश सचिव सुजाता सिंह से बात की। इस संबंध में कुछ नहीं बताया गया कि केरी ने अपने भारतीय समकक्ष विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद से क्यों नहीं बातचीत की।
   
हर्फ ने इस संवाद को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि जो कुछ भी हुआ उन्होंने उस पर अफसोस जाहिर किया। उसी उम्र के दो बेटियों के पिता होने के नाते वह संवेदनशीलता को समझते हैं। निजी तौर पर क्या बातचीत हुई, यह नहीं बता रही हूं। लेकिन कहने की जरूरत नहीं है कि यह एक सकारात्मक संवाद था और हम संबंधों को आगे ले जाने पर ध्यान केंद्रित किए हुए हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें