फोटो गैलरी

Hindi Newsपहली बार इलाहाबाद में सोनिया, राहुल, प्रियंका एकसाथ

पहली बार इलाहाबाद में सोनिया, राहुल, प्रियंका एकसाथ

नेहरू-गांधी परिवार की पुश्तैनी धरती पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पहली बार राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ दिखीं। पहले भी नेहरू गांधी परिवार के सदस्य स्वराज भवन आए पर अलग-अलग। यदाकदा...

पहली बार इलाहाबाद में सोनिया, राहुल, प्रियंका एकसाथ
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 22 Nov 2016 11:30 AM
ऐप पर पढ़ें

नेहरू-गांधी परिवार की पुश्तैनी धरती पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पहली बार राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ दिखीं। पहले भी नेहरू गांधी परिवार के सदस्य स्वराज भवन आए पर अलग-अलग।

यदाकदा इलाहाबाद आने वालीं सोनिया गांधी इस साल सबसे अधिक तीन बार आईं। इससे पहले फरवरी और अप्रैल में सोनिया अचानक इलाहाबाद आई थीं। राहुल गांधी इससे पहले इसी साल सितंबर में किसान यात्रा के दौरान शहर आए थे। इलाहाबाद आगमन पर राहुल अक्सर स्वराज भवन जाते रहे हैं। प्रियंका गांधी 14 साल बाद स्वराज भवन आईं।

कांग्रेस प्रवक्ता किशोर वाष्र्णेय ने बताया कि प्रियंका गांधी इससे पहले वर्ष 2002 में सोनिया गांधी के साथ स्वराज भवन आईं थीं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जन्म शताब्दी समारोह में सोनिया के भाग लेने की घोषणा पहले हो गई थी। सोनिया के साथ प्रियंका और आखिर में राहुल के साथ आने की घोषणा हुई।

समारोह में प्रियंका और राहुल के आगमन पर सस्पेंस बना हुआ था। दोपहर लगभग सवा दो बजे सोनिया गांधी प्रियंका के साथ आईं। इसके बाद राहुल के आगमन की प्रतिक्षा हो रही थी। शाम लगभग सवा चार बजे राहुल गांधी विशेष विमान से आए। शाम पौने पांच बजे सोनिया गांधी राहुल व प्रियंका के साथ स्वराज भवन के लॉन में आईं।

गांधी परिवार आया तो जुट गए पार्टी के दिग्गज

इलाहाबाद। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी परिवार के साथ पहली बार स्वराज भवन पहुंची तो प्रदेश में पार्टी के सभी दिग्गज नेताओं का भी आगमन हो गया। स्वराज भवन में सोमवार दोपहर से शाम तक दिग्गज कांग्रेसियों का मेला लगा था।

राजीव शुक्ल रविवार दोपहर ही इलाहाबाद आ गए थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित सुबह पहुंचीं। दोपहर से प्रदेश कांग्रेस के नेताओं का आगमन शुरू हो गया। विधानसभा में कांग्रेस नेता प्रदीप माथुर, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ निर्मल खत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल, जितिन प्रसाद, अनु टंडन, सलीम शेरवानी आदि समारोह में पहुंचे।

स्थानीय कांग्रेसियों को नहीं मिली इंट्री

इलाहाबाद। स्वराज भवन में गांधी परिवार को एकसाथ देखने से कई स्थानीय नेता वंचित रह गए। कांग्रेसी दोपहर से शाम तक स्वराज भवन के बाहर खड़े रहे। अंदर जाने के लिए पार्टी के सीनियर नेताओं से जुगाड़ लगाते रहे लेकिन कोई सफल नहीं हुआ। प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री श्यामसूरत उपाध्याय, पूर्व जिला काग्रेस अध्यक्ष श्यामकृष्ण पांडेय के अलावा बाबा तिवारी, मुकुंद तिवारी ऐतिहासिक समारोह का हिस्सा बनने से वंचित रह गए। कांग्रेस के कई फ्रंटल संगठन के पदाधिकारियों को भी समारोह में नहीं बुलाया गया था। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना था कि समारोह में शामिल होने वाले मेहमानों की लिस्ट दिल्ली में बनाई गई थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें