फोटो गैलरी

Hindi Newsएडेड कॉलेजों में शिक्षक भर्ती के लिए साफ्टवेयर से तय होगा इंटरव्यू बोर्ड

एडेड कॉलेजों में शिक्षक भर्ती के लिए साफ्टवेयर से तय होगा इंटरव्यू बोर्ड

एडेड कॉलेजों में शिक्षक भर्ती के लिए होने वाले साक्षात्कार में अब साफ्टवेयर की मदद से इंटरव्यू बोर्ड तय होंगे। लंबे समय तक विवादों में रहे उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड एलनगंज ने अपनी...

एडेड कॉलेजों में शिक्षक भर्ती के लिए साफ्टवेयर से तय होगा इंटरव्यू बोर्ड
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 19 Sep 2016 07:56 PM
ऐप पर पढ़ें

एडेड कॉलेजों में शिक्षक भर्ती के लिए होने वाले साक्षात्कार में अब साफ्टवेयर की मदद से इंटरव्यू बोर्ड तय होंगे। लंबे समय तक विवादों में रहे उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड एलनगंज ने अपनी छवि सुधारने के लिए बोर्ड का निर्धारण साफ्टवेयर के जरिए करने का फैसला लिया है।

साफ्टवेयर की टेस्टिंग हो चुकी है और 27 सितंबर से प्रस्तावित टीजीटी उर्दू व गृह विज्ञान 2013 के साक्षात्कार से नई व्यवस्था लागू होने की संभावना है। फिलहाल लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के नाम की पर्ची निकाली जाती है और उसी के आधार पर इंटरव्यू बोर्ड तय होते हैं।

लेकिन इस व्यवस्था को और पारदर्शी बनाने के लिए साफ्टवेयर तैयार करवाया गया है। पहले मनमाने तरीके से इंटरव्यू बोर्ड तय होते थे। अभ्यर्थियों को अधिक नंबर दिलवाने के नाम पर लाखों रुपए वसूली के आरोप लगते थे।

इसे समाप्त करने के लिए 2013 की भर्ती के लिए हो रहे साक्षात्कार में पर्ची के माध्यम से इंटरव्यू बोर्ड तय करने की व्यवस्था शुरू की गई थी। अधिकतम और न्यूनतम नंबर की सीमा भी निर्धारित कर दी गई ताकि मेधावी अभ्यर्थियों के साथ अन्याय न होने पाए।

इनका कहना है

इंटरव्यू बोर्ड एलॉट करने के लिए साफ्टवेयर तैयार कराया गया है। इसका परीक्षण भी हो चुका है। 27 से शुरू हो रहे साक्षात्कार से इस व्यवस्था को लागू करने की कोशिश कर रहे हैं।

रूबी सिंह, सचिव माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें